सीतापुर में कार की टक्कर से महिला की मौत:राखी बांधकर बेटे संग लौट रही थी, बेटा गंभीर घायल, कार चालक हिरासत में

Written by

in

सीतापुर के बिसवां कोतवाली इलाके में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे भाई को राखी बांधकर बाइक से घर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा कोतवाली क्षेत्र में गुरेरा और बुढ़नापुर के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार सकरन निवासी करीब 50 वर्षीय श्यामकली पत्नी रमेश अपने बेटे के साथ बाइक से मायके महुआ पुरवा गई थीं। रक्षाबंधन के अवसर पर उन्होंने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद मां-बेटा बाइक से अपने गांव सकरन वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों अभी गुरेरा और बुढ़नापुर के बीच पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद श्यामकली को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय सीतापुर भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *