
यूपी टी-20 लीग के 23वें मुकाबले में काशी रुद्रास ने नोएडा सुपर किंग्स को 67 रन से हरा दिया। टीम ने शानदार बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर यह जीत दर्ज की। कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में काशी के कप्तान करन शर्मा ने तूफानी शतक लगाया। नोएडा सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। काशी के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात हुई और नोएडा के गेंदबाज दबाव में नजर आए। ओपनर्स का गदर, करन-अभिषेक ने पहले विकेट के लिए जोड़े 102 रन पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ओपनर अभिषेक गोस्वामी और कप्तान करन शर्मा ने नोएडा के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए पहले विकेट के लिए महज 102 रनों की शतकीय साझेदारी की। अभिषेक गोस्वामी ने 34 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 63 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भी कप्तान करन शर्मा का बल्ला थमा नहीं और उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए। 200 की स्ट्राइक रेट से करन शर्मा की ‘सेंचुरी’, काशी ने बनाए 217 रन काशी के कप्तान करन शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 51 गेंदों पर 102 रन ठोके। अपनी इस शतकीय पारी में उन्होंने 12 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़े। करन के इस शतक की बदौलत काशी रुद्राक्ष ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 217 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यूपी टी-20 लीग 2026 में करन शर्मा का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने अब तक खेले 9 मैचों में 37.25 की औसत और 146.80 के स्ट्राइक रेट से 298 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान उनके बल्ले से 22 छक्के और 18 चौके निकले हैं। 150 रन पर सिमटी नोएडा, काशी के गेंदबाजों का चला जादू 218 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा सुपर किंग्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। काशी रुद्राक्ष के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए नोएडा के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। नोएडा की ओर से मोहम्मद कौशिक ने 42 रन (29 गेंद, 2 चौके, 4 छक्के) और शोएब रशीद सिद्दीकी ने 30 रन (18 गेंद, 2 चौके, 3 छक्के) बनाकर थोड़ा संघर्ष दिखाया, लेकिन बाकी के बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। विजय यादव और ऋषभ राजपूत की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी नोएडा टीम 18.4 ओवर में 150 रनों पर ऑलआउट हो गई और काशी रुद्राक्ष ने 67 रनों से बड़ी जीत अपने नाम कर ली।
Leave a Reply