सात्विक-चिराग तीसरी बार चाइना मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे:सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी को हराया; खिताबी मुकाबले में चीन की जोड़ी से भिड़ेंगे

भारत की मेंस डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चाइना मास्टर्स के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया के नूर मोहम्मद अज्रिन और तान वी कियोंग की जोड़ी को 21-16, 18-21, 21-11 से हरा दिया। शेनझेन एरिना में खेला गया यह मुकाबला 1 घंटे और 6 मिनट तक चला। इसके साथ ही सात्विक-चिराग ने पिछले चार सालों (2023 से) में तीसरी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। फाइनल में उनका मुकाबला चीन के हे जी टिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी से होगा। खराब शुरुआत के बाद वापसी की सेमीफाइनल मैच के पहले गेम में सात्विक और चिराग की शुरुआत थोड़ी धीमी रही और वे 0-5 से पिछड़ गए थे। हालांकि, इसके बाद भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन वापसी करते हुए लगातार 7 अंक हासिल किए और 7-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने बढ़त को कायम रखते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में मलेशियाई जोड़ी ने पलटवार किया और 18-21 से गेम जीतकर मुकाबले को तीसरे गेम तक ले गई। भारतीय जोड़ी ने तीसरा गेम एकतरफा जीता तीसरे और आखिरी गेम में सात्विक-चिराग पूरी तरह हावी रहे। उन्होंने मलेशियाई खिलाड़ियों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। हालांकि विरोधी जोड़ी ने दो मैच प्वाइंट बचाए, लेकिन भारतीय जोड़ी ने 21-11 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *