बेटे पर चाकू से हमला कर पिता फरार:गोंडा में शादी का विरोध करने पर वारदात, 4 दिन से लखनऊ में भर्ती बेटे का इलाज जारी

Written by

in

गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र के साबरपुर गांव में बेटे पर चाकू से हमला करने वाला पिता चार दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी नसरुल्लाह ने बुधवार देर रात अपने 22 वर्षीय बेटे तनवीर पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात के बाद से वह फरार है। तनवीर का पिछले चार दिनों से लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें और सर्विलांस टीम लगाई गई हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि नसरुल्लाह एक महिला से शादी करना चाहता था। तनवीर अपने पिता के इस फैसले का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान नसरुल्लाह ने तनवीर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रेन पकड़कर फरार हुआ, गाड़ी स्टेशन पर छोड़ी वारदात के बाद नसरुल्लाह बभनान रेलवे स्टेशन पहुंचा। उसने अपनी चार पहिया गाड़ी स्टेशन पर खड़ी की और ट्रेन पकड़कर फरार हो गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। उसने बेटे का मोबाइल फोन भी रास्ते में कहीं फेंक दिया, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में पुलिस को परेशानी हो रही है। रिश्तेदारों और परिचितों के ठिकानों पर छापेमारी खोड़ारे थाना पुलिस आरोपी की तलाश में उसके रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की तीन टीमें पिछले चार दिनों से गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं। आरोपी के मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के कारण सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन पता करने में भी दिक्कत आ रही है। खोड़ारे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि आरोपी ट्रेन से फरार हुआ है और मोबाइल फोन साथ नहीं ले गया था। पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश में लगी हैं। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। घायल तनवीर का लखनऊ के अस्पताल में इलाज जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *