
Blog
-
मुरादाबाद जेल में भावुक कर देने वाला रक्षाबंधन:भाई की कलाई पर राखी बांधने दूर-दराज से पहुंचीं बहनें, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को मुरादाबाद जिला जेल के बाहर एक बेहद भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। सलाखों के पीछे बंद अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए सुबह से ही बहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जेल के बाहर सुबह से ही महिलाओं की कतारें लग गईं। कई बहनें सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर अपने भाइयों से मिलने पहुंची थीं। जेल प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, हर सामान की सघन चेकिंग की गई। त्योहार को देखते हुए जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए विशेष प्रबंध किए थे। आंखों में आंसू और हाथों में पूजा की थाली सोमवार सुबह से ही मुरादाबाद जिला कारागार के बाहर उत्सव और सजल आंखों का मिला-जुला माहौल देखने को मिला। जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बहनें सुबह से ही कतारों में खड़ी हो गईं। हाथों में पूजा की थाली, मिठाई और रेशम के धागे लिए बहनें अपने भाई की लंबी उम्र की कामना के साथ जेल पहुंची थीं। कई बहनें बेहद दूर-दराज के इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों से सफर तय कर यहां पहुंची थीं। जेल प्रशासन के विशेष इंतजाम, अतिरिक्त बल तैनात रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर जेल प्रशासन की ओर से भी मुलाकात को सुगम बनाने के लिए खास तैयारियां की गई थीं। जेल के मुख्य द्वार (जेल गेट) पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षाकर्मियों ने बहनों द्वारा लाए गए सामान, जैसे राखी, रोली, अक्षत और मिठाइयों की बारीकी से जांच की। सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही महिलाओं को जेल परिसर में प्रवेश दिया गया। सलाखों के पीछे बंधा स्नेह का धागा जेल के भीतर जब बहनें अपने भाइयों से मिलीं, तो माहौल बेहद भावुक हो गया। भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर बहनों ने उनके जल्द रिहा होने और अच्छे भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी अपनी बहनों को सुरक्षा और सदैव साथ निभाने का वचन दिया। जेल प्रशासन के अनुसार, त्योहार की संवेदनशीलता को देखते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि हर बहन अपने भाई से मिल सके और कोई भी निराश होकर न लौटे। -
डैंड्रफ और हेयर फॉल एक साथ हो रहा है तो क्या करें? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें
रोज हमारे बाल गिरते हैं लेकिन अगर ऐसा ज्यादा हो तो ये हेयर फॉल कहलाता है. परेशानी या चिंता जब और बढ़ जाती है जब डैंड्रफ और हेयर फॉल एक साथ हो रहे हो. ये क्यों होता है, इस कंडीशन में क्या करना चाहिए, इस पर टीवी9 ने डॉक्टर आरजू पाहवा (कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, कैलाश दीपक हॉस्पिटल) से बातचीत की. डर्मेटोलॉजिस्ट का कहना है कि अगर आपको एक ही समय पर डैंड्रफ और हेयर फॉल दोनों हो रहे हैं, तो सबसे पहले मैं यही कहूंगी कि घबराने की जरूरत नहीं है और यह मानकर न चलें कि एक ही समस्या दूसरी की वजह है.

डैंड्रफ अपने आप में आमतौर पर हमेशा के लिए बाल झड़ने का कारण नहीं बनता. हालांकि, जब स्कैल्प में बहुत ज्यादा खुजली होती है, तो हम बार बार उसे खुजलाने लगते हैं. इससे स्कैल्प में जलन और सूजन हो सकती है और ज्यादा गंभीर मामलों में बालों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे बाल ज्यादा झड़ सकते हैं.
सबसे पहले डैंड्रफ को करें कंट्रोल
इसलिए सबसे पहले हमें डैंड्रफ को कंट्रोल करना जरूरी है और उससे भी ज्यादा जरूरी है यह समझना कि इसकी वजह क्या है. जो चीज सामान्य डैंड्रफ जैसी दिख रही है, वह कभी कभी सेबोरिक डर्मेटाइटिस भी हो सकती है. यह स्किन की एक ऐसी समस्या है जिसमें स्कैल्प में खुजली, पपड़ी और कभी कभी चिपचिपापन भी हो सकता है. इसके अलावा स्कैल्प सोरायसिस, एक्जिमा और फंगल इंफेक्शन जैसी दूसरी समस्याएं भी डैंड्रफ जैसी दिख सकती हैं और इनके साथ हेयर फॉल भी हो सकता है.
अगर डैंड्रफ हल्का है, तो आप सेलेनियम या जिंक जैसे इंग्रीडिएंट वाला ओवर द काउंटर एंटी डैंड्रफ शैंपू इस्तेमाल कर सकते हैं. कुछ लोगों को केटोकोनाजोल वाला एंटी फंगल शैंपू भी जरूरत पड़ सकता है. लेकिन अगर डैंड्रफ लगातार बना हुआ है या बहुत ज्यादा है, तो मैं डॉक्टर से सलाह लेने की बात कहूंगी. शैंपू को उसके निर्देश के अनुसार इस्तेमाल करें और स्कैल्प पर उसे काम करने के लिए जितनी देर रखने को कहा गया है, उतनी देर जरूर रखें.
भूल से भी न करें ये गलतियां
कृपया स्कैल्प को खुजलाने, बालों को जोर से ब्रश करने, बालों को बार बार खींचने या बहुत टाइट हेयरस्टाइल बनाने से बचें, क्योंकि इससे स्कैल्प में और जलन हो सकती है और बालों को नुकसान पहुंच सकता है. अगर बाल गुच्छों में झड़ रहे हैं, खुजली बहुत ज्यादा है, या डैंड्रफ ठीक होने के बाद भी हेयर फॉल जारी है, तो मैं आपको डर्मेटोलॉजिस्ट को दिखाने की सलाह दूंगी. ऐसे में हमें हेयर फॉल की कोई दूसरी वजह भी देखनी होगी, बजाय इसके कि हर बार इसका कारण सिर्फ डैंड्रफ को मान लिया जाए.
-
झांसी पुलिस ने 403 करोड़ का साइबर फ्रॉड पकड़ा:छह गिरफ्तार, ठगी के रुपयों से खरीदते थे USDT क्रिप्टो करंसी
झांसी के प्रेमनगर थाने की पुलिस देशभर में साइबर ठगी करने वाले गिरोहों की रकम को बैंक खातों में मंगाकर क्रिप्टो करेंसी में बदलने वाले बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 500 यूएसडीटी, सात मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई है। गिरोह का मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं। पहले 2 तस्वीर देखिए… पुलिस की जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की रकम को खपाने के लिए 56 बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन खातों में करीब 403 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल मिली है। इनमें अकेले झांसी के 35 बैंक खाते शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी इन खातों का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी (साइबर) अरीबा नोमान के मुताबिक समन्वय पोर्टल पर दर्ज 325 साइबर फ्रॉड की शिकायतों की जांच के दौरान पुलिस को इन बैंक खातों के बारे में जानकारी मिली। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों की रकम इन खातों में भेजी जा रही थी। खातों से हुए लेनदेन की पड़ताल में करीब 403 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल सामने आई। ऐसे खपाते थे ठगी की रकम प्रेमनगर थाने की साइबर शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक शिवकांत शुक्ल की टीम ने जांच के दौरान ईसाईटोला निवासी दीपक वर्मा उर्फ सत्यम, अदनान हुसैन, आदिल हुसैन, कृष्णानगर कॉलोनी खेरा निवासी जान पाल, सुम्मेर नगर निवासी अभिषेक चौधरी और लहर गिर्द निवासी अर्चित श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देशभर में सक्रिय साइबर ठगों से संपर्क कर उनकी ठगी की रकम अपने नियंत्रण वाले बैंक खातों में मंगाते थे। इसके बाद रकम को कई खातों और माध्यमों से घुमाया जाता था। फिर इसी पैसे से यूएसडीटी यानी क्रिप्टो करेंसी खरीदी जाती थी। रकम को नंबर एक में बदलने के बाद अपना कमीशन काटकर बाकी रकम साइबर ठगों तक पहुंचाई जाती थी। अरमान गिरोह का मास्टरमाइंड पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क का मास्टरमाइंड गढ़िया फाटक निवासी अरमान बताया गया है। उसके साथ अर्श और मोहम्मद फैज भी गिरोह में शामिल हैं। पुलिस इन तीनों की तलाश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क झांसी से बाहर कई राज्यों तक फैला हो सकता है और इसके तार देशभर में सक्रिय साइबर ठगों से जुड़े हैं। सत्यम को यूएसडीटी में रकम बदलते पकड़ा साइबर शाखा प्रभारी शिवकांत शुक्ल को गिरोह की गतिविधियों की भनक लगने के बाद पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों और लेनदेन की निगरानी शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने सत्यम को साइबर ठगी की रकम को यूएसडीटी में बदलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में ही आरोपियों ने एक खाते में करीब 9.75 लाख रुपये की रकम बदली थी। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई और छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के पूरे नेटवर्क, देशभर में जुड़े साइबर ठगों, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और रकम को अलग-अलग माध्यमों से इधर-उधर करने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है। क्या है यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी? यूएसडीटी एक तरह की क्रिप्टो करेंसी है, जिसे टेदर नाम की कंपनी जारी करती है। इसे अमेरिकी डॉलर से जोड़कर रखा जाता है। सामान्य तौर पर 1 यूएसडीटी की कीमत करीब 1 अमेरिकी डॉलर के बराबर रखने का प्रयास किया जाता है।
साइबर ठगी के मामलों में जालसाज इसका इस्तेमाल इसलिए करते हैं क्योंकि डिजिटल तरीके से यूएसडीटी को एक वॉलेट से दूसरे वॉलेट में ट्रांसफर किया जा सकता है। इस गिरोह में भी पुलिस के मुताबिक ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में घुमाने के बाद उससे यूएसडीटी खरीदा जाता था। इसके बाद इसे आगे साइबर ठगों तक पहुंचाया जाता था। -
लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान 110 रन पर ऑलआउट:बाबर 8 रन हो बना सके; दूसरी पारी में इंग्लैंड-81/3, 261 रन की बढ़त हुई
लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहली पारी में सिर्फ 110 रन पर समेट दिया। शुक्रवार को दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 3 विकेट पर 81 रन बनाए हैं। इस तरह मेजबान टीम की कुल बढ़त 261 रन हो गई है। दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन ने 4 और जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लिए। जोश टंग को 2 विकेट मिले। पाकिस्तान की ओर से अजान अवैस ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम 8 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड 290 रन पर ऑलआउट इंग्लैंड ने दूसरे दिन की शुरुआत 9 विकेट पर 248 रन से की। क्रीज पर गस एटकिंसन 45 और जोश टंग 30 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 47 रन जोड़े और टीम का स्कोर 290 तक पहुंचाया। पाकिस्तान के मोहम्मद अब्बास ने 4 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद अली को 3 विकेट मिले। अब्बास ने पहली पारी में जो रूट को 4 रन पर आउट किया था। इसके साथ उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 900 विकेट पूरे किए। 110 रन पर सिमटा पाकिस्तान, रॉबिन्सन ने 4 विकेट लिए 290 रन के जवाब में पाकिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई। टीम 37.2 ओवर में सिर्फ 110 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान को एक बल्लेबाज कम के साथ उतरना पड़ा, क्योंकि इमाम-उल-हक बाएं पैर में काफ स्ट्रेन के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। ओली रॉबिन्सन ने 4.2 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 4 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर ने 3 और जोश टंग ने 2 विकेट चटकाए। पाकिस्तान की ओर से अजान अवैस ने 46 रन बनाए। वे अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और रॉबिन्सन का शिकार बने। सऊद शकील ने भी कुछ देर टिकने की कोशिश की, लेकिन रॉबिन्सन ने उन्हें आउट कर दिया। बाबर 8 रन बनाकर आउट पाकिस्तान की पारी में कप्तान बाबर आजम से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे सिर्फ 8 रन बना सके। उन्होंने 10 गेंदों का सामना किया। जोश टंग की गेंद पर ड्राइव खेलने की कोशिश में उनका बाहरी किनारा लगा और जॉर्डन कॉक्स ने कैच पकड़ लिया। बाबर ने आउट होने से पहले दो कवर ड्राइव लगाए थे। टंग की पिछली गेंद पर उनका एज स्लिप तक नहीं पहुंचा था, लेकिन अगली गेंद पर उन्होंने बाहर जाती गेंद पर शॉट खेला और कैच दे बैठे। इंग्लैंड को 180 रन की बढ़त मिली इंग्लैंड की पहली पारी 290 रन पर खत्म होने के बाद पाकिस्तान के पास अच्छी शुरुआत करने का मौका था, लेकिन पूरी टीम 110 रन पर सिमट गई। इससे इंग्लैंड को पहली पारी में 180 रन की बढ़त मिली। पाकिस्तान ने शान मसूद को 1, अब्दुल्लाह शफीक को 5 और बाबर आजम को 8 रन पर गंवा दिया। इसके बाद अजान अवैस और सऊद शकील ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। दूसरी पारी में इंग्लैंड के 3 विकेट गिरे 180 रन की बढ़त के बाद इंग्लैंड ने दूसरी पारी शुरू की। टीम ने 81 रन तक 3 विकेट गंवा दिए। बेन डकेट 1, जॉर्डन कॉक्स 11 और जो रूट 24 रन बनाकर आउट हुए। रूट को मोहम्मद अली ने LBW किया। उन्होंने 37 गेंदों पर 24 रन बनाए। यह इस सीजन में टेस्ट मैचों में उनका सातवां LBW आउट है। वे एक टेस्ट सीजन में सबसे ज्यादा LBW होने के रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंच गए हैं। दिन का खेल खत्म होने पर एमिलियो गे 30 और हैरी ब्रूक 7 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 21 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों टीमों की प्लेइंग XI इंग्लैंड: बेन डकेट, एमिलियो गे, जॉर्डन कॉक्स, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, डैन लॉरेंस, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), ओली रॉबिन्सन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग। पाकिस्तान: इमाम-उल-हक, अजान अवैस, अब्दुल्लाह शफीक, शान मसूद, बाबर आजम (कप्तान), सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली। -
Moradabad News: रक्षाबंधन पर राखी बंधवाकर लौट रहा परिवार नदी में गिरा, महिला की मौत… 3 का रेस्क्यू
Moradabad News: मुरादाबाद में रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक हादसा हुआ. ससुराल से राखी बंधवाकर लौट रहा एक परिवार गांगन नदी में हादसे का शिकार हो गया. अस्थाई पुल से उतरते समय बाइक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में जा गिरी. हादसे में पति और दो बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि महिला और उसका 2 साल का बेटा तेज बहाव में बह गए. करीब तीन घंटे की तलाश के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मासूम बच्चे की तलाश अभी जारी है.

अस्थाई पुल से उतरते ही बिगड़ा बाइक का संतुलन
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी अनिल जाटव अपनी पत्नी किरण और तीन बच्चों प्रियांशु, काफिया और केशव के साथ रक्षाबंधन पर कुंदरकी के नानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे. राखी बंधवाने के बाद पूरा परिवार बाइक से घर लौट रहा था. शाम करीब 6 बजे परिवार गांगनपुर से मलगद्दा जाने वाले रास्ते पर पहुंचा. मझोला इलाके में गांगन नदी पर बने अस्थाई पुल को पार करने के बाद ढलान पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते बाइक नदी के गहरे पानी में जा गिरी.
ये भी पढे़ं-
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव
बाइक नदी में गिरते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से अनिल जाटव और उनके दो बच्चों प्रियांशु व काफिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, अनिल की पत्नी किरण और उनका 2 साल का बेटा केशव तेज बहाव में बह गए. इसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई.
3 घंटे बाद नदी से मिली महिला
हादसे की सूचना मिलते ही मंझोला पुलिस और खदाना चौकी की टीम मौके पर पहुंची. करीब 20 से 25 स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर महिला और बच्चे की तलाश शुरू की. लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने किरण को नदी से बाहर निकाल लिया. उनकी हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
2 साल के केशव की तलाश जारी
किरण के मिलने के बाद अब पूरा फोकस 2 साल के मासूम केशव को तलाशने पर है. तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद राहत एवं बचाव टीम ने तलाशी अभियान जारी रखा है. हादसे की सूचना के बाद 23 बटालियन PAC का बाढ़ राहत दल भी मौके पर पहुंचा. PAC की 9 सदस्यीय टीम ने नदी में नाव उतारकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. PAC टीम के प्रभारी मोहित सांगवान के मुताबिक, स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर नदी के अलग-अलग हिस्सों में बच्चे की तलाश की जा रही है.
रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं
रक्षाबंधन पर परिवार के साथ खुशियां मनाकर लौट रहे अनिल के परिवार के लिए यह हादसा बड़ी त्रासदी बन गया. एक तरफ पत्नी की मौत का दुख है तो दूसरी ओर 2 साल के मासूम बेटे के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है. फिलहाल पुलिस और राहत दल की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं.
-
मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा ढहा, जोरदार धमाके से दहशत:प्रयागराज में पीछे चल रहा था निर्माण, नींव के लिए खोदा गया था गड्ढा
प्रयागराज के जार्जटाउन में स्वामीनारायण मंदिर परिसर में शुक्रवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर पीछे खोदे गए विशाल गड्ढे में जा गिरा। हिस्सा गिरने के दौरान तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। बताया जा रहा है कि स्वामीनारायण मंदिर के पीछे निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के लिए वहां काफी गहरा और बड़ा गड्ढा खोदा गया था। इसी दौरान मंदिर के पिछले हिस्से की जमीन खिसकने लगी और देखते ही देखते तीन मंजिला हिस्सा ढहकर उसी गड्ढे में समा गया।
हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों और दुकानों से लोग बाहर निकल आए। इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
मंदिर के ठीक पीछे विशाल गड्ढा खोदे जाने और उसके किनारे मौजूद पुराने भवन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माण के लिए की गई खुदाई के कारण मिट्टी खिसकने से मंदिर के हिस्से पर दबाव पड़ा और वह ढह गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी जानकारी दी गई। जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जनहानि की स्थिति जांच के बाद होगी स्पष्ट
हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी स्थिति फिलहाल आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। जार्जटाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। जिस वक्त हादसा हुआ, वहां कोई नहीं था। गड्ढा कई साल पहले खोदा गया था। आशंका है कि बारिश में मिट्टी के कटान से ही मंदिर का यह हिस्सा ढह गया। -
नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को फिर हराया:ट्राई सीरीज में 18 रन से जीता, ट्रम्पेलमैन-स्मिट को 3-3 विकेट; ब्रेविस के 75 रन काम नहीं आए
नामीबिया ने टी-20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका को दूसरी बार हरा दिया है। विंडहोक ग्राउंड में शुक्रवार को खेले गए ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम ने साउथ अफ्रीका को 18 रन से हराया। नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी। डेवाल्ड ब्रेविस ने 50 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। नामीबिया के रूबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिट ने 3-3 विकेट लिए। यह दक्षिण अफ्रीका पर नामीबिया की सिर्फ दूसरी टी-20 इंटरनेशनल जीत है और दोनों जीत पिछले 10 महीनों में आई हैं। इस ट्राई सीरीज में जिम्बाब्वे तीसरी टीम है। फ्राइलिंक और स्टीनकैंप ने दिलाई तेज शुरुआत साउथ अफ्रीका के कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। नामीबिया के ओपनर यान फ्राइलिंक और लॉरेन स्टीनकैंप ने इस फैसले को गलत साबित करते हुए 84 रन की साझेदारी की। दोनों ने 9.4 ओवर में यह रन जोड़े। फ्राइलिंक ने 38 गेंदों पर 60 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। स्टीनकैंप ने 29 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली। नामीबिया 15वें ओवर में 133 रन तक पहुंच चुका था, लेकिन इसके बाद अफ्रीका के गेंदबाजों ने वापसी की। टीम ने आखिरी 5 ओवर में सिर्फ 30 रन देकर 6 विकेट लिए। प्रेनेलन सुब्रायेन ने 3 विकेट लिए, जबकि फोर्टुइन ने 2 विकेट हासिल किए। इस दौरान नामीबिया ने 116/1 से 133/5 तक पहुंचते हुए 22 गेंदों में 4 विकेट गंवा दिए। आखिर में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 19, एलेक्जेंडर बुसिंग-वोल्शेंक ने 13 और ट्रम्पेलमैन ने 12 रन बनाकर टीम को 163/9 तक पहुंचाया। ट्रम्पेलमैन और स्मिट ने प्रोटियाज को संभलने नहीं दिया 164 रन का पीछा करते हुए अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। जॉर्डन हरमन 7 और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भी विकेट गिरते रहे और 86 रन के स्कोर पर टीम 5 विकेट गंवा चुकी थी। डेवाल्ड ब्रेविस ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 50 गेंदों पर 75 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 4 चौके शामिल थे। ब्रेविस और डुयान यानसन ने छठे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। ब्रेविस के आउट होने के समय साउथ अफ्रीका को आखिरी 13 गेंदों पर 31 रन चाहिए थे। ट्रम्पेलमैन ने 18वें ओवर में ब्रेविस को आउट कर नामीबिया की जीत लगभग तय कर दी। यानसन ने 17 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। आखिरी ओवर में स्मिट ने बचाए 28 रन साउथ अफ्रीका को आखिरी ओवर में 28 रन चाहिए थे। जेजे स्मिट के हाथ में गेंद थी और डुयान यानसन स्ट्राइक पर थे। उन्होंने पहली दो गेंदों पर 2 और 6 रन बटोरे, जिससे 3 गेंदों पर 20 रन की जरूरत रह गई। इसके बाद स्मिट ने यॉर्कर डालकर वापसी की। उन्होंने न्कोबानी मोकोएना को लॉन्ग-ऑन पर कैच कराया और फिर प्रेनेलन सुब्रायेन को डीप मिडविकेट पर कैच कराकर नामीबिया की जीत पक्की कर दी। स्मिट बने प्लेयर ऑफ द मैच जेजे स्मिट ने 3 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता। उन्होंने पहले पावरप्ले के आखिरी ओवर में सिर्फ 4 रन दिए। इसके बाद 14वें ओवर में वापसी करते हुए कॉनर एस्टरहाइजेन को आउट करने में अहम भूमिका निभाई। स्मिट के लिए यह लगातार दूसरी बार खास मौका था। अक्टूबर 2025 में अफ्रीका के खिलाफ पिछली जीत में भी उन्होंने 3 विकेट लिए थे। उस मैच में उन्होंने साउथ अफ्रीका का आठवां विकेट हासिल किया था और नामीबिया ने 134/8 का स्कोर डिफेंड किया था। ट्रम्पेलमैन ने फिर हरमन और ब्रेविस को आउट किया रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 3/24 का स्पेल डाला। अफ्रीका के खिलाफ पिछले साल की जीत में भी उन्होंने 3/28 लिए थे और इस बार फिर 3 विकेट हासिल किए। दोनों मुकाबलों में उन्होंने रुबिन हरमन को आउट किया। पिछली जीत में ट्रम्पेलमैन ने रीजा हेंड्रिक्स और जेसन स्मिथ को भी आउट किया था, जबकि इस बार प्रिटोरियस और ब्रेविस उनका शिकार बने। नामीबिया की गेंदबाजी में युवा जैक ब्रासेल और मैक्स हिंगो को भी विकेट मिले। इरास्मस बोले- साबित हुआ कि हम यहां के हैं नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने जीत को टीम के लिए सिर्फ एक और उलटफेर नहीं माना। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका पर दो जीत यह दिखाती हैं कि नामीबिया बड़ी टीमों के खिलाफ मुकाबला कर सकता है और पिछली जीत कोई संयोग नहीं थी। इरास्मस ने कहा कि टीम ने नीदरलैंड्स, आयरलैंड और स्कॉटलैंड जैसी टीमों को भी हराया है। 2022 टी-20 वर्ल्ड कप में उसने श्रीलंका को भी मात दी थी। डुयान यानसेन का डेब्यू भी चर्चा में रहा अफ्रीका की ओर से डुयान यानसेन ने टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। शुरुआत उनके लिए अच्छी नहीं रही। पहले दो ओवर में उन्होंने 18 रन दिए। बाद में गेंदबाजी करते हुए कुल 2/32 का आंकड़ा हासिल किया। यानसन ने बल्लेबाजी में 17 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए। अब जिम्बाब्वे से भिड़ेगा अफ्रीका ट्राई सीरीज में साउथ अफ्रीका का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से शनिवार को होगा। वहीं, नामीबिया का अगला मैच 31 अगस्त को जिम्बाब्वे के खिलाफ है। -
लेटे हनुमान जी को बांधी गई श्री-राम नाम की राखी:प्रयागराज के संगम के मंदिरों में रही रक्षाबंधन की धूम, भव्य श्रृंगार और आरती हुई
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर संगम स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर में भगवान श्री बड़े हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को भी रक्षाबंधन की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह और शाम की आरती विशेष रूप से रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए भव्य तरीके से संपन्न हुई। इस अवसर पर श्री बड़े हनुमान जी के हाथों में श्रीराम नाम लिखी विशेष राखी बांधी गई। मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के बीच बड़े धूमधाम से रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। भव्य श्रृंगार, विशेष सजावट और आरती के दौरान मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय नजर आया और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस विशेष आयोजन का आनंद लिया। देखें VIDEO…….. -
भारतीय विमेंस हॉकी टीम को ₹50 लाख का इनाम:हर प्लेयर को ₹2 लाख; वर्ल्ड कप में 52 साल बाद टॉप-5 फिनिश का रिवॉर्ड
हॉकी इंडिया ने विमेंस हॉकी टीम को ₹50 लाख का इनाम देने का ऐलान किया है। गुरुवार को भारत ने वर्ल्ड कप में 52 साल बाद टॉप-5 में जगह बनाई थी। टीम ने नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में जर्मनी को 3-1 से हराया था। इनाम की राशि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी। टीम के हर खिलाड़ी को ₹2 लाख, जबकि सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹1 लाख मिलेंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप टिर्की ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि 52 साल बाद वर्ल्ड कप में पांचवें स्थान पर रहना भारतीय महिला हॉकी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। भारत ने दूसरे हाफ में 3 गोल किए कप्तान सलीमा टेटे की अगुआई में भारत ने क्लासिफिकेशन मैच में वर्ल्ड नंबर-5 जर्मनी को 3-1 से हराया। पहले दो क्वार्टर गोलरहित रहे, लेकिन दूसरे हाफ में भारत ने तीन गोल दागकर मुकाबले पर पकड़ बना ली। इशिका ने 42वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद नवनीत कौर ने 44वें और 47वें मिनट में लगातार दो गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। जर्मनी की लिन क्रिंग्स ने 58वें मिनट में एक गोल किया, लेकिन भारत ने 3-1 से मुकाबला जीत लिया। 1972 में चौथे स्थान पर रही थी वर्ल्ड कप में भारत का इससे पहले सबसे अच्छा प्रदर्शन 1974 में आया था। तब टीम चौथे स्थान पर रही थी। इसके बाद 2026 में पांचवें स्थान पर रहकर भारत ने 52 साल बाद टॉप-5 में जगह बनाई। पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक हार भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत चीन के खिलाफ 2-2 के ड्रॉ से की। इसके बाद साउथ अफ्रीका को 6-1 से हराया और इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। पूल-D में दूसरे स्थान पर रहकर टीम टॉप-8 में पहुंची। टॉप-8 स्टेज में भारत को नीदरलैंड्स के खिलाफ 2-0 से हार मिली। इसके बाद सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत जरूरी थी, लेकिन यह मैच 0-0 से ड्रॉ रहा।
11 गोल किए, 6 गोल खाए भारत ने पूरे टूर्नामेंट में 11 गोल किए और 6 गोल खाए। टीम की ओर से 7 खिलाड़ियों ने गोल दागे। नवनीत कौर 4 गोल के साथ भारत की टॉप स्कोरर रहीं, जबकि दीपिका ने 2 गोल किए। हॉकी इंडिया बोला- प्रदर्शन टीम की मेहनत का नतीजा हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सलीमा टेटे और उनकी टीम ने दुनिया की मजबूत टीमों के खिलाफ खुद को साबित किया है। -
‘ससुराल के लिए एक डिब्बा ही मिठाई लिए’… रास्ते में पत्नी ने टोंका, गुस्से में पति ने अपनी बाइक में लगा दी आग- Video
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पति-पत्नी के बीच छोटी सी बात को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने गुस्से में अपनी बाइक को ही आग के हवाले कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि परिवार रक्षाबंधन पर ससुराल जा रहा था. रास्ते में मिठाई और कोल्ड ड्रिंक खरीदने को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई. इसके बाद पति ने सड़क किनारे बाइक रोककर उसमें आग लगा दी. बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई.

मिठाई खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला नांगल सोती क्षेत्र के दहीरपुर गांव का है. जटपुरा निवासी बबलू सैनी रक्षाबंधन के मौके पर पत्नी और बच्चों के साथ कोट सराय स्थित अपनी ससुराल जा रहा था. रास्ते में पत्नी ने अपने मायके वालों के लिए दो डिब्बे मिठाई और कोल्ड ड्रिंक की बड़ी बोतल खरीदने के लिए कहा. बताया जा रहा है कि बबलू ने दो की जगह केवल एक डिब्बा मिठाई खरीदा. इसी बात को लेकर पत्नी ने नाराजगी जताई और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
–
गुस्से में सड़क किनारे रोक दी बाइक
पत्नी से विवाद के बाद बबलू काफी गुस्से में आ गया. दहीरपुर गांव में पंचायत घर के पास उसने सड़क किनारे अपनी अपाचे मोटरसाइकिल रोक दी. इसके बाद गुस्से में उसने बाइक में आग लगा दी. कुछ ही देर में बाइक से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते मोटरसाइकिल धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह राख हो गई.
बच्चों और पत्नी के सामने बाइक हुई खाक
जिस समय बबलू ने बाइक में आग लगाई, उस दौरान उसकी पत्नी और बच्चे भी उसके साथ मौजूद थे. अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चे काफी सहम गए. आग लगने के बाद बबलू बाइक को वहीं छोड़कर पैदल ही आगे चल दिया. उसके पीछे पत्नी और बच्चे भी पैदल चलने लगे. घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने जलती हुई बाइक का वीडियो बना लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बाइक में आग लगाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में आ गई. वीडियो में सड़क किनारे बाइक जलती हुई दिखाई दे रही है. आसपास मौजूद लोग घटना को देखते नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई या बाइक में आग लगाने के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. शुरुआती तौर पर घटना को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.