
हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र में गर्रा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार शाम भौराजपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के लालपुर खजूरवा गांव निवासी 30 वर्षीय मनीष पुत्र हीरालाल के रूप में हुई है। मनीष रक्षाबंधन के पर्व पर अपनी ससुराल आया था। परिजनों के अनुसार, मनीष अपने साले आनंद के साथ शौच के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे पानी में गिरकर डूबने लगे। अपने जीजा को डूबता देख आनंद ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर उन्हें बाहर निकाला। मनीष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनीष की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। जानकारी के मुताबिक, मनीष की शादी लगभग चार साल पहले भौराजपुर निवासी फूलचंद की बेटी से हुई थी। उनके दो बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलने पर सांडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा की कार्यवाही पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने इस घटना की पुष्टि की है।
Leave a Reply