
रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जा रही महिला का लाखों का पर्स रास्ते में खो गया, लेकिन आगरा पुलिस ने उसकी राखी की खुशी फीकी नहीं होने दी। पिनाहट पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से महज कुछ घंटों में पर्स खोजकर महिला को लौटा दिया। पर्स में सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन था। एक महिला अपने मायके फतेहाबाद क्षेत्र के फरेरा गांव में भाई को राखी बांधने जा रही थी। रास्ते में वह पिनाहट के भदरौली कस्बे में चाऊमीन की दुकान पर रुकी। जल्दबाजी में वह अपना पर्स वहीं भूल गई और फरेरा पहुंच गई। फरेरा पहुंचने पर जब उसे पर्स की याद आई तो उसके होश उड़ गए। पर्स में सोने की चैन, मंगलसूत्र, कानों के झाले, नाक की बाली, चांदी की कमरबंद और मोबाइल फोन रखा था। कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। महिला ने तुरंत चौकी भदरौली थाना पिनाहट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने महिला से उसके आने का पूरा रूट पूछा। पुलिस टीम ने भदरौली बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। जांच में पता चला कि महिला का पर्स चाऊमीन की दुकान पर ही छूटा है और दुकानदार ने उसे संभालकर रखा है। पुलिस ने दुकान पर पहुंचकर पर्स को कब्जे में लिया और जांच के बाद पीड़िता को थाने बुलाकर पूरा सामान सहित पर्स सौंप दिया। अपना सारा सामान सुरक्षित वापस पाकर महिला की आंखों में आंसू आ गए। उसने आगरा पुलिस का आभार जताया।
Leave a Reply