संभल में डिवाइडर से बाइक टकराई, युवक की मौत:रक्षाबंधन पर पत्नी को ससुराल से बुलाने गया था, बेटा-बेटी को छोड़ा

Written by

in

संभल के आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में घायल बाइक सवार को पुलिस एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान सड़क हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद हुई। यह घटना शुक्रवार शाम 6 बजे हुई। यह सड़क हादसा संभल जनपद की गुन्नौर तहसील के थाना बबराला क्षेत्र के गांव ईटाउआ के पास हुआ। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रवि कुशवाह पुत्र खुशीराम, निवासी गांव हरगोविंदपुर, थाना जुनावई के रूप में हुई है।रवि कुशवाह अपनी पत्नी प्रीति को रक्षाबंधन के त्योहार के लिए शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे ससुराल बुलाने गए थे। प्रीति काफी समय से अपने मायके गांव शाहजहानाबाद, थाना बबराला में रह रही थीं। हालांकि, पत्नी ने उनके साथ आने से इनकार कर दिया था। पत्नी के इनकार के बाद रवि बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद युवक बाइक के साथ करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, उनकी मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई थी, लेकिन पुलिस उन्हें सरकारी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। रवि की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वह अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके पिता का निधन कुछ साल पहले हो चुका है। रवि के भाई राजकुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी को बुलाने ससुराल गए थे, लेकिन पत्नी ने साथ आने से मना कर दिया। इसके बाद वह अकेले बाइक से घर लौट रहे थे। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने पुष्टि की कि युवक की मौत बाइक के डिवाइडर से टकराने के कारण हुए सड़क हादसे में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *