महिला सिपाही से अश्लील इशारे, कार में बैठने का दबाव:अलीगढ़ में शराबी ने बोतल फेंकी, पति ने विरोध किया तो गाली देकर भागा, पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच

Written by

in

बन्नादेवी थाना क्षेत्र में तीन साल की बेटी के साथ घूम रही महिला सिपाही से कार सवार युवक द्वारा कथित तौर पर अश्लील इशारे करने और उसे कार में बैठने के लिए पैसे ऑफर करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के विरोध करने पर युवक ने शराब की बोतल गुस्से में फेंक दी और दोबारा कार घुमाकर महिला के सामने आ गया। पति ने विरोध किया तो उसके साथ भी गाली-गलौज की। घटना 2 सितंबर की रात करीब 9 बजे की बताई गई है। मामले में बन्नादेवी पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति ने शिकायत में क्या बताया
महिला सिपाही के पति ने बन्नादेवी थाने में दी शिकायत में बताया कि वह जिला पुलिस में कार्यरत अपनी पत्नी और तीन साल की बेटी के साथ घर के बाहर जीटी रोड पर घूम रहे थे। इसी दौरान UP 81 DX 5999 नंबर की सफेद कार वहां आकर रुकी। शिकायत के मुताबिक, कार में बैठा व्यक्ति शराब पी रहा था। उसने महिला को आवाज देकर कथित तौर पर अश्लील इशारे करना शुरू कर दिया और पैसे का लालच देकर कार में बैठने के लिए कहा। महिला सिपाही ने उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर युवक ने शराब की बोतल गुस्से में फेंक दी और कार को दोबारा घुमाकर महिला के पास ले आया। इसके बाद कार का गेट खोलकर फिर से कथित तौर पर अश्लील इशारे करने लगा।
पति ने टोका तो बोला- ‘गाड़ी में बैठो, पैसे दूंगा’
शिकायत में बताया कि जब उसने युवक को ऐसा करने से रोका तो उसने उसके साथ भी अभद्रता की। आरोप है कि युवक ने उसे गाड़ी में बैठकर बात करने और पैसे देने की बात कही। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीओ द्वितीय धनंजय के अनुसार पुलिस कार नंबर और शिकायत में बताए गए घटनाक्रम के आधार पर आरोपी की पहचान और घटना की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *