वाराणसी में राखी देकर लौट रहे भाई की मौत:शिवपुर में रिंग रोड पर सांड़ से टकराई बाइक, दो बहनें करती रहीं इंतजार

Written by

in

वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के दांदूपुर में रिंग रोड फेज एक पर रक्षाबंधन के दिन सड़क हादसे में 28 वर्षीय संदीप कुमार की मौत हो गई। वे अपनी पत्नी के मामा के घर राखी पहुंचाकर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक एक आवारा सांड़ से टकरा गई। शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान गांव निवासी संदीप कुमार पुत्र अंगनू शुक्रवार दोपहर राजातालाब स्थित अपनी पत्नी के मामा के घर राखी पहुंचाने गए थे। शाम लगभग 4:30 बजे जब वे बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दांदूपुर रिंग रोड पर अचानक एक आवारा सांड़ सामने आ गया। टक्कर में संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और सांड़ मौके से भाग गया। हादसे के बाद संदीप के मुंह और नाक से खून बहने लगा। दुर्घटनास्थल पर काफी रक्तस्राव हुआ और सड़क पर खून फैल गया। हादसे के बाद वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल संदीप को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही त्योहार का माहौल मातम में बदल गया। घर पर संदीप की बहनें स्वाति और मुस्कान कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए थाली सजाकर भाई का इंतजार कर रही थीं। अचानक मिली मौत की खबर ने उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया। संदीप परिवार में दो भाइयों में बड़े थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पत्नी काजल, मां संजू देवी और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *