बैंक मैनेजर की पत्नी का मंगलसूत्र 6-सेकंड में उड़ाया, VIDEO:लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करते समय दांत से काटकर चुराया

Written by

in

लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान एक महिला ने बैंक मैनेजर की पत्नी का मंगलसूत्र दांत से महज 6 सेकंड में काटकर चुरा लिया। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। वह शिवलिंग पर जल चढ़ाती रहीं। मंगलसूत्र काटने वाली महिला भी उनके साथ ही गर्भगृह से बाहर निकल गई। बुधवार दिन में करीब 11.43 बजे की यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर पारा थानाक्षेत्र की है। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में महिला पीछे से बैंक मैनेजर की पत्नी के गले से मंगलसूत्र काटती नजर आ रही है। बैंक मैनेजर ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने में जुटी है। 5 तस्वीरें देखिए… जानिए पूरा मामला… जानकीपुरम निवासी आशुतोष पांडेय एचडीएफसी बैंक में ब्रांच मैनेजर हैं। उनकी पत्नी ममता पांडेय बुधवार दोपहर बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन करने गई थीं। सावन में मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। बुधवार को भी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। बैंक मैनेजर की पत्नी लाइन में आगे बढ़ते हुए गर्भगृह में पहुंचीं और पूजा करने लगीं। पूजा के दौरान जल चढ़ाने के लिए वह झुकीं, तभी दूसरी महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर पीछे से उनके गले से मंगलसूत्र काटकर चोरी कर लिया। मंगलसूत्र चोरी होने की भनक तक मैनेजर की पत्नी को नहीं लगी। वह पूजा कर बाहर निकल गईं। आरोपी महिला भी उनके पीछे आराम से बाहर निकल गई। भीड़ से अलग होने के बाद उन्हें गले में कुछ कमी महसूस हुई। टटोलने पर मंगलसूत्र नहीं मिला। वह घर पहुंचीं और अपने पति को पूरी बात बताई। इसके बाद पति ने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। मंदिर का सीसीटीवी निकलवाया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि, महिला की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं सावन माह में बुधवार को बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की बाइक, मोबाइल, पर्स, मंगलसूत्र और सोने की चेन चोरी होने की कई शिकायतें सामने आई हैं। गर्भगृह में हुई कुछ चोरियों की फुटेज भी सामने आई हैं। दरअसल, सोमवार की तरह बुधवार को भी बुद्धेश्वर महादेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और चोर इसी का फायदा उठाते हैं। आलमबाग निवासी राम जी की सोने की चेन बुधवार को दर्शन के दौरान चोरी हो गई। 12 अगस्त को दुबग्गा निवासी निशा ने गर्भगृह के अंदर से सोने की चेन चोरी होने की शिकायत की थी। सत्यम सिटी निवासी गणेश कुमार चौबे की चेन गर्भगृह के पास से चोरी हुई। अजगैन निवासी सरोजनी देवी और बीकेटी निवासी सोनम पाल ने भी चेन चोरी की शिकायत की। मानकनगर आरडीएसओ निवासी वीरू मौर्य का मोबाइल दर्शन के दौरान चोरी हो गया। 11 अगस्त को मानकनगर कनौसी निवासी आशा का थैला काटकर पर्स चोरी कर लिया गया। पर्स में करीब 1,500 रुपये, जरूरी दस्तावेज और सोने का लॉकेट था। बुद्धेश्वर निवासी रागिनी चौरसिया और फतेहगंज निवासी ममता यादव के पर्स चोरी होने की शिकायत भी सामने आई। पर्स से रुपए और पार्किंग से बाइक गायब हिन्द नगर निवासी अतुल पाल के पर्स से करीब 4,300 रुपये और तकरोही-इंदिरानगर निवासी माधुरी के पर्स से करीब 3,000 रुपये चोरी हो गए। मायापुरम, पारा निवासी मुस्कान रावत का पर्स भी चोरी हुआ। इससे पहले 5 अगस्त को राजाजीपुरम निवासी रश्मि मिश्रा के सोने के लॉकेट और चेन चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। मुन्नू खेड़ा निवासी प्रभु दयाल 26 अगस्त को दर्शन करने बुद्धेश्वर मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के बाहर से उनकी पैशन प्रो बाइक चोरी हो गई। चोरी करने वाली महिलाओं का कोई निश्चित ठिकाना नहीं पारा थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया- ये महिलाएं कुछ समय के लिए लखनऊ आती थीं। इनका यहां कोई निश्चित ठिकाना नहीं है। घटना को अंजाम देने के बाद वे मौके से फरार हो जाती थीं। पुलिस उनके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं के बारे में और जानकारी जुटा रही है। ……………. ये खबर भी पढ़िए… लखनऊ में चेन झपटने वाली जेठानी-देवरानी गिरफ्तार:ऑटो में छीनती थीं सोने की चेन; बताया बाराबंकी, निकलीं कुशीनगर की लखनऊ में चेन झपटने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार हुई हैं। गुरुवार को पारा पुलिस ने इन्हें जेल भेज दिया। तीनों महिलाओं को बुधवार को सिंगारनगर मेट्रो स्टेशन के पास लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। शुरुआत में अपनी पहचान बाराबंकी की निवासी के रूप में बताती रहीं। गहनता से पूछताछ में बताया कि कुशीनगर की रहने वाली हैं और वहां के आईडी कार्ड भी दिए। इन महिलाओं ने यह भी कबूल किया है कि पिछले महीने एक बुजुर्ग महिला की भी चेन स्नेचिंग की थी। उम्र में सबसे बड़ी महिला जेठानी, दूसरे नंबर की उसकी देवरानी और सबसे छोटी वाली महिला जेठानी की बेटी है। पढ़िए पूरी खबर…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *