
सीतापुर के महमूदाबाद में शिक्षक दिवस के अवसर पर बीआरसी महमूदाबाद में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। समारोह में शिक्षकों के योगदान और नवाचारों की सराहना की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक आशा मौर्य रहीं, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार मिश्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अतिथियों ने उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके प्रयासों से विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है। समारोह में विभाग की ओर से 15 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से 21 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को विधायक आशा मौर्य द्वारा डायरी एवं पेन भेंट किए गए। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। इस अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ महमूदाबाद के अध्यक्ष संदीप वर्मा, महामंत्री पुनीत वर्मा, एआरपी नरेंद्र यादव, राहुल वाल्मीकि, राहुल राय, सत्येंद्र कुमार एवं श्रीकृष्ण तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षिका सपना शर्मा ने स्वागत गीत गाया जो सभी को पसंद आया। यह समारोह महमूदाबाद में शिक्षक दिवस की यादगार तस्वीर पेश कर गया।
Leave a Reply