
Category: up
-
संभल में डिवाइडर से बाइक टकराई, युवक की मौत:रक्षाबंधन पर पत्नी को ससुराल से बुलाने गया था, बेटा-बेटी को छोड़ा
संभल के आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में घायल बाइक सवार को पुलिस एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान सड़क हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद हुई। यह घटना शुक्रवार शाम 6 बजे हुई। यह सड़क हादसा संभल जनपद की गुन्नौर तहसील के थाना बबराला क्षेत्र के गांव ईटाउआ के पास हुआ। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रवि कुशवाह पुत्र खुशीराम, निवासी गांव हरगोविंदपुर, थाना जुनावई के रूप में हुई है।रवि कुशवाह अपनी पत्नी प्रीति को रक्षाबंधन के त्योहार के लिए शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे ससुराल बुलाने गए थे। प्रीति काफी समय से अपने मायके गांव शाहजहानाबाद, थाना बबराला में रह रही थीं। हालांकि, पत्नी ने उनके साथ आने से इनकार कर दिया था। पत्नी के इनकार के बाद रवि बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद युवक बाइक के साथ करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, उनकी मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई थी, लेकिन पुलिस उन्हें सरकारी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। रवि की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वह अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके पिता का निधन कुछ साल पहले हो चुका है। रवि के भाई राजकुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी को बुलाने ससुराल गए थे, लेकिन पत्नी ने साथ आने से मना कर दिया। इसके बाद वह अकेले बाइक से घर लौट रहे थे। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने पुष्टि की कि युवक की मौत बाइक के डिवाइडर से टकराने के कारण हुए सड़क हादसे में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। -
बंदी भाइयों से मिलीं बहनें:गुरमा जेल में भाइयों की कलाइयों पर बहनों ने बांधी राखी
सोनभद्र के गुरमा स्थित जिला कारागार में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व भावुक माहौल में मनाया गया। बंदी भाइयों से मिलने पहुंची बहनों ने उनकी कलाइयों पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर सुख-समृद्धि व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लंबे समय बाद भाई-बहनों की मुलाकात से जेल परिसर में भावनात्मक माहौल रहा। सुबह से ही जेल परिसर में जुटीं बहनें
रक्षाबंधन के मौके पर सुबह से ही कारागार परिसर में मुलाकातियों की भीड़ लगी रही। बहनों ने भाइयों से उनका हालचाल पूछा। वहीं, बंदी भाइयों ने भी बहनों के प्रति अपने स्नेह का इजहार करते हुए उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया। जांच और औपचारिकताओं के बाद कराई गई मुलाकात
जेल प्रशासन ने रक्षाबंधन पर मुलाकातियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद बंदियों को उनके परिजनों से मुलाकात कराई गई। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन की टीम मौजूद रही। जेल अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र, जेलर अरविंद कुमार सिन्हा, उपकारापाल शशांक, गौरव कुमार और गरिमा कुमारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में रक्षाबंधन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। -
बांदा में 5.5 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार:ऑपरेशन ईगल के तहत कार्रवाई, 47.1 ग्राम स्मैक और बाइक बरामद; सप्लायर फरार
बांदा में ‘ऑपरेशन ईगल’ के तहत बिसंडा पुलिस ने शुक्रवार रात एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 47.1 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। इसकी कीमत करीब 5.5 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी बाइक से गांव-गांव जाकर स्मैक बेचता था। मुखबिर की सूचना पर पकड़ा पुलिस रक्षाबंधन को लेकर क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक युवक स्मैक लेकर बिलगांव-खुरहंड रोड से गुजरने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में मिली 47.1 ग्राम स्मैक पकड़े गए युवक ने अपना नाम धर्मराज पुत्र बच्चा बताया। वह ग्राम सहेवा, थाना गिरवां का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से 47.1 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली। गांव-गांव जाकर बेचता था स्मैक पूछताछ में धर्मराज ने पुलिस को बताया कि वह संजय नशीला उर्फ छंग्गू मास्टर से स्मैक खरीदता था। इसके बाद बाइक से अलग-अलग गांवों में जाकर ग्राहकों को महंगे दाम पर बेचता था। स्मैक सप्लायर अभी फरार पुलिस के अनुसार, धर्मराज को स्मैक उपलब्ध कराने वाला संजय नशीला उर्फ छंग्गू मास्टर अभी फरार है। वह भूरा डेरा, कनवारा, थाना कोतवाली नगर का निवासी बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी को कोर्ट भेजा बिसंडा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार धर्मराज को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। -
मुनीम से 8 लाख की लूट करने वाले 6 गिरफ्तार:पुलिस ने 250 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले, 6.70 लाख रुपए बरामद
फर्रुखाबाद के कायमगंज में उद्योगपति के मुनीम से 8 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने शुक्रवार शाम 5 बजे खुलासा कर दिया। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 6 लाख 70 हजार रुपये, दो बाइक, 315 बोर का तमंचा और सात मोबाइल बरामद किए गए हैं। एक आरोपी अभी फरार है। तमंचे की बट से हमला कर बैग छीना यह वारदात गुरुवार शाम करीब 6:10 बजे हुई थी। नारायण टुबैको कंपनी के मुनीम पंकज शर्मा स्कूटी से करीब 8 लाख रुपये लेकर गोदाम जा रहे थे। उन्हें मजदूरों को पेमेंट करना था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक बदमाश ने तमंचे की बट से उन पर हमला किया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। 250 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले एसपी आरती सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने 250 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। रास्ते में लगे सभी कैमरों को चेक किया गया। मुनीम से पूछताछ में भी पुलिस को अहम जानकारी मिली। सात लोगों ने मिलकर बनाई थी योजना पुलिस के अनुसार, शुरुआत में दो बदमाशों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई थी। जांच में सात लोगों के शामिल होने का पता चला। आरोपियों में से एक पहले नारायण टुबैको कंपनी के गोदाम में काम कर चुका था। उसे पता था कि मुनीम किस समय मजदूरों का पेमेंट लेकर जाता है। रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम आरोपियों ने पहले मुनीम की रेकी की थी। वारदात के दिन विक्की और अभय अलग-अलग जगह खड़े होकर मुनीम की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसके बाद एक आरोपी ने पीछे से तमंचे की बट से मुनीम पर दो-तीन बार हमला किया। बॉबी और उत्तम ने भी उसके साथ मारपीट की। मुनीम के गिरते ही आरोपी रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। 6 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार पुलिस ने उत्तम शुक्ला, मिथुन सक्सेना, अभय सक्सेना, बॉबी, अंग्रेज उर्फ राजकुमार और विकास कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यश नाम का आरोपी अभी फरार है। उसके पास लूट की बाकी रकम होने की बात सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। 6.70 लाख रुपए और तमंचा बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के 6 लाख 70 हजार रुपये, दो बाइक, 315 बोर का तमंचा और सात मोबाइल बरामद किए हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बाकी रकम भी बरामद होने की उम्मीद है। पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम एसपी आरती सिंह ने बताया कि घटना का खुलासा 24 घंटे से पहले कर लिया गया। खुलासे में कायमगंज पुलिस के साथ शमशाबाद थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। -
अमेठी में GNM छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के कमरे में मिला शव; परिवार ने जताई हत्या की आशंका
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में नर्सिंग की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के हॉस्टल में शुक्रवार को GNM अंतिम वर्ष की छात्रा का शव उसके कमरे में मिला. घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

हॉस्टल के कमरे में मिला शव
मृतका की पहचान सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के सईदुल्लापुर गांव निवासी दीप्ति यादव (21) के रूप में हुई. वह इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग में GNM अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और कॉलेज के हॉस्टल में रह रही थी. पुलिस के मुताबिक, छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी कॉलेज प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
सुबह परिवार से हुई थी बात
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय दीप्ति ने परिवार को बताया था कि उसकी परीक्षा होने वाली है और वह घर नहीं आ पाएगी. परिजनों का कहना है कि फोन पर बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था. इसके कुछ समय बाद छात्रा की मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
दीप्ति की मौत के बाद उसके परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि वे मौके पर पहुंच पाते, उससे पहले ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि, अभी तक पुलिस की जांच में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने हॉस्टल के कमरे का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, बातचीत और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर सकती है. गौरीगंज सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्रा की मौत की सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है.
-
15 साल की किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार:निमंत्रण से लौटने के बाद परिजनों को बताई आपबीती
गोंडा में वजीरगंज थाना क्षेत्र में 15 साल किशोरी से रेप का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पुलिस ने आरोपी अनुभव तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, किशोरी एक निमंत्रण में गई थी। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर अनुभव तिवारी ने उसे फोन करके बुलाया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। 26 अगस्त को दर्ज हुआ मुकदमा परिजनों ने 26 अगस्त को वजीरगंज थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। किशोरी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। सड़क के पास से आरोपी गिरफ्तार वजीरगंज पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे डुमरियाडीह-तरबगंज मार्ग के पास से अनुभव तिवारी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का गोंडा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल कराया गया। किशोरी का मजिस्ट्रेट के सामने होगा बयान थाना अध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब किशोरी का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले की जांच जारी है। -
फर्रुखाबाद की कांशीराम कॉलोनी में घुसा पानी:100 से ज्यादा कमरों में भरा गंदा पानी; 10 दिन से जलभराव, रिश्तेदारों के यहां गए परिवार
फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने के बीच शहर से सटी हैबतपुर गढ़िया की काशीराम कॉलोनी में पानी घुस गया है। कॉलोनी के भूतल पर बने कमरों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। चारों तरफ पानी भरा होने के कारण निवासियों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि यहां जमा पानी सिर्फ बाढ़ का नहीं है, बल्कि कटे हुए नाले का पानी भी इसमें शामिल है। उनका आरोप है कि नगर पालिका का कच्चा नाला कॉलोनी की ओर आता है और अक्सर कट जाता है। इसी वजह से बारिश और बाढ़ के दौरान हर साल यहां जलभराव की स्थिति बन जाती है। 1200 आवास, भूतल के अधिकांश घर पानी में काशीराम कॉलोनी में करीब 1200 आवास हैं। इनमें से भूतल पर बने अधिकांश घरों के कमरों में पानी भर गया है। पानी घरों के अंदर पहुंचने के कारण कई परिवार अपने कमरे छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। 10 दिन से ज्यादा समय से भरा है पानी स्थानीय लोगों के मुताबिक कॉलोनी में 10 दिन से अधिक समय से पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण रोजमर्रा के काम के लिए भी लोगों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। विनय गुप्ता बोले- कच्चा नाला कटने से बढ़ी समस्या कॉलोनी निवासी विनय गुप्ता ने बताया कि यहां भरा पानी बाढ़ और नाले दोनों का है। उन्होंने कहा कि नाला एक तरफ कच्चा है और उसके कट जाने से पानी कॉलोनी में आ गया। उनके मुताबिक 10 दिन से अधिक समय से पानी भरा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सुरेंद्र गुप्ता बोले- नीचे के सभी कमरों में पानी सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि पूरी कॉलोनी में पानी भरा हुआ है। नीचे बने लगभग सभी कमरों में पानी पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी अपेक्षाकृत कम है, जबकि नाले का पानी ज्यादा है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गजराज बोले- हर काम के लिए गंदे पानी से गुजरना पड़ता है कॉलोनी निवासी गजराज ने बताया कि 10 दिन से ज्यादा समय से पानी भरा है। लोगों को गंदे पानी से होकर ही आना-जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलना हो तो गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, लेकिन समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। -
मऊ में 16 वर्षीय युवक का शव बरामद:महादेव घाट पर नहाते समय डूबा था, रेलवे पुल के नीचे मिला
मऊ के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित महादेव घाट पर गुरुवार देर शाम नदी में नहाते समय 16 साल सुमित मद्धेशिया डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की। रातभर चले सघन तलाशी अभियान के बावजूद किशोर का पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। करीब 22 घंटे बाद दोपहर 3 बजे घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर रेलवे पुल के नीचे सुमित का शव बरामद हुआ। नहाते समय गहरे पानी में चला गया था किशोर
जानकारी के अनुसार, सुमित गुरुवार शाम करीब 5 बजे महादेव घाट पर नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और गोताखोरों ने रातभर नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सुबह फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
शुक्रवार सुबह पुलिस और गोताखोरों की टीम ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटे तक नदी में तलाश करने के बाद दोपहर करीब 3 बजे सुमित का शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर आगे रेलवे पुल के नीचे मिला। पुलिस ने शव बरामद कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार
पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। -
नोएडा हिंसा के मामले में आरोपी को जमानत:हाईकोर्ट ने पाया भीड़ हिंसा में आरोपी की कोई विशिष्ट भूमिका नहीं
इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना की एकल पीठ ने गौतमबुद्ध नगर के थाना फेज-2 में दर्ज भीड़ हिंसा मामले में आरोपी हिमांशु ठाकुर को सशर्त जमानत दे दी। 15 अप्रैल 2026 को दर्ज एफआईआर के अनुसार गौतमबुद्ध नगर की कंपनियों और सार्वजनिक स्थल पर करीब 450-500 महिलाओं और पुरुषों की भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ की, जिससे सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। आरोपी को 17 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था और वह 19 अप्रैल से जेल में बंद था। आरोपी पर 10 केस आरोपी का कहना था कि उसकी कोई विशेष भूमिका घटना में सामने नहीं आई है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से सात में वह पहले से जमानत पर है और तीन में जमानत अर्जी लंबित है। राज्य की ओर से अपर शासकीय अधिवक्ता ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए राज्यभर में हिंसा भड़काने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था और इंटरनेट के माध्यम से नफरत फैला रहा था। आरोपी की भूमिका की जांच की दोनों पक्षों को सुनने और रिकॉर्ड देखने के बाद अदालत ने पाया कि भीड़ हिंसा के इस मामले में आरोपी की कोई विशिष्ट भूमिका नहीं बताई गई है। इसी आधार पर, मामले के गुण-दोष पर टिप्पणी किए बिना, कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के गिरीश गांधी बनाम उत्तर प्रदेश राज्य (2024) मामले में दिए गए दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए जमानत अर्जी स्वीकार कर ली। आरोपी को व्यक्तिगत मुचलके और दो जमानतदारों की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया गया, साथ ही उसे न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करने का निर्देश भी दिया गया है। -
ललितपुर में बारिश से बांध उफनाए, 5 गेट खोले गए:माताटीला से 35 हजार और राजघाट से 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा; कई जगह मकान-पेड़ गिरे
ललितपुर में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदियां और तालाब उफान पर हैं। शुक्रवार शाम 6 बजे तक राजघाट, माताटीला, कंचनौदा, उटारी और शहजाद बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। भारी बारिश के कारण जिले में कई जगह मकान, पेड़ और बाउंड्रीवॉल गिरने की घटनाएं सामने आईं। शुक्रवार को माताटीला बांध के 12 गेट खोलकर करीब 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं राजघाट बांध के चार गेट खोलकर 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कंचनौदा के 3 गेट खुले, शहजाद में भी बढ़ा जलस्तर कंचनौदा बांध के तीन गेट खोलकर करीब 3,300 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। कंचनौदा से पानी छोड़े जाने के बाद शहजाद बांध का जलस्तर बढ़ गया, जिसके चलते उसके भी तीन गेट खोल दिए गए। उटारी बांध के पांच गेट खोलकर भी पानी छोड़ा जा रहा है। घिसौली मार्ग पर पेड़ गिरा, बिजली पोल भी सड़क पर आया दिनभर हुई बारिश के चलते जखौरा थाना क्षेत्र के घिसौली मार्ग पर एक पेड़ गिर गया। पेड़ के साथ विद्युत पोल भी सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 30 फीट लंबी बाउंड्रीवॉल ढही मड़ावरा तहसील क्षेत्र के टोरी गांव में धनीराम पुत्र कडोरे सेन के घर के पास बनी करीब 30 फीट लंबी बाउंड्रीवॉल जमीन धंसने के कारण गिर गई। बारिश के कारण मिट्टी कमजोर होने से यह हादसा हुआ। जमडार नदी के पुल पर पानी, प्रमुख मार्ग बाधित छायन-कुम्हेड़ी-बारोन-बगसपुर-गोना होते हुए कारीटोरन जाने वाले प्रमुख मार्ग पर भी बारिश का असर पड़ा। जमडार नदी पर बने पुल पर पानी आ जाने के कारण मार्ग बाधित हो गया। इससे आसपास के गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ। बार कस्बे में ग्रामीण का मकान ढहा लगातार बारिश के कारण कस्बा बार में ग्रामीण आशाराम प्रजापति का मकान भी शुक्रवार को ढह गया। हादसे में मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।