
हरदोई में सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद एक युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज की। शादी के सिर्फ दो साल बाद ही युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार देर शाम करीब 7 बजे उसका शव कमरे में साड़ी के पल्लू से फंदे पर लटका मिला। शनिवार के दोपहर 3 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जानकारी के अनुसार, शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर कल्लू गांव निवासी शिवम राजपूत की मुलाकात अयोध्या (फैजाबाद) जिले के कनकपुर जगरौली निवासी नीतू यादव (22) से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। ऑनलाइन चैटिंग से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग जाति के होने के कारण दोनों परिवारों में इस रिश्ते को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद करीब दो साल पहले शिवम और नीतू ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर फैजाबाद में लव मैरिज कर ली। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। शुक्रवार शाम को नीतू की सास रामपोथी किसी काम से उसे ढूंढते हुए उसके कमरे में पहुंचीं। कमरे का दृश्य देखते ही वे चीख पड़ीं। नीतू ने कमरे के अंदर साड़ी के पल्लू से फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। सास की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। शिवम ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही उसने तुरंत नीतू के भाई अर्जुन को फोन करके पूरी जानकारी दी। शिवम का कहना है कि उनके बीच सब कुछ ठीक चल रहा था और कभी कोई विवाद या लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Leave a Reply