Blog

  • उन्नाव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत:दुकान बंद कर घर लौट रहा था, 2 युवक जिला अस्पताल रेफर

    उन्नाव के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। सकहन राजपूतान-अतहा मार्ग पर हुए इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सआदतनगर गांव निवासी सत्यम तिवारी (27) के रूप में हुई है। सत्यम गहोली गांव में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। वह शुक्रवार देर रात दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। बताया गया कि फाजिलपुर गांव से कुछ दूरी पहले सत्यम की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर मरौंदा गांव निवासी 17 वर्षीय विजेंद्र पुत्र रामशंकर और 17 वर्षीय सुमित पुत्र रामऔतार सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सफीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सत्यम तिवारी को मृत घोषित कर दिया। विजेंद्र और सुमित की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग सीएचसी सफीपुर पहुंच गए।
    सत्यम की मौत की जानकारी मिलते ही उसकी मां नीलम बदहवास हो गईं। छोटे भाई शशांक तिवारी और विवाहित बहनों प्रतीक्षा, मानसी व राधा का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। रिश्तेदार और परिचित परिवार को ढांढस बंधाते रहे।

    पुलिस ने शुरू की कार्रवाई सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो घायल हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

  • इमरान के बेटों के इंटरव्यू पर पाकिस्तान के हेड-कोच बोले:टीम को इसकी जानकारी नहीं थी, हम उस समय लंच कर रहे थे

    इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू विवाद पर पाकिस्तान के हेड कोच सरफराज अहमद ने कहा है कि टीम को इसकी जानकारी नहीं थी। वे लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या लंच के बाद पाकिस्तान की टीम मैदान पर नहीं लौटने वाली थी। इसपर उन्होंने कहा कि- मुझे कुछ नहीं पता। मैं सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहा हूं। मुझे इंटरव्यू के बारे में नहीं पता। हम उस समय लंच कर रहे थे।’ पाकिस्तान ने स्काई स्पोर्ट्स को धमकी दी थी विवाद गुरुवार का है। जब लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन PCB ने मैच के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स से पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू न चलाने को कहा था। बोर्ड की इस धमकी के बावजूद ने चैनल ने 18 मिनट तक इंटरव्यू ऑन-एयर किया था। PCB ने धमकी दी थी कि बात न मानने पर लंच के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ी मैदान पर शायद न उतरे। साथ ही पाकिस्तान, इंग्लैंड दौरे पर बचे मुकाबले रद्द कर सकता है। हालांकि लंच के बाद भी खिलाड़ी मैदान पर उतरे और खेल जारी रहा। माइकल एथरटन ने इंटरव्यू लिया था यह इंटरव्यू इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और मौजूदा स्काई स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर माइकल एथरटन ने लिया था। इसमें सुलेमान और कासिम खान ने जेल में बंद अपने पिता इमरान खान के साथ हो रहे बर्ताव और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। दोनों ने इमरान की स्थिति को लेकर ब्रिटेन सरकार की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए। इमरान पिछले तीन साल से जेल में हैं। बेटों ने पिता की जान को खतरा बताया सुलेमान और कासिम खान ने जेल में अपने पिता की स्थिति को लेकर चिंता जताई। दोनों भाइयों ने कहा कि जेल में उनके पिता की जान को खतरा है। कासिम ने इंटरव्यू में कहा, यह साफ नहीं है कि वे (सरकार) क्या कर रहे हैं। वे खुले तौर पर उन्हें मारने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें ज्यादा से ज्यादा समय तक अंदर रखना और चुप कराना चाहते हैं। पाकिस्तानी चैनल PTV ने इंटरव्यू के बीच विज्ञापन चलाया यह इंटरव्यू पाकिस्तान में मैच के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर PTV पर भी प्रसारित किया गया। हालांकि, चैनल ने इसे कुछ ही देर दिखाने के बाद बीच में रोक दिया और स्पोर्ट्स कमर्शियल (विज्ञापन) चला दिया। प्रसारण अचानक कट होने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूर्व क्रिकटरों ने इमरान के हेल्थ को लेकर दो लेटर भेजे दुनियाभर के क्रिकेट कप्तानों ने इमरान के जेल में होने को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को दो पत्र भेजे हैं। पहला पत्र फरवरी में भेजा गया था, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला। दूसरी चिट्ठी 23 अगस्त को भेजी गई। इससे पहले 21 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इमरान को अस्पताल में एडमिट किया गया था, बाद में फिर अदियाला जेल भेज दिया गया। अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान 73 साल के इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उन्हें सबसे पहले तोशाखाना मामले में 3 साल की सजा सुनाए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन पर सिफर, अल-कादिर ट्रस्ट और इद्दत निकाह समेत कई अन्य मुकदमे भी दर्ज कर दिए गए। समय के साथ सिफर और इद्दत निकाह मामलों में अदालत ने उन्हें राहत दे दी, जबकि तोशाखाना की एक सजा पर भी रोक लगा दी गई। इसके बावजूद अन्य लंबित कानूनी मामलों और नए केसों के चलते उनकी रिहाई नहीं हो सकी है और वे लगातार जेल में ही हैं। इमरान खान और उनकी पार्टी PTI का दावा है कि 2022 में सत्ता गंवाने के बाद उन्हें चुनाव और राजनीति से बेदखल करने के लिए ये तमाम फर्जी केस दर्ज कराए गए। हालांकि, पाकिस्तान सरकार और जांच एजेंसियां इन आरोपों का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया बताती है।
  • लखनऊ टुडे, 29 अगस्त – आपके काम की खबर:भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय का 11 वां दीक्षांत समारोह, सीनियर सिटीजन होम का उद्घाटन

    नमस्कार लखनऊ, मुस्कुराइए, आज 29 अगस्त, दिन शनिवार है… हम आपके लिए आज के इवेंट और आपसे जुड़ी काम की बातें लेकर आए हैं। इसमें बता रहे हैं कि शहर में कहां और क्या-क्या हो रहा है। बिजली किन इलाकों में कटेगी, पानी किन इलाकों में नहीं आएगा। संगीत-संस्कृति, आर्ट, ड्रामा के इवेंट्स कहां हो रहे हैं। शहर का मौसम, सिटी का ट्रैफिक, सिनेमा, स्कूल-कॉलेज से जुड़ी जानकारियां भी हैं। पढ़िए क्या कुछ हैं, आपके काम की बातें… शहर में आपसे जुड़ी सुविधाएं और इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर- दैनिक भास्कर लखनऊ रिपोर्टिंग टीम से संपर्क करें- यदि आपके पास लखनऊ में किसी इवेंट, कार्यक्रम, आयोजन या किसी समस्या से जुड़ी कोई जानकारी है, जो आप दैनिक भास्कर ऐप पर प्रकाशित करवाना चाहते हैं, तो आप हमारे फोन नंबर- 9454292638 पर वॉट्सऐप मैसेज कर सकते हैं। लखनऊ टुडे को और बेहतर बनाने के लिए आप हमें अपना कीमती फीडबैक भी दे सकते हैं। इसके अलावा कहीं कोई घटना/दुर्घटना होती है, तो उसकी जानकारी भी आप हमें ऊपर दिए वॉट्सऐप नंबर पर मैसेज के जरिये दे सकते हैं।
  • लखनऊ में मौसम साफ, दिन में बारिश के आसार:मानसून सीजन में अब तक 489 मिमी बरसा पानी, सामान्य से 3% कम बरसात

    लखनऊ में सुबह से मौसम साफ बना हुआ है। दिन में उमस के साथ बादल छाए रहेंगे। बारिश के आसार भी बने हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास बना रहेगा। शुक्रवार तक लखनऊ में 9.4 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि सामान्य बारिश का औसत 6.8 मिलीमीटर है। यह सामान्य से 38 फीसदी अधिक है। मानसून में अभी तक 489 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई है। जबकि सामान्य बारिश का औसत 503.4 मिलीमीटर है। यह सामान्य से 3 फीसदी कम है। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रहा है। न्यूनतम तापमान 266 डिग्री रहा है। अधिकतम आर्द्रता 95 फीसदी व न्यूनतम आर्द्रता 78 फीसदी दर्ज किया गया है। दिन में 27.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम की 3 तस्वीरें देखिए…
    अब बरसात में आएगी कमी मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अब मानसून के बारिश में कमी आएगी। लखनऊ में 31 अगस्त तक बारिश कम होगी। इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बरसात शुरू होगी। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी से बहुत भारी बारिश का दौर अब थमने वाला है। अगस्त के आखिरी दिनों में प्रदेशभर में मानसूनी बारिश में बड़ी कमी आएगी। दरअसल, दक्षिणी यूपी और आसपास के इलाकों में बने दबाव के क्षेत्र की वजह से अब तक जमकर बादल बरसे। लेकिन अब यह सिस्टम आगे बढ़ रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगेगा।
  • मैनपुरी में दंगल से लौट रहे युवक पर फायरिंग:कमर छूकर निकली गोली, रक्षाबंधन की रात पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला

    मैनपुरी में दंगल से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया गया। लेकिन गोली कमर छूकर निकल गई। रक्षाबंधन की रात युवक को पुरानी रंजिश के चलते घेरकर तमंचे से गोली मारी गई। हमले में वह बाल-बाल बच गया। मिढ़ावली गांव में हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन के अवसर पर दंगल का आयोजन किया गया था। गांव के ही शशिकांत चौहान के खेत में दंगल चल रहा था। इसे देखने के लिए गांव और आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी भीड़ में गांव निवासी राज चौहान पुत्र शैलेंद्र सिंह भी दंगल देखने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दंगल चलने के दौरान राज किसी काम से वहां से हटकर जा रहा था। वह दंगल स्थल से करीब 200 मीटर दूर सड़क के पास पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान हर्षित उर्फ अनेश चौहान, राहुल पुत्र नरेश और उनके कुछ साथी वहां पहुंच गए। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने राज को रास्ते में घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, एक आरोपी ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गोली राज की कमर को छूते हुए निकल गई। गोली लगने से वह घायल हो गया, लेकिन उसकी जान बच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। कुछ ही देर पहले जहां दंगल देखने के लिए लोग जुटे थे, वहीं गोली चलने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग सुरक्षित जगह की तरफ भागने लगे।
    गोली की आवाज से दंगल में मची भगदड़ घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीओ कुरावली सच्चिदानंद सिंह और इंस्पेक्टर ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने फायरिंग वाली जगह के आसपास भी जानकारी जुटाई, ताकि घटना के क्रम और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट की जा सके। पुलिस ने घायल राज चौहान का मेडिकल भी कराया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुरानी रंजिश की वजह तलाश रही पुलिस घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राज चौहान और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश किस बात को लेकर थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग में कितने लोग शामिल थे और गोली चलाने वाला आरोपी कौन था। दंगल जैसे सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की घटना ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में मौजूद थे और ऐसे में गोली चलने से बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और घायल युवक के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हमले की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका साफ हो सकेगी।
  • हिमाचल के कई शहरों में आज बारिश का अलर्ट:31 अगस्त से मानसून फिर होगा एक्टिव; अगले 4 दिन जमकर बरसेंगे बादल

    हिमाचल के कई जिलों में शनिवार को बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार आज प्रदेश के कुछ जिलों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मंडी जिले में भी आज हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। अगले 4 दिन भारी बारिश की चेतवानी दी गई है। आज निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। 30 अगस्त से प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। 30 अगस्त से 3 सितंबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 31 अगस्त, 1, 2 और 3 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा बढ़ती बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा बना रह सकता है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश की स्थिति में नदी-नालों में जलस्तर और बहाव बढ़ने की भी संभावना है। न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना तापमान की बात करें तो, अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में भी कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। कुल मिलाकर, आज मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने के बाद आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।
  • हरदोई में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत:ओवरटेक करते समय बस और कार से टकराई बाइक, दो युवक लखनऊ रेफर

    हरदोई में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ओवरटेक करने के कोशिश में हुआ, जब एक तेज रफ्तार बाइक पहले रोडवेज बस से टकराई और फिर सामने से आ रही कार से भिड़ गई। इस दौरान एक स्कूटी सवार भी चपेट में आ गया। हादसा रात करीब 7:30 बजे के आसपास हुआ। मृतक की पहचान सांडी थाना क्षेत्र के हसौलिया गांव निवासी गुड्डू (35) के रूप में हुई है। वह अपने पड़ोसी गांव सहोरा निवासी पुनीत (25) के साथ शुक्रवार दोपहर हरदोई शहर से सामान खरीदकर लौट रहे थे। रात करीब 7:30 बजे बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बिलग्राम के कुतुआपुर निवासी सुरजीत भी शहर के रेलवेगंज से अपनी राखी की दुकान बंद कर स्कूटी से घर वापस जा रहे थे। दुर्घटना सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा और मझिला पुल के पास फतियापुर में हुई। गुड्डू की बाइक रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई और उसका हैंडल बस से छू गया। इसके बाद बाइक सामने से आ रही एक कार से जा टकराई। इस टक्कर की चपेट में पीछे से आ रहे स्कूटी सवार सुरजीत भी आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। पुनीत और सुरजीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। पुनीत के परिजन उन्हें लखनऊ ले गए, जबकि सुरजीत के परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। सुरसा थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
  • Aaj Ka Mausam: दिल्ली में थमी बारिश… यूपी में पड़ेंगी बौछारें, बिहार से ओडिशा तक अलर्ट, जानें हिमाचल-उत्तराखंड समेत अपने राज्य का हाल

    Aaj Ka Mausam: अगस्त का महीना खत्म होने को है, लेकिन अभी मॉनसून की सक्रियता पहले जैसी बनी हुई है. अभी मॉनसून विदाई के मूड में नहीं है. देश के कई हिस्सों में इन दिनों भारी बारिश का सिलसिला जारी है. आज भी कई राज्यों में बारिश आफत बनकर बरस सकती है. उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा के आसपास एक नया लो प्रेशर एरिया बन सकता है. इससे आने वाले दिनों में पूर्वी भारत में बारिश बढ़ सकती है.

    देश की राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिन बारिश की संभावना मौसम विभाग की ओर से नहीं जताई गई है. आज राजधानी में अधिकतम 36 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. आज राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. कल यानी 30 अगस्त को भी दिल्ली में कुछ ऐसा ही मौसम रह सकता है. आईएमडी के अनुसार, 03 सितंबर तक राज्य में बरसात होने की संभावना नहीं है. आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं.

    यूपी में पड़ेंगी बौछारें, बिहार-झारखंड में अलर्ट

    उत्तर-पूर्वी यूपी और उसके आसपास लो प्रेशर एरिया बना है. इस वजह से राज्य में मॉनसून सक्रिय है. आज भी प्रदेश में मॉनसूनी गतिविधियां देखी जा सकती हैं. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. राज्य में भारी बारिश या अन्य मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है. बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है. झारखंड में भी आज से 31 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट है.

    इन राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

    राजस्थान और मध्य प्रदेश के भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. छत्तीसगढ़ में 03 सितंबर तक बारिश का सिलसिला बना रहने वाला है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पंजाब के कई जिलों में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कोंकण और गोवा में 03 सितंबर तक व्यापक वर्षा हो सकती है. गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है.

    पूर्वी से लेकर दक्षिण भारत तक बरसेंगे मेघ

    गंगीय पश्चिम बंगाल में 01 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है. सिक्किम में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. ओडिशा में आज कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में भी बरसात हो सकती है. दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

    पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?

    उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और चंबा में जोरदार बारिश-आंधी की चेतावनी मौसम विभाग की ओर से जारी की गई है. जम्मू कश्मीर के भी कई जिलों में आज तेज बारिश-आंधी का अलर्ट है.

  • आज अखबार नहीं, लखनऊ की कल की 10 बड़ी खबरें:सिपाही ने बदमाश से लड़कर छुड़ाई चेन, रक्षामंत्री 3 दिन शहर में रहेंगे; हलवाई का शव लटका

    लखनऊवालो, आज आपके घर अखबार नहीं आएगा, लेकिन आपके पास पहुंचने वाली खबरों की रफ्तार नहीं थमेगी। दैनिक भास्कर एप पर आपके लखनऊ की हर जरूरी खबर मिलेगी। यहां पढ़िए लखनऊ की कल की 10 बड़ी खबरें… दिनभर रक्षाबंधन की धूम रही। चौराहों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने राहगीर महिलाओं से राखी बंधवाई। भाई को राखी बांधने जा रही महिला के गले से बदमाश सोने की चेन छीनकर भाग गया। उसे ट्रैफिक सिपाही ने दौड़ाकर लड़कर छुड़ा लिया। इस दौरान बदमाश ने पत्थर से उसकी नाक तोड़ दी। उधर, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 3 दिवसीय लखनऊ दौरे पर शाम को एयरपोर्टर पर उतरे। वह आज फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन करेंगे… अब सभी खबरें विस्तार से पढ़ते हैं… 1. बदमाश पत्थर मारता रहा, सिपाही ने फिर भी नहीं छोड़ा : चेन लूटकर भागा था, महिला राखी बांधकर बोली- भैया आपने बचा लिया लखनऊ में रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जा रही महिला से बदमाश ने चेन लूट ली। वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही ने चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को पकड़ लिया। आरोपी ने सिपाही की नाक पर ईंट से दो बार वार किया। नाक से खून निकलने के बाद भी सिपाही ने उसे नहीं छोड़ा। घायल सिपाही ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना शुक्रवार दोपहर 12:13 बजे मड़ियांव इलाके की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला ने घायल सिपाही को राखी बांधी। उनसे कहा- आपने बड़े भाई का फर्ज निभाते हुए इस बहन को बचा लिया। (पूरी खबर पढ़िए) 2. समुद्र के अंदर मनाया रक्षाबंधन : सीएम योगी ने बच्चियों से बंधवाई राखी, सपा नेता ने गिफ्ट में ली 5 किलो चीनी लखनऊ में आज रक्षाबंधन का त्योहार अलग-अलग अंदाज में मनाया जा रहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर ब्रह्माकुमारी राधा ने उन्हें राखी बांधी। वहीं सीएम योगी ने अपने आवास पर बच्चियों के साथ रक्षाबंधन मनाया। जिला जेल में बहनें बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांध रही हैं। प्रशासन की तरफ से उनके लिए खास व्यवस्था की गई है। इस बीच लखनऊ की प्रिया मिश्रा ने समुद्र के अंदर स्कूबा डाइविंग के दौरान भाई को राखी बांधकर अनोखे अंदाज में पर्व मनाया। वहीं, बढ़ती चीनी की कीमतों के विरोध में सपा नेता पूजा शुक्ला ने भाई को राखी बांधकर गिफ्ट में 5 किलो चीनी ली। (पूरी खबर पढ़िए) 3. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ पहुंचे, 3 दिन रहेंगे : फ्रैगरेंस पार्क का करेंगे लोकार्पण, PM-SETU कार्यशाला में होंगे शामिल रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार शाम 5:30 बजे लखनऊ आ गए। एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। अब राजनाथ सिंह 30 अगस्त शहर में ही रहेंगे। कई कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। साथ ही कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राजनाथ सिंह ने लखनऊ पहुंचने के बाद सदर बाजार, न्यू गणेशगंज और महानगर क्षेत्र में शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। शाम करीब 6:20 बजे कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पहुंच गए। (पूरी खबर पढ़िए) 4. स्वाइन फ्लू के 2 नए मरीज मिले : रक्षाबंधन पर अस्पतालों की OPD में पसरा रहा सन्नाटा, KGMU की बंद रही लखनऊ के अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में शुक्रवार को रक्षाबंधन के कारण मरीजों की संख्या बेहद कम रही। SGPGI और लोहिया संस्थान की OPD में गिनती के मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जबकि KGMU की OPD रक्षाबंधन के अवकाश के चलते बंद रही। वहीं, सरकारी अस्पतालों में हॉफ डे यानी दोपहर 12 बजे तक ही OPD का संचालन हुआ। यहां भी बेहद सीमित मरीज ही इलाज के लिए पहुंचे। बलरामपुर अस्पताल में एक दिन पहले स्वाइन फ्लू संक्रमित की मौत के बाद उसके इलाज में रहे मेडिकल स्टॉफ को आइसोलेशन में रखने की सलाह दी गई है। शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 2 नए मरीज भर्ती किए गए। (पूरी खबर पढ़िए) 5. लखनऊ से गोवा-श्रीनगर की सीधी फ्लाइट फिर शुरू होगी : एयरलाइंस ने शुरू किया सर्वे, दिसंबर से पहले उड़ान की उम्मीद लखनऊ से गोवा और श्रीनगर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दोनों शहरों की बंद पड़ी सीधी उड़ानें दोबारा शुरू हो सकती हैं। एयरलाइंस ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। यात्रियों की मांग और संभावित बुकिंग समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है। रिपोर्ट अनुकूल रही तो दिसंबर से पहले दोनों रूट पर सीधी फ्लाइट शुरू हो सकती है। (पूरी खबर पढ़िए) 6. 200 बोरी सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चुराने वाले पकड़े गए : गोदाम से चुरा ले गए थे, GPS लोकेशन से 24 घंटे में गिरफ्तार लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके से 200 बोरी सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चुराने वाले तीन आरोपी घटना के 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को पकड़ लिए गए। आलमनगर में सीमेंट गोदाम के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ये तीनों चुरा ले गए थे। पुलिस ने GPS लोकेशन और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों को मलिहाबाद के ईसापुर नजरनगर से पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली, पूरा सीमेंट और वारदात में इस्तेमाल चोरी की बाइक मिली है। हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के महरी गांव निवासी विक्रम प्रताप सिंह ने 27 अगस्त को ठाकुरगंज थाने में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि रात में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली सुबह नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की। (पूरी खबर पढ़िए) 7. रक्षाबंधन पर दो दिवसीय ऐतिहासिक दंगल शुरू : 200 पहलवान दांव आजमाने लखनऊ आए, विजेता को मिलेंगे नकद ₹51 हजार लखनऊ में रक्षाबंधन पर 139 साल पुराना ऐतिहासिक दो दिवसीय दंगल शुक्रवार से शुरू हो गया। हर बार की तरह इस बार भी इसमें देशभर से 200 से ज्यादा पहलवान दांव आजमाने पहुंचे हैं। कैंट स्थित हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज के ग्राउंड में अखाड़ा बना हुआ है। रक्षाबंधन के दिन शाम 6:00 बजे शुरू हुई कुश्ती रात 8:00 बजे तक चली। पहले दिन यूपी के अलग-अलग हिस्सों से पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी दी। अंतिम विजेता को को 51 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। अखिल भारतीय मस्ता पहलवान गुरुजी श्रीरामचंद्र स्मारक इसका आयोजन करा रहा है। यहां के दंगल में लड़ने वाले पहलवान नेशनल लेवल के गेम्स तक अपनी बाजुओं का दम दिखाने पहुंचे। (पूरी खबर पढ़िए) 8. रक्षाबंधन पर हलवाई का शव पेड़ से लटका मिला : रात में काम करते हुए पेट में दर्द उठा, दवा लेने गया, लौटा नहीं; पत्नी बोली- हत्या हुई लखनऊ के माल इलाके में रक्षाबंधन पर हलवाई का शव पेड़ से लटका मिला। वह रात में दुकान में मिठाई बनाते हुए पेट में दर्द उठने की बात कहकर निकला। दवा लेने गया लेकिन लौटकर दुकान नहीं गया। रक्षाबंधन वाले दिन सुबह ही उसका शव पेड़ से लटका दिखा। पत्नी ने आशंका जताई है कि हलवाई की हत्या की गई। चकई गांव रमेश कुमार उर्फ डलई (46) बीकेटी में राजाराम की मिठाई की दुकान में काम करते थे। उनकी पत्नी हेमलता ने बताया कि रमेश गुरुवार रात घर नहीं लौटे थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने हम लोगों को बाग में शव लटका होने की सूचना दी। हो न हो, उनकी (रमेश की) हत्या की गई है। (पूरी खबर पढ़िए) 9. जिला जेल में 3491 बहनों ने राखी बांधी : 1689 बंदियों की कलाई सजी, सुरक्षा और जलपान के लिए पुख्ता इंतजाम रिश्तों की डोर जेल की ऊंची दीवारों से भी मजबूत होती है। रक्षाबंधन पर जिला कारागार लखनऊ में सुबह से ही बहनें पहुंचने लगीं। सुबह 7 बजे से विशेष मुलाकात शुरू हुई। 3491 महिलाओं ने 1689 बंदियों को राखी बांधी। इस दौरान 1021 बच्चे भी मुलाकात के लिए कारागार पहुंचे। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और जल्द रिहाई की कामना की। मुलाकात के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। कारागार प्रशासन की ओर से मुलाकातियों के लिए सुरक्षा और जलपान की व्यवस्थाएं की गई थीं। (पूरी खबर पढ़िए) 10. जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद महिला की मौत : अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया, पुलिस के समझाने पर माने मोहनलालगंज के संजीवनी अस्पताल में शुक्रवार को एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। हालांकि, पुलिस के समझाने पर मान भी गए। महिला ने नगराम के समेसी में एक प्राइवेट अस्पताल में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। उसके बाद हालत बिगड़ी तो उसे मोहनलालगंज रेफर किया गया था। नगराम के समेसी मजरा कंचनखेड़ा निवासी अरविंद की पत्नी दीपा (24) की प्रसव के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। दीपा को 25 अगस्त को प्रसव के लिए समेसी स्थित केयर नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। 26 अगस्त को ऑपरेशन के बाद उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे दीपा की हालत गंभीर होने पर उसे मोहनलालगंज स्थित संजीवनी अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़िए)
  • गौहत्या की पुष्टि नहीं हुई, पुलिस ने CCTV खंगाले:शाहजहांपुर में में दिखे बाइक सवार की तलाश जारी, कुत्ते नोच रहे थे

    शाहजहांपुर में गौवंश अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने गौहत्या की पुष्टि से इनकार किया है। पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें सामने आया कि एक बाइक सवार व्यक्ति अवशेषों को कूड़े के ढेर पर फेंक गया था। फुटेज में यह भी दिखा कि एक सफाईकर्मी ने अवशेषों को कुत्तों द्वारा नोचते हुए देखने के बावजूद अनदेखा कर दिया। पुलिस ने सफाईकर्मी से पूछताछ की है और सीसीटीवी में दिख रहे बाइक सवार की पहचान के प्रयास जारी हैं। यह घटना शुक्रवार सुबह चौक कोतवाली क्षेत्र के मतानी मोहल्ले में सामने आई, जब एक कूड़े के ढेर और उसके आसपास गौवंश के अवशेष मिले। कुत्तों द्वारा अवशेषों को नोचते हुए देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने गौहत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और कोतवाली गेट के सामने नारेबाजी भी की। पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया और तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब एक दर्जन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पाया गया कि एक बाइक सवार व्यक्ति ने अवशेषों को कूड़े के ढेर पर फेंका था। पुलिस की जांच में गौहत्या का आरोप गलत पाया गया है। पुलिस का मानना है कि जिस स्थान पर अवशेष मिले हैं, वहां कई डेयरी मौजूद हैं। बाइक सवार की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का मानना है कि बीमार होने के बाद मरे गौवंश को वहां पर फेंका गया और फिर कुत्तों ने उसको नोच दिया। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है।गौहत्या की बात गलत है।