
अक्सर आपने लोगों को पैर में काला धागा बांधे हुए देखा होगा। कई लोग इसे केवल एक फैशन, ट्रेंड या पुरानी परंपरा मानकर पहन लेते हैं। ज्योतिष शास्त्र में इसका बहुत गहरा और खास महत्व माना गया है। एस्ट्रोपत्री के श्री चंद्रेश शर्मा के अनुसार, पैर में काला धागा बांधना सिर्फ एक सामान्य रिवाज नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध हमारी कुंडली में ग्रहों की स्थिति और शरीर के आसपास मौजूद ऊर्जा से होता है। सही जानकारी और नियम के साथ धारण किया गया काला धागा जहां जीवन में सकारात्मकता लाता है।
किसे पहनना चाहिए और क्या हैं इसके फायदे?
ज्योतिष शास्त्र में काला धागा मुख्य रूप से नकारात्मक ऊर्जा और बुरी नजर से रक्षा करने के लिए धारण किया जाता है। अगर किसी व्यक्ति को बार-बार नजर लगने की समस्या रहती है या काम बनते-बनते बिगड़ जाते हैं, तो पैर में काला धागा बांधना बेहद फायदेमंद माना जाता है।
इसके अलावा, यह शनि देव के अशुभ प्रभाव को कम करने के साथ-साथ राहु और केतु जैसे छाया ग्रहों के दोष से भी बचाव करता है। खासकर मकर और कुंभ राशि के जातकों के लिए काला धागा धारण करना बेहद शुभ और फलदायी माना जाता है। मकर और कुंभ राशि के स्वामी शनि देव हैं और काला रंग शनि देव का प्रिय रंग है। इसलिए इन दो राशियों के लोग यदि पैर में काला धागा पहनते हैं, तो उन्हें मानसिक शांति, आर्थिक मजबूती और कार्यों में सफलता प्राप्त होती है।
किसे नहीं पहनना चाहिए और क्या है कारण?
जहां कुछ राशियों के लिए काला धागा सुरक्षा-कवच की तरह काम करता है, वहीं कुछ लोगों के लिए इसे धारण करना पूरी तरह वर्जित माना गया है। ज्योतिषीय नियमों के अनुसार, मेष और वृश्चिक राशि के लोगों को पैर में काला धागा बांधने से हमेशा बचना चाहिए।
इसके पीछे का मुख्य कारण यह है कि मेष और वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल देव हैं। मंगल ग्रह को ऊर्जा, साहस, अग्नि और लाल रंग का कारक माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मंगल देव का काले रंग के साथ मित्रवत भाव नहीं होता है। जब मेष या वृश्चिक राशि के जातक काला धागा पहनते हैं, तो मंगल का शुभ प्रभाव कम होने लगता है। इसके कारण जीवन में बेवजह का तनाव, गुस्सा, धन हानि या बनते कामों में रुकावटें आने लगती हैं।
इसलिए, पैर में काला धागा बांधने से पहले अपनी राशि और ग्रहों के प्रभाव को समझना बेहद जरूरी है, ताकि इसका सही और पूरा लाभ आपको मिल सके।
Leave a Reply