मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डॉक्टर-तीमारदार भिड़े:गाली-गलौज के बाद म****ट और तोड़फोड़, पुलिस ने संभाली स्थिति

Written by

in

देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शनिवार सुबह 11 बजे मरीज के तीमारदारों और डॉक्टर के बीच विवाद हो गया। यह विवाद मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया, जिससे इमरजेंसी में हंगामा मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। जानकारी के अनुसार, एक मरीज का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे इंजेक्शन और दवा देने की बात कही। इसी दौरान मरीज को भर्ती करने और इंजेक्शन लगाने को लेकर डॉक्टर और तीमारदारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ तीमारदारों ने डॉक्टर के साथ बदतमीजी की और उनका कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद गाली-गलौज होने लगी। तीमारदारों पर कुछ बाहरी युवकों को बुलाने का भी आरोप है, जिसके बाद डॉक्टर के साथ मारपीट की गई। इस मारपीट और हंगामे में कई लोगों को चोटें आने की खबर है। इमरजेंसी में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में इमरजेंसी के हालात सामान्य किए गए। पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। आरोपों और घटना के दौरान हुई तोड़फोड़ की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *