Author: suzaldhiman@gmail.com

  • एक हफ्ते से लापता थी युवती, ट्रेन में मिली बीमार:RPF ने अस्पताल पहुंचाया; फोटो से तलाश कर रहे परिजनों को बुलाया, पहचान के बाद सौंपा

    एक सप्ताह से घर से लापता 26 वर्षीय युवती बीमार हालत में मुरी एक्सप्रेस के कोच में मिली। वह बिना टिकट ट्रेन में सफर कर रही थी। सूचना पर आरपीएफ ने उसे ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल मलखान सिंह पहुंचाया। इलाज और देखरेख के बाद आरपीएफ ने युवती के परिजनों की तलाश कर उन्हें अस्पताल बुलाया। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवती को सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। ट्रेन में बीमार हालत में मिली थी युवती मामला 3 सितंबर का है। MCR टूंडला और डिप्टी एसएस अलीगढ़ जंक्शन से सूचना मिली कि टाटा नगर से जम्मू जा रही 18101 मुरी एक्सप्रेस के B-2 कोच की बर्थ नंबर 25 पर एक महिला बीमार हालत में है। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम ने ट्रेन को अटेंड किया। रेलवे डॉक्टर एएस देव ने युवती को प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मलखान सिंह रेफर कर दिया। नाम पिंकी बताया, असली पहचान मैसर जहां निकली युवती ने अपना नाम पिंकी, पिता अशरफ अली, उम्र 26 वर्ष, निवासी कमल गढ़ा, बनारस बताया था। उसके पास यात्रा टिकट भी नहीं था। आरपीएफ ने उसकी देखरेख के लिए महिला कांस्टेबल अंजलि को अस्पताल में तैनात किया। इसके बाद आरपीएफ ने युवती के परिजनों की तलाश शुरू की। 5 सितंबर को उसके पिता जमील अहमद निवासी सतपोखरी, थाना कोतवाली मुगलसराय, जिला चंदौली को सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया। परिवार एक सप्ताह से कर रहा था तलाश अस्पताल पहुंचे पिता ने युवती को अपनी बेटी बताया। उन्होंने बताया कि उसका असली नाम मैसर जहां है और घर में उसे पिंकी कहकर बुलाते हैं। परिजनों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह करीब एक सप्ताह पहले घर से बिना बताए निकल गई थी। परिवार उसकी तलाश में जुटा था। परिजनों ने उसकी फोटो भी अलग-अलग जगह लगाई थी। पहचान के बाद परिवार को सौंपा अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल सोनू ने परिजनों के पहचान पत्रों की जांच की। युवती और परिजनों की आपसी पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसे सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने आरपीएफ अलीगढ़ जंक्शन की इस पहल के लिए पुलिसकर्मियों का आभार जताया और उनके मानवीय प्रयास की सराहना की।
  • भारत के खिलाफ 9 पाकिस्तानी बैटर्स पवेलियन लौटे:प्रेमा रावल को तीसरा विकेट, नशरा संधू को कैच आउट कराया

    भारत ने विमेंस एशिया कप में पाकिस्तान के 9 बैटर्स को पवेलियन भेज दिया है। दुबई में चल रहे इस मैच में 16.3 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 54/9 है। 15वें ओवर में प्रेमा रावत को दूसरा विकेट मिला। उन्होंने उम्म-ए-हानी को नंदनी शर्मा के हाथों कैच कराया। उन्होंने सदफ शमास को बोल्ड किया। 14वें ओवर में ईमान फातिमा 5 रन बनाकर रनआउट हुईं। इससे पहले दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को जीरो पर आउट किया। श्री चरणी ने 3 विकेट झटके। शेफाली वर्मा को भी एक विकेट मिला। भारत-पाकिस्तान की कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया टॉस के समय भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बार फिर पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय कप्तान ने 14 जून को खेले गए विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में भी पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिला था। 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक नहीं करने की नीति देखी जा रही है। मेंस एशिया कप से शुरू हुई नो-हैंडशेक पॉलिसी भारतीय खिलाड़ियों की पाकिस्तानियों से नो-हैंडशेक पॉलिसी पिछले साल मेंस एशिया कप से शुरू हुई थी। जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। हरमनप्रीत बतौर कप्तान 150वां मैच खेल रहीं हरमनप्रीत कौर 150वें मैच में कप्तानी कर रही हैं। वे टी-20 इंटरनेशनल में यह मुकाम हासिल करने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं।
  • महमूदाबाद में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित:विभाग और महासंघ ने 36 शिक्षकों को सम्मानित कर मनोबल बढ़ाया

    सीतापुर के महमूदाबाद में शिक्षक दिवस के अवसर पर बीआरसी महमूदाबाद में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। समारोह में शिक्षकों के योगदान और नवाचारों की सराहना की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक आशा मौर्य रहीं, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार मिश्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अतिथियों ने उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके प्रयासों से विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है। समारोह में विभाग की ओर से 15 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से 21 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को विधायक आशा मौर्य द्वारा डायरी एवं पेन भेंट किए गए। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। इस अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ महमूदाबाद के अध्यक्ष संदीप वर्मा, महामंत्री पुनीत वर्मा, एआरपी नरेंद्र यादव, राहुल वाल्मीकि, राहुल राय, सत्येंद्र कुमार एवं श्रीकृष्ण तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षिका सपना शर्मा ने स्वागत गीत गाया जो सभी को पसंद आया। यह समारोह महमूदाबाद में शिक्षक दिवस की यादगार तस्वीर पेश कर गया।
  • सात्विक-चिराग तीसरी बार चाइना मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे:सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी को हराया; खिताबी मुकाबले में चीन की जोड़ी से भिड़ेंगे

    भारत की मेंस डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चाइना मास्टर्स के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया के नूर मोहम्मद अज्रिन और तान वी कियोंग की जोड़ी को 21-16, 18-21, 21-11 से हरा दिया। शेनझेन एरिना में खेला गया यह मुकाबला 1 घंटे और 6 मिनट तक चला। इसके साथ ही सात्विक-चिराग ने पिछले चार सालों (2023 से) में तीसरी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। फाइनल में उनका मुकाबला चीन के हे जी टिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी से होगा। खराब शुरुआत के बाद वापसी की सेमीफाइनल मैच के पहले गेम में सात्विक और चिराग की शुरुआत थोड़ी धीमी रही और वे 0-5 से पिछड़ गए थे। हालांकि, इसके बाद भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन वापसी करते हुए लगातार 7 अंक हासिल किए और 7-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने बढ़त को कायम रखते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में मलेशियाई जोड़ी ने पलटवार किया और 18-21 से गेम जीतकर मुकाबले को तीसरे गेम तक ले गई। भारतीय जोड़ी ने तीसरा गेम एकतरफा जीता तीसरे और आखिरी गेम में सात्विक-चिराग पूरी तरह हावी रहे। उन्होंने मलेशियाई खिलाड़ियों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। हालांकि विरोधी जोड़ी ने दो मैच प्वाइंट बचाए, लेकिन भारतीय जोड़ी ने 21-11 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया।
  • उचौलिया थाने में गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे:विधि-विधान से की गई पूजा-अर्चना; क्षेत्र की सुख-शांति की कामना

    श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व उचौलिया थाना परिसर में अपार श्रद्धा, भक्ति और भारी उल्लास के साथ मनाया गया। खाकी की मुस्तैदी के बीच थाने का माहौल पूरी तरह से कृष्ण की भक्ति में रंगा नजर आया और पूरा परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा। जन्माष्टमी के इस खास मौके पर थाना प्रभारी अवधराज सिंह सेंगर ने पूरे विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। उनके साथ थाने के अन्य सभी पुलिसकर्मियों ने भी मिलकर कान्हा की आराधना में हिस्सा लिया। पूजा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरे थाना परिसर का वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय हो गया। सुख, शांति और समृद्धि की विशेष कामना भगवान की आराधना और आरती के बाद, थाना प्रभारी अवधराज सिंह सेंगर और वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र में सुख, शांति, सुरक्षा और समृद्धि की विशेष कामना की। जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर थाने के भीतर खुशी, उल्लास और भक्ति का एक अद्भुत व सकारात्मक माहौल देखने को मिला। श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प कान्हा के जन्मोत्सव के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बताए सत्य, धर्म और कर्म के आदर्शों पर चलने का दृढ़ संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को इस पावन त्योहार की हार्दिक बधाइयां दीं। इस आयोजन में उचौलिया थाने का पूरा पुलिस बल (स्टाफ) प्रमुख रूप से मौजूद रहा।
  • भारत के खिलाफ 7 पाकिस्तानी बैटर्स पवेलियन लौटे:स्कोर 47 रन, ईमान फातिमा रनआउट; श्री चरणी को 3 विकेट

    भारत ने विमेंस एशिया कप में पाकिस्तान के 7 बैटर्स को पवेलियन भेज दिया है। दुबई में चल रहे इस मैच में 14 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 47/7 है। 14वें ओवर में ईमान फातिमा 5 रन बनाकर रनआउट हुईं। इससे पहले दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को जीरो पर आउट किया। प्रेमा रावत ने सदफ शमास को आउट किया। श्री चरणी ने 3 विकेट झटके। शेफाली वर्मा को भी एक विकेट मिला। भारत-पाकिस्तान की कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया टॉस के समय भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बार फिर पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय कप्तान ने 14 जून को खेले गए विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में भी पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिला था। 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक नहीं करने की नीति देखी जा रही है। मेंस एशिया कप से शुरू हुई नो-हैंडशेक पॉलिसी भारतीय खिलाड़ियों की पाकिस्तानियों से नो-हैंडशेक पॉलिसी पिछले साल मेंस एशिया कप से शुरू हुई थी। जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। हरमनप्रीत बतौर कप्तान 150वां मैच खेल रहीं हरमनप्रीत कौर 150वें मैच में कप्तानी कर रही हैं। वे टी-20 इंटरनेशनल में यह मुकाम हासिल करने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं।
  • एयू में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित:दिनेश पाण्डेय बोले- शिक्षकों का सम्मान ज्ञान-संस्कार और राष्ट्र निर्माण का

    शिक्षक दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद की ओर से विद्यालय परिसर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. प्रभात कुमार साहू ने शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सम्मान रखते हुए अनुशासन, संस्कार एवं निरंतर परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शिक्षा शास्त्र विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. धनंजय यादव ने शिक्षक दिवस की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सशक्त और संस्कारित राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के महामंत्री प्रो. जगदीश्वर द्विवेदी सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। परिषद की ओर से विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्रों को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन आचार्य गौरव उपाध्याय एवं यादवेंद्र पाण्डेय ने किया। समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का सम्मान है। समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं अन्य गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
  • गोरखपुर में करणी सेना ने फूंका अखिलेश का पुतला:दोपहर में पुलिस ने रोका तो शाम को पहुंचे 50 से अधिक कार्यकर्ता

    गोरखपुर के शास्त्री चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला फूंकने को लेकर शनिवार को दो तस्वीरें सामने आईं। दोपहर में जब करणी सेना के तमाम कार्यकर्ता चौराहे पर पहुँच कर पुतला जलाने का कोशीश करने लगे तो पुलिस ने इस पर रोक लगाते हुए पुतला नहीं चलने दिया। इसके बाद शाम को उसी जगह पर प्रदर्शनकारी दोबारा पहुंचे और अखिलेश यादव की तस्वीर लगा पुतला आसानी से फूंककर चले गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब पुलिस की व्यवस्था और कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राजनीति गलियारे में चर्चा ये भी है कि जब दोपहर में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पुतला फूंकने से रोक दिया था, तो शाम को ऐसा क्या बदला कि प्रदर्शनकारियों ने उसी स्थान पर पुतला फूंक दिया। दोपहर में पुलिस ने छीन लिया था पुतला करणी सेना के कार्यकर्ता दोपहर में शास्त्री चौक पर अखिलेश यादव का प्रतीकात्मक पुतला लेकर पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी पुतला फूंकने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के हाथ से पुतला छीन लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को पुतला दहन करने से रोक दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन का यह कार्यक्रम वहीं रोक दिया गया था। शाम को फिर पहुंच गए प्रदर्शनकारी दोपहर की कार्रवाई के कुछ घंटे बाद शाम को प्रदर्शनकारी एक बार फिर शास्त्री चौक पहुंचे। इस बार उनके हाथ में अखिलेश यादव की तस्वीर लगा हुआ पुतला था। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पुतला फूंका और इसके बाद वहां से चले गए। खास बात यह रही कि शाम के समय पुतला दहन को रोकने के लिए दोपहर जैसी पुलिस कार्रवाई नजर नहीं आई। पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल दोपहर और शाम की दोनों घटनाओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब पुलिस को पहले से पता था कि करणी सेना के कार्यकर्ता अखिलेश यादव का पुतला फूंकने की तैयारी कर रहे हैं, तो शाम को दोबारा प्रदर्शन होने की स्थिति में पहले जैसी व्यवस्था क्यों नहीं की गई। क्या शाम के समय पुलिस की मौजूदगी कम थी? क्या पुलिस को प्रदर्शनकारियों के दोबारा पहुंचने की जानकारी नहीं थी? या फिर पुलिस की रणनीति में कोई बदलाव किया गया था। आधिकारिक बयान का इंतजार फिलहाल शाम को हुई पुतला दहन की घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं आया है। पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि दोपहर में प्रदर्शन रोकने के बाद शाम को पुतला दहन कैसे हुआ और उस समय मौके पर पुलिस की क्या व्यवस्था थी।
  • गैंगस्टर एक्ट के आरोपी का मकान कुर्क किया:93.53 लाख रुपए कीमत आंकी गई, तीन मंजिला मकान पर हुई कार्रवाई

    मऊ के घोसी कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त मसूद अख्तर उर्फ मसूद अहमद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अपराध से अर्जित धन से उसकी पत्नी शबाना बेगम के नाम पर बने तीन मंजिला मकान को कुर्क कर लिया। कुर्क संपत्ति की अनुमानित कीमत 93 लाख 53 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई शनिवार शाम करीब 5 बजे की गई। डीएम के आदेश पर कुर्क किया मकान पुलिस के मुताबिक, घोसी थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 534/2025 में मसूद अख्तर के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2(ख)(i)/3(1) के तहत कार्रवाई चल रही है। जिला मजिस्ट्रेट मऊ ने 13 अगस्त 2026 को वाद संख्या 2251/2026 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में शनिवार को कार्रवाई की गई। 1404 वर्गफीट में बना है तीन मंजिला मकान सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संपत्ति के रिसीवर और संरक्षक तहसीलदार घोसी अनीश सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, मसूद अख्तर पुत्र स्वर्गीय हाजी अंसार निवासी करीमुद्दीनपुर ने अपराध से अर्जित धन से पत्नी शबाना बेगम के नाम यह मकान बनवाया था। वार्ड नंबर 08 करीमुद्दीनपुर दक्षिणी स्थित भवन संख्या 421 में बना यह मकान 1404 वर्गफीट में फैला है और तीन मंजिला है। 93.53 लाख रुपए आंकी गई कीमत पुलिस के मुताबिक, मकान की मौजूदा अनुमानित कीमत 93 लाख 53 हजार रुपए है। इसकी चौहद्दी में उत्तर में कमाल का मकान, दक्षिण में सुबहान का मकान, पूरब में इमरान का मकान और पश्चिम में रास्ता है। धारा 14(1) के तहत मकान को राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क करने की कार्रवाई नियमानुसार पूरी की गई। अपराध से अर्जित संपत्ति पर जारी रहेगी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। एएसपी अनूप कुमार के मार्गदर्शन और सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी की देखरेख में कार्रवाई हुई। मऊ पुलिस ने कहा कि ‘अपराध से अर्जित संपत्ति पर प्रहार’ की नीति के तहत ऐसी संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
  • झांसी भाजपा ने की चुनावी समीक्षा, जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर:युवा संवाद में बोले महानगर अध्यक्ष-युवा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में लगाएं ऊर्जा

    झांसी में आगामी चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने सिविल लाइन मंडल के विभिन्न शक्ति केंद्रों का दौरा कर बूथ समितियों की स्थिति जानी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने और आम लोगों से संपर्क बढ़ाने को कहा। सुधीर सिंह ने शक्ति केंद्र क्रमांक 49 सिविल लाइन पश्चिम, मिशन कंपाउंड और शक्ति केंद्र क्रमांक 21 सिमरधा-करारी, पाल कॉलोनी में बैठकें कीं। इस दौरान शक्ति केंद्र संयोजकों और बूथ समितियों का भौतिक सत्यापन किया गया। बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की भी समीक्षा हुई।
    कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुधीर सिंह ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में प्रवास करने और लोगों से सीधे संवाद बनाए रखने को कहा। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद भाजपा महानगर कार्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत युवा संवाद कार्यक्रम हुआ। यहां अध्यक्ष सुधीर सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्रसेवा में लगाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही मजबूत समाज और विकसित झांसी की नींव रख सकते हैं।
    कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी अभिषेक जैन, संतराम पेंटर, पार्षद कैलाश, दीपक पाल, सहप्रभारी अंकित साहू, प्रवासी मुकुल द्विवेदी, मंगल श्रीवास्तव, पार्षद सुशीला दुबे, गोकुल दुबे, प्रदीप गुप्ता, ऋषिकेश नायक, जेपी राजपूत, गोविंद शर्मा और डीके पाल समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।