CM बोले डीबीटी से ड्रेस खरीदने को प्रेरित करें अधिकारी:गोरखपुर में अधिकारियों के साथ बैठक की; बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने को कहा

Written by

in

तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की शाम को गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। सीएम ने कहा कि शिक्षा विभाग में बच्चों के ड्रेस आदि के लिए पैसा डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजा जा रहा है। शिक्षा विभाग के अधिकारी यह तय करें कि इस पैसे से अभिभावक बच्चों के लिए ड्रेस आदि ही खरीदें। इसके लिए उन्हें जागरूक किया जाए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जाए। नेपाल के हालात पर भी नजर रखें। यदि बाढ़ की स्थिति बनती है तो उसके लिए तैयारी कर लें। जिन गांवों में पानी आया है, वहां बाढ़ प्रभावित लोगों की सुविधा का ख्याल रखा जाए। किसी को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर बरसात हो रही है, ऐसे में नगर निगम इस तरह का इंतजाम करे कि जलभराव न होने पाए। सीएम ने गोरखपुर में संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने एक-एक परियोजना की प्रगति के बारे में पूछा। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि परियोजनाओं को समय से पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी परियोजना में अनावश्यक रूप से विलंब नहीं होना चाहिए। अधिकारी नियमित रूप से इसकी निगरानी करते रहें। जहां जरूरत हो, वहां श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए। किसी भी दशा में परियोजनाएं लेट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विरासत गलियारा, गोड़धोइया नाला, असुरन-चारफाटक फोरलेन, एचएन सिंह चौराहा-गोरखनाथ मार्ग चौड़ीकरण, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, वेटरनरी कॉलेज, एकीकृत मंडलीय कार्यालय आदि योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। जहां लाइन लॉस ज्यादा, वहां करें सुधार
सीएम ने बिजली निगम के कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कटौती नहीं होनी चाहिए। सीएम ने कहा कि जहां लाइन लॉस ज्यादा है (बिल जमा नहीं हो रहे), उन क्षेत्रों में निगरानी की जाए। लोगों को बिजली का बिल जमा करने के लिए जागरूक किया जाए। लाइन लॉस को हर हाल में सुधारा जाए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करें
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अस्पतालों में व्यवस्थाओं की नियमित रूप से निगरानी करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिशु एवं मातृ मृत्यु दर कम करने पर जोर दिया जाए। सीएम शनिवार को सुबह देवरिया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। उसके बाद बलिया में बाढ़ के हालातों का जायजा भी लेंगे। शाम 4 बजे वापस गोरखपुर आएंगे और राप्तीनगर में निर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *