हाथरस सड़क हादसों में 11 घायल:अलग-अलग घटनाओं में पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी, हायर सेंटर रेफर

Written by

in

हाथरस जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कुल 11 लोग घायल हो गए। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें जिला अस्पताल में इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसों के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। रुहेरी के पास दो बाइकों की टक्कर, तीन घायल
हाथरस में अलीगढ़ रोड पर गांव रुहेरी के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में नगला नत्थू निवासी वीरेंद्र और श्रीनिवास समेत तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं और वह हादसे के बाद से बेहोश बताया जा रहा है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ऑटो की टक्कर से बाइक सवार चाची-भतीजा घायल
सिकंदराराऊ रोड पर बाहनपुर के निकट शाम करीब 5 बजे ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के मेंडू कस्बा निवासी नवीन और उनकी चाची नीलम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो को अलीगढ़ रेफर
सासनी क्षेत्र में गांव जरैया निवासी काशीराम पुत्र नवाब सिंह, जवाहरलाल पुत्र श्यामलाल और परवीन पुत्र कांति बाइक से पेट्रोल पंप जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जरैया मोड़ के पास एनएच-93 पर सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। डॉक्टरों ने काशीराम और परवीन को अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने जा रहे तीन लोग घायल
सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव बिलार के पास शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दीपपुर, अकराबाद निवासी सुखबीर (50), उनकी पत्नी शारदा (45) और सुनीता (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों रक्षाबंधन के मौके पर राखी बंधवाने जा रहे थे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात कराया सुचारु
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस संबंधित हादसों की जांच कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *