
मुरादाबाद में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे गांगन नदी पर बना लकड़ी का अस्थाई पुल अचानक टूट गया। इससे बाइक सवार दंपती और उनके तीन बच्चे वाहन समेत नदी में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने पिता और दो बच्चों को बचा लिया, जबकि महिला और उसका एक बच्चा तेज बहाव में बह गए। करीब दो घंटे के रेस्क्यू के बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया। तीसरा बच्चा अभी लापता है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… तीन लकड़ियां टूटीं और नदी में जा गिरी बाइक हादसा शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मझोला थाना क्षेत्र के मलकद्दा स्थित चट्टा पुल पर हुआ। छजलैट के महमूदपुर निवासी मजदूर अनिल रक्षाबंधन पर पत्नी किरन और बच्चों के साथ कुंदरकी के नानपुर गांव स्थित ससुराल गए थे। राखी बंधवाने के बाद परिवार बाइक से लौट रहा था। जैसे ही बाइक लकड़ी के पुल पर पहुंची, अचानक पुल की तीन लकड़ियां टूट गईं। बाइक अनियंत्रित हुई और पूरा परिवार गांगन नदी में जा गिरा। पिता और दो बच्चों को लोगों ने बचाया हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव के लिए दौड़े। स्थानीय गोताखोरों की मदद से अनिल और उनके दो बच्चों केशव व काफिया को नदी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं किरन और उनका तीसरा बच्चा प्रियांशु तेज बहाव में बह गए। दो घंटे बाद मिला महिला का शव सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मलकद्दा गांव से स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर मां-बेटे की तलाश शुरू कराई गई। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी हुई। गोताखोरों ने टॉर्च की रोशनी में करीब दो घंटे तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद किरन को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रियांशु की तलाश अभी जारी है। एसडीआरएफ को भी बुलाया गया हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया है। नदी में तेज बहाव और अंधेरे के बीच मासूम की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है। अस्थाई लकड़ी के पुल की सुरक्षा और उसकी जर्जर हालत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। SSP बोले- सर्च अभियान जारी मुरादाबाद के SSP सतपाल अंतिल ने बताया कि महिला के पति और 2 बच्चों को बचा लिया गया है। महिला और उसका एक बच्चा नदी में बह गए थे। सर्च ऑपरेशन के बाद महिला को ढूंढ लिया गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की तलाश में अभियान जारी है।
Leave a Reply