रक्षाबंधन पर ट्रेनों में यात्रियों का सैलाब:प्रयागराज से दिल्ली की ट्रेनों में वेटिंग, वंदे भारत में 225 से ज्यादा वेटिंग

Written by

in

रक्षाबंधन के मौके पर घर लौटने और त्योहार मनाने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ ट्रेनों में उमड़ पड़ी है। शुक्रवार को प्रयागराज जंक्शन पर पहुंचने वाली अधिकांश ट्रेनों में यात्रियों का दबाव साफ नजर आया। प्रयागराज से दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के साथ कई ट्रेनों में ‘नो-रूम’ की स्थिति बन गई है। भीड़ का आलम यह रहा कि कई यात्री आरक्षित टिकट होने के बावजूद अपनी सीट तक नहीं पहुंच सके। कुछ ट्रेनों के स्लीपर और एसी कोचों में बिना आरक्षण वाले यात्रियों के घुस जाने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेल मंत्री से की शिकायत
महानंदा एक्सप्रेस के एस-1 कोच में आरक्षित सीटों पर दूसरे यात्रियों के कब्जे की शिकायत यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए रेल मंत्री से की। वहीं उज्जैन से आने वाली एक ट्रेन के एसी कोच में भी बिना टिकट और बिना आरक्षण यात्रियों के प्रवेश से यात्रियों को असुविधा हुई। दिल्ली रूट की ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव
रेलवे के अनुसार प्रयागराज-दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा भीड़ है। प्रयागराज से दिल्ली जाने वाली दोनों वंदे भारत ट्रेनों में 225 से अधिक यात्रियों की वेटिंग चल रही है, जबकि राजधानी एक्सप्रेस में सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं। इसके अलावा हमसफर एक्सप्रेस में 145 और प्रयागराज एक्सप्रेस में 184 यात्रियों की वेटिंग दर्ज की गई है। शिवगंगा, पुरुषोत्तम, नंदनकानन, पूर्वा, महाबोधि, पुरी, सीमांचल, नॉर्थ ईस्ट और ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में भी सीटें उपलब्ध नहीं हैं। मुंबई रूट की कई ट्रेनों में भी यही स्थिति बनी हुई है। रविवार को होगी असली परीक्षा
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और 30 अगस्त को वापसी यात्रा के दौरान सबसे अधिक दबाव रहने की संभावना है। अधिकारियों के मुताबिक असली चुनौती रविवार को सामने आएगी, जब बड़ी संख्या में लोग त्योहार मनाकर वापस लौटेंगे। 12 स्पेशल ट्रेनों का संचालन
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न रूटों पर 12 विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय से स्टेशन पहुंचने, आरक्षण टिकट साथ रखने और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की है, ताकि भीड़ के बीच यात्रा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *