Category: up

  • उधार देने से बचने के लिए दोस्त को मार डाला:चाकू से गोदा, सिर पर ईंट मारी; आरोपी पर 1.10 लाख रुपए का कर्ज था

    कौशांबी में 25 अगस्त को मिले शकील अहमद हत्याकांड का पुलिस ने शुक्रवार शाम खुलासा कर दिया। पुलिस ने समदा निवासी मोहम्मद कदीम को गिरफ्तार कर लिया है। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी कदीम ने पैसे के लेनदेन के विवाद में हत्या करने की बात कबूल की है। मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, शकील अहमद उर्फ राशिद ने कदीम को करीब 1.10 लाख रुपये ब्याज पर दिए थे। ब्याज सहित रकम बढ़कर करीब 2.75 लाख रुपये हो गई थी। शकील लगातार पैसे वापस मांग रहा था। इससे कदीम परेशान था। पैसे नहीं लौटाने पड़ें, इसलिए उसने हत्या की योजना बनाई। पैसे देने के बहाने बुलाया पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त की रात करीब 10 बजे कदीम ने शकील को पैसे देने के बहाने बधवा रजभर जाने वाले धनश्यामपुर चौराहे के पास निर्माणाधीन मकान में बुलाया। वहां पहुंचने के बाद उसने लोहे के चाकू से शकील पर कई वार किए। इसके बाद सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी। मोबाइल तोड़कर किया गुमराह करने का प्रयास हत्या के बाद आरोपी ने शकील का मोबाइल तोड़ दिया। उसके पुर्जे अलग-अलग कर दिए। वह चाकू, मोबाइल के टूटे हिस्से, पर्स और अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गया। चारपाई पर मिला था शव 25 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे शकील का शव निर्माणाधीन मकान में चारपाई पर मिला था। परिजनों के अनुसार, शकील 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे दवा लेने मंझनपुर गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद था। चाकू और दस्तावेज बरामद एसपी सत्यानारायण प्रजापत के निर्देश पर पुलिस ने तीन टीमें लगाई थीं। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल लोहे का चाकू और ईंट बरामद की है। इसके अलावा मृतक के मोबाइल के टूटे पुर्जे, पर्स, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर आईडी समेत अन्य सामान भी मिला है।
  • निर्माण परियोजनाओं में देरी, गुणवत्ता पर सीडीओ सख्त:समय पर कार्य पूरा कर विभागों को सौंपें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

    एटा में चल रही निर्माण परियोजनाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने गुरुवार शाम 6 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस के तहत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में देरी या गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। समयसीमा में काम पूरा कर विभागों को सौंपने के निर्देश
    सीडीओ ने विभागवार परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किए जाएं, ताकि आमजन को परियोजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। परियोजनाओं के पूर्ण होने में अनावश्यक देरी पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। शासन स्तर की बाधाओं का तत्काल कराया जाए समाधान
    उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान कराया जाए। यदि किसी परियोजना में शासन स्तर से संबंधित समस्या आ रही है तो संबंधित विभाग के प्रमुख सचिव को तत्काल पत्र भेजकर उसका निस्तारण कराया जाए। सीडीओ ने अधिशासी अभियंताओं और अवर अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और साइट रजिस्टर को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। घटिया निर्माण मिला तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
    सीडीओ ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता निर्माण परियोजनाओं की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधोमानक निर्माण, मानकों की अनदेखी या अनावश्यक देरी मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था, ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। कई विभागों की परियोजनाओं की हुई समीक्षा
    बैठक में राजकीय निर्माण निगम, जल निगम, यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन, आवास विकास परिषद, यूपी सिडको, सीएंडडीएस, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, मंडी परिषद, पुलिस आवास निगम, यूपीआरएनएसएस, राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ और ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि रहे मौजूद
    बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, एडीएसटीओ डॉ. उपेंद्र कुमार, वरिष्ठ सहायक श्रवण कुमार सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
  • हाथरस सड़क हादसों में 11 घायल:अलग-अलग घटनाओं में पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी, हायर सेंटर रेफर

    हाथरस जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कुल 11 लोग घायल हो गए। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें जिला अस्पताल में इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसों के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। रुहेरी के पास दो बाइकों की टक्कर, तीन घायल
    हाथरस में अलीगढ़ रोड पर गांव रुहेरी के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में नगला नत्थू निवासी वीरेंद्र और श्रीनिवास समेत तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं और वह हादसे के बाद से बेहोश बताया जा रहा है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
    ऑटो की टक्कर से बाइक सवार चाची-भतीजा घायल
    सिकंदराराऊ रोड पर बाहनपुर के निकट शाम करीब 5 बजे ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के मेंडू कस्बा निवासी नवीन और उनकी चाची नीलम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
    कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो को अलीगढ़ रेफर
    सासनी क्षेत्र में गांव जरैया निवासी काशीराम पुत्र नवाब सिंह, जवाहरलाल पुत्र श्यामलाल और परवीन पुत्र कांति बाइक से पेट्रोल पंप जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जरैया मोड़ के पास एनएच-93 पर सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। डॉक्टरों ने काशीराम और परवीन को अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने जा रहे तीन लोग घायल
    सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव बिलार के पास शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दीपपुर, अकराबाद निवासी सुखबीर (50), उनकी पत्नी शारदा (45) और सुनीता (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों रक्षाबंधन के मौके पर राखी बंधवाने जा रहे थे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात कराया सुचारु
    हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस संबंधित हादसों की जांच कर रही है।
  • हाजिरी लगाकर ड्यूटी से गायब रहने वाला स्विचमैन कमरुद्दीन निलंबित:नगर निगम में 22 साल से एक ही जगह थी तैनाती, ठेकेदारों से लेता था कमीशन

    कानपुर नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग में हाजिरी लगाकर ड्यूटी से गायब रहने वाले एक और कर्मचारी पर नगर आयुक्त ने कार्रवाई की है। कई दिनों से मिल रही शिकायतों और जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद स्विचमैन कमरुद्दीन को निलंबित कर दिया गया है। कमरुद्दीन ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर दो ठेकेदारों को नगर निगम में काम दिलाने में मदद की और उनके ठेके में कमीशन भी लेता था।
    कमरुद्दीन पर ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता, शिथिलता और शासकीय कार्य प्रभावित करने के आरोप लगाए गए हैं। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मामले की विभागीय जांच के लिए अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। 22 साल से भैरवघाट में तैनाती नगर निगम के सूत्रों के मुताबिक, कमरुद्दीन की वर्तमान तैनाती भैरवघाट के विद्युत शवदाह गृह में थी। करीब 22 साल से अधिक समय से वह तैनात था। इस दौरान कई बार उसका तबादला किया गया, लेकिन वह अपने प्रभाव के चलते दो से चार दिन में ही वापस उसी जगह आ जाता था। इतना ही नहीं मार्ग प्रकाश विभाग कमरुद्दीन ही चलाता था। स्विच, लाइटों और तार समेत अन्य उपकरणों की खरीद से लेकर उनके वितरण तक यही देखता था। विभाग के चीफ इंजीनियर के बाद इसी की चलती थी। नगर निगम में चला रहा था सिंडीकेट कमरुद्दीन ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर दो ठेकेदारों को नगर निगम में काम दिलाने में मदद की और उनके ठेके में कमीशन भी तय रहता था। जोनों की बैठक के दौरान महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के सामने भी पार्षदों ने कमरुद्दीन की शिकायत की थी। पार्षदों ने कहा था कि कमरुद्दीन को कॉल करने पर फोन ही नहीं उठाते हैं और भैरोघाट कार्यालय में मिलते नहीं हैं और कई बार कहने के बावजूद भी स्ट्रीट लाइट सहित अन्य उपकरण उनके क्षेत्रों में नहीं दिए जाते हैं। हाजिरी लगाकर ड्यूटी से रहता गायब नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को मार्ग प्रकाश विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कमरुद्दीन को लेकर भी शिकायतें सामने आने के बाद जांच कराई गई। इसमें सामने आया कि वह कार्यालय पहुंचकर रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने के बाद ड्यूटी से चले जाते थे। उनके नियमित रूप से ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहने के कारण विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे थे। स्ट्रीट लाइट और अन्य उपकरणों से संबंधित काम के लिए लोगों और पार्षदों को भी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को नगर आयुक्त ने कमरुद्दीन को निलंबित कर दिया। नगर आयुक्त ने बताया कि निलंबन अवधि में कर्मचारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। विभागीय जांच की प्रक्रिया अलग से जारी रहेगी। जांच अधिकारी अपर नगर आयुक्त को निर्धारित समयावधि में जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्षदों ने भी की थी शिकायत सूत्रों के मुताबिक, शहर के कई पार्षद पहले भी कमरुद्दीन के खिलाफ शिकायत कर चुके हैं। आरोप था कि मांग के बावजूद स्ट्रीट लाइट और अन्य उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते थे, जिससे कई क्षेत्रों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। भैरवघाट कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारी के नहीं मिलने और फोन नहीं उठाने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
  • लखीमपुर जेल में 9 घंटे चला राखी का मिलन:सुबह 8 से शाम 5 बजे तक बहनों की कतार; बंदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, मिठाई खिलाई

    लखीमपुर खीरी जिला कारागार में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बहनें बंदी भाइयों को राखी बांधने जेल पहुंचीं। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मुलाकात का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान जेल के बाहर दिनभर महिलाओं की भीड़ और लंबी कतारें लगी रहीं। मुलाकात के लिए महिलाएं सुबह से ही राखी, मिठाई और अन्य निर्धारित सामग्री लेकर जेल पहुंचने लगी थीं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें क्रमवार अंदर भेजा गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद भविष्य की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को हर परिस्थिति में साथ देने का भरोसा दिलाया। जेल अधीक्षक बोले- नियमों के तहत कराई मुलाकात जेल अधीक्षक पीडी सालोनिया ने बताया कि रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं बंदी भाइयों से मिलने पहुंचीं। जेल प्रशासन ने निर्धारित नियमों के अनुसार सभी की प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई और क्रमवार मुलाकात कराई, ताकि भीड़ के बावजूद व्यवस्था बनी रहे। जेल के बाहर लगाया गया सहायता शिविर बहनों की सुविधा के लिए जिला कारागार के बाहर उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति की ओर से सहायता शिविर लगाया गया। समिति की सचिव सरोज मिश्रा के नेतृत्व में लगे शिविर में महिलाओं को जेल में प्रवेश और मुलाकात की प्रक्रिया समझाई गई। उनकी समस्याओं के समाधान में भी मदद की गई। शिविर में बांटी गईं राखियां सहायता शिविर में पहुंचने वाली बहनों को राखियां भी वितरित की गईं। इससे उन महिलाओं को सुविधा मिली, जो अपने साथ राखी नहीं ला सकी थीं। शिविर के जरिए पूरे दिन जेल आने वाली महिलाओं को आवश्यक सहयोग दिया गया। सलाखों के बीच पहुंचा बहनों का स्नेह जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं के बीच दिनभर भाई-बहनों का मिलन चलता रहा। जेल की ऊंची दीवारों के भीतर बंद भाइयों तक बहनों का स्नेह पहुंचा। राखी बांधने के इस भावुक अवसर ने बंदियों और उनके परिजनों के लिए रक्षाबंधन को खास बना दिया।
  • बिजनौर में पत्नी से विवाद, व्यक्ति ने बाइक जलाई:ससुराल जाते समय झगड़ा, पुलिस ने जांच शुरू की

    बिजनौर के नांगल में रक्षाबंधन के दिन पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी अपाचे बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह राख हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ससुराल जाते समय पत्नी से हुआ विवाद
    घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे थाना नांगल सोती क्षेत्र के दहिरपुर में पंचायत घर के पास कब्रिस्तान के सामने हुई। बताया गया कि जटपुरा निवासी बबलू सैनी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कोट सराय स्थित ससुराल जा रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बबलू ने सड़क किनारे बाइक रोक दी। बाइक में आग लगते ही उठने लगीं लपटें
    बताया जा रहा है कि बबलू ने अपनी अपाचे मोटरसाइकिल में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक से ऊंची लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ मौजूद थी। वीडियो में एक महिला और दो बच्चे भी दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
    घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क किनारे बाइक जलती हुई दिखाई दे रही है। आसपास कुछ लोग खड़े नजर आ रहे हैं। हालांकि, किसी के द्वारा आग बुझाने का प्रयास करते हुए दिखाई नहीं देने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
    घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। नांगल थाना अध्यक्ष ने बताया कि व्यक्ति से पूछताछ की गई है। उसके अनुसार, बाइक में अपने आप आग लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
  • बर्रा पुलिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी अरेस्ट:दामोदार नगर में पुलिस पथराव-फायरिंग की थी, 10 माह से था से फरार

    बर्रा पुलिस पर फायरिंग में 10 महीने से फरार आरोपी हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को यशोदा नगर बाईपास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जूही के टीपी नगर नहरिया निवासी तुषार गौतम उर्फ तुषार स्टड के रूप में हुई है। बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नवंबर 2025 की शाम बदमाशों के झुंड बनाकर दामोदर नगर स्थित वरदान गैलेक्सी के पास खड़े होने की सूचना मिली थी, इस पर वह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने पथराव करने के साथ ही फायरिंग की। जवाब में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ गई, जिसके बाद आरोपित मौके से भाग निकले थे। हालांकि पुलिस ने दौड़ाकर आरोपी अटल, अंकित व वैभव को मौके से पकड़कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य की तलाश की जा रही थी। गुरुवार रात आरोपी के यशोदा नगर बाईपास पर खड़े होने की जानकारी पर तत्काल घेराबंदी करके दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपी पर किदवई नगर और बर्रा में दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।
  • बस्ती में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत:अठदमा मिल के सामने बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मारी

    बस्ती के रुधौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क हादसे में 69 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा अठदमा मिल के सामने हुआ। अठदमा गांव निवासी जगदीश यादव (69) पुत्र श्रीराम यादव सुबह करीब 11 बजे साइकिल से दही लेकर डुमरियागंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जगदीश यादव साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस सेवा 108 को सूचना दी। घायल जगदीश यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुधौली लेकर गई। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मेमो के जरिए घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव सूचना मिलते ही रुधौली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल मोटरसाइकिल चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है और घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।
  • फर्रुखाबाद की कांशीराम कॉलोनी में घुसा पानी:1200 आवासों में भूतल के कमरों में भरा गंदा पानी; 10 दिन से जलभराव, रिश्तेदारों के यहां गए परिवार

    फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने के बीच शहर से सटी हैबतपुर गढ़िया की काशीराम कॉलोनी में पानी घुस गया है। कॉलोनी के भूतल पर बने कमरों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। चारों तरफ पानी भरा होने के कारण निवासियों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि यहां जमा पानी सिर्फ बाढ़ का नहीं है, बल्कि कटे हुए नाले का पानी भी इसमें शामिल है। उनका आरोप है कि नगर पालिका का कच्चा नाला कॉलोनी की ओर आता है और अक्सर कट जाता है। इसी वजह से बारिश और बाढ़ के दौरान हर साल यहां जलभराव की स्थिति बन जाती है। 1200 आवास, भूतल के अधिकांश घर पानी में काशीराम कॉलोनी में करीब 1200 आवास हैं। इनमें से भूतल पर बने अधिकांश घरों के कमरों में पानी भर गया है। पानी घरों के अंदर पहुंचने के कारण कई परिवार अपने कमरे छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। 10 दिन से ज्यादा समय से भरा है पानी स्थानीय लोगों के मुताबिक कॉलोनी में 10 दिन से अधिक समय से पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण रोजमर्रा के काम के लिए भी लोगों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। विनय गुप्ता बोले- कच्चा नाला कटने से बढ़ी समस्या कॉलोनी निवासी विनय गुप्ता ने बताया कि यहां भरा पानी बाढ़ और नाले दोनों का है। उन्होंने कहा कि नाला एक तरफ कच्चा है और उसके कट जाने से पानी कॉलोनी में आ गया। उनके मुताबिक 10 दिन से अधिक समय से पानी भरा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सुरेंद्र गुप्ता बोले- नीचे के सभी कमरों में पानी सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि पूरी कॉलोनी में पानी भरा हुआ है। नीचे बने लगभग सभी कमरों में पानी पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी अपेक्षाकृत कम है, जबकि नाले का पानी ज्यादा है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गजराज बोले- हर काम के लिए गंदे पानी से गुजरना पड़ता है कॉलोनी निवासी गजराज ने बताया कि 10 दिन से ज्यादा समय से पानी भरा है। लोगों को गंदे पानी से होकर ही आना-जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलना हो तो गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, लेकिन समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
  • सुनील भराला ने सीएम योगी को लिखा लेटर:स्कूलों में इंटर तक संस्कृत अनिवार्य करने की मांग, शिक्षकों की नियुक्ति और सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

    मेरठ में भाजपा नेता पंडित सुनील भराला ने संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने संस्कृत विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने, नियमित शिक्षकों की नियुक्ति करने और इंटरमीडिएट स्तर तक संस्कृत विषय को अनिवार्य करने की मांग की है। संस्कृत दिवस के अवसर पर भेजे गए इस पत्र में पंडित भराला ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान परंपरा, संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के संस्कृत विद्यालयों की स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया। भराला ने इन विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने, नियमित शिक्षकों की नियुक्ति करने और पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। उनका मानना है कि इसके बिना प्राचीन भाषा का संरक्षण संभव नहीं है। पंडित भराला ने मुख्यमंत्री से प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में इंटरमीडिएट स्तर तक संस्कृत विषय को अनिवार्य करने का भी आग्रह किया। उन्होंने तर्क दिया कि इससे विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे अपनी समृद्ध भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि संस्कृत में भारत की प्राचीन ज्ञान-विज्ञान परंपरा, दर्शन और साहित्य का विशाल भंडार है। नई पीढ़ी को इससे जोड़कर संस्कृत के प्रति गौरव और सम्मान की भावना को मजबूत किया जा सकता है। भराला ने संस्कृत दिवस पर सभी से इसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।