
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार सुबह से ही बहनों और भाइयों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही बहनों ने शुभ मुहूर्त में अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उनकी रक्षा का वचन देने के साथ-साथ मनपसंद और आकर्षक उपहार भेंट किए। हर साल राखी पर भद्रा की बाधा बहनों को परेशान करती थी, लेकिन इस बार रक्षाबंधन पूरी तरह से भद्रा दोष से मुक्त है। ज्योतिषाचार्य आरती दुबे के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 8:33 बजे शुरू हुई थी, जो 28 अगस्त शुक्रवार की सुबह 9:19 बजे तक रही। 27 अगस्त को पूर्णिमा के साथ ही शुरू हुई भद्रा रात 8:56 बजे ही समाप्त हो गई थी। शास्त्रों में भद्रा काल के दौरान रक्षाबंधन और होलिका दहन जैसे शुभ कार्य पूरी तरह वर्जित माने गए हैं। लेकिन 28 अगस्त को उदयातिथि की पूर्णिमा भद्रारहित मिल रही है। इसी वजह से शुक्रवार को बहनें पूरे दिन बिना किसी संशय या बाधा के अपने भाइयों को राखी बांध सकेंगी और श्रावणी उपाकर्म के तहत पूजन-अनुष्ठान के सभी विधान पूरे किए जा सकेंगे। प्रदोष काल तक शुभ समय, धार्मिक अनुष्ठानों की धूम धर्मशास्त्रों के अनुसार रक्षाबंधन का पर्व मनाने के लिए अपराह्न काल से लेकर प्रदोष काल (सूर्यास्त के तुरंत बाद लगभग डेढ़ से दो घंटे का समय) तक का समय अत्यंत शुभ माना गया है। उदयातिथि का मान होने के कारण पूरे दिन मंदिरों और घरों में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। स्नान और दान के साथ राखी पूर्णिमा का यह पर्व शहरभर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मिठाइयों और गिफ्ट हैंपर्स से चमका बाजार त्योहार को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से ही भारी चहल-पहल देखी जा रही है। मिठाइयों, राखियों और गिफ्ट्स की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। इस बार पारंपरिक मिठाइयों के अलावा ड्राई फ्रूट्स और आकर्षक पैकिंग वाले गिफ्ट हैंपर्स की भारी डिमांड देखने को मिल रही है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए छोटे बजट से लेकर प्रीमियम रेंज तक के पैक्स उपलब्ध कराए हैं। लोग रिश्तेदारों और बहनों को देने के लिए मिठाई के साथ-साथ ड्राई फ्रूट के फैंसी पैकेट्स को काफी पसंद कर रहे हैं।
Leave a Reply