धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हमारी आदतें ही होती हैं, जो हमारे बारे में दूसरों के मन में जगह बनाती भी हैं और मिटाती भी हैं। यदि आप भी चाहते हैं कि लोग आपकी कद्र करें और आपको सम्मान दें, तो उसके लिए अपनी आदतों को सुधारें और आज ही चाणक्य नीति में बताई गईं इन छह आदतों को अपनाएं। यदि आप अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में कुछ अच्छी आदतों को शामिल कर लेंगे, तो आपको भी लोग इज्जत की नजरों से देखना शुरू कर देंगे। तो चलिए जानते हैं इन 6 आदतों के बारे में।

समय का सम्मान करें
आपने इस बारे में तो सुना ही होगा कि जो लोग समय का सम्मान नहीं करते हैं, समय उनका सम्मान नहीं करता है। इसलिए सबसे पहले अपनी आदत में इस बात को शामिल करें कि आज का काम आज ही निपटाएं। कल पर काम छोड़ने वाले आलस्य को त्याग दें। जो लोग इस आदत को अपनाते हैं, लोग उन पर भरोसा करते हैं और यहीं से उनका सम्मान भी बढ़ता है।
क्रोध पर रखें नियंत्रण
आप में लाख अच्छाई हो, मगर गुस्सा पल भर में आपके सारे अच्छे काम पर पानी फेर सकता है। गुस्सा इंसान की समझने और सोचने की क्षमता को प्रभावित करता है। साथ ही यह भी जान लें कि आप जो काम प्यार और मोहब्बत से किसी से करा सकते हैं, वही काम कितना भी गस्सा कर लें, नहीं करा सकते। क्रोध में कही गई एक छोटी-सी बात भी रिश्तों को खराब कर सकती है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय शांत रहने की कोशिश करें। जो व्यक्ति मुश्किल समय में भी खुद पर नियंत्रण रखता है, लोग उसकी तरफ ज्यादा आकर्षित होते हैं।
मीठी और स्पष्ट वाणी बोलें
आपकी भाषा आपके व्यक्तित्व की पहचान होती है। इसलिए हमेशा बोलते वक्त अच्छे शब्दों का ही प्रयोग करें। सरल, स्पष्ट और विनम्र शब्दों से आप किसी का भी दिल जीत सकते हैं। किसी का अपमान करने या अहंकार से बात करने से लोग आपसे दूरी बना लेते हैं। वहीं, मीठी वाणी और सम्मानजनक व्यवहार लोगों के दिल में आपके लिए जगह बनाता है।
ज्ञान से कभी जी न चुराएं
चाणक्य नीति में ज्ञान को बहुत महत्व दिया गया है। कभी ऐसा न सोचें कि अब जीवन में आपने सब कुछ सीख लिया है। जिस दिन कोई व्यक्ति सोच लेता है कि उसे सब कुछ आता है, बस तब ही उसका पतन शुरू हो जाता है। जीवन में हमेशा कुछ नया सीखने की कोशिश करें। किताबें पढ़ें, अनुभवी लोगों से सीखें और अपनी गलतियों से भी सबक लें।
सही संगति चुनें
आपका व्यक्तित्व बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि आप किसी की संगत में है। अगर आप अच्छे लोगों की संगत में हैं, तो आपके सोचने और कर्म करने का तरीका वैसा ही होगा। वहीं आप अगर बुरे लोगों की संगती में होंगे, तो आपके आचरण भी वैसे होंगे। इसलिए ऐसे लोगों की संगति चुनें जो आपको आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
अनुशासन और संयम अपनाएं
जीवन में अनुशासन व्यक्ति को मजबूत और जिम्मेदार बनाता है। अपने खान-पान, खर्च, इच्छाओं और दैनिक कामों में संतुलन रखें। हर इच्छा को तुरंत पूरा करने की कोशिश न करें। जो व्यक्ति अपनी इच्छाओं और आदतों पर नियंत्रण रखना सीख जाता है, वह कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रख सकता है।
Leave a Reply