Category: up

  • गांधी उद्यान के सामने बनेगा भव्य गौतम बुद्ध चौक:नाथ कॉरिडोर से चमकेगी बरेली, चौराहे का होगा कायाकल्प, सुगम होगा ट्रैफिक, बीडीए ने तैयार किया मास्टर प्लान

    नाथ कॉरिडोर के तहत बरेली को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की कवायद तेज हो गई है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने गांधी उद्यान के सामने स्थित चौराहे के पुनर्विकास की रूपरेखा तैयार की है। योजना के अनुसार, इस पूरे इलाके का समग्र कायाकल्प किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। इस चौराहे पर भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित कर इसे आधिकारिक तौर पर ‘गौतम बुद्ध चौक’ के रूप में पहचान दी जाएगी। गांधी उद्यान परिसर में बनेगी आकर्षक फोकस वॉल
    सौंदर्यीकरण की कड़ी में गांधी उद्यान परिसर में नाथ नगरी की धार्मिक आभा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती विशेष फोकस वॉल भी तैयार की जाएगी। यह वॉल नाथ कॉरिडोर की थीम पर आधारित होगी, जो शहरवासियों के साथ पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी और पूरे इलाके को एक विशिष्ट रूप देगी। समिति ने प्रस्ताव का स्वागत कर दिए अहम सुझाव
    प्रस्तावित योजना को लेकर गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय से मुलाकात की। समिति ने चौक के नामकरण और प्रतिमा स्थापना के फैसले का स्वागत करते हुए इसे बौद्ध समाज की भावनाओं के अनुरूप बताया। साथ ही, पार्क में स्तूपाकार प्रवेश द्वार बनाने और मार्ग पर भगवान बुद्ध के धम्म उपदेशों को प्रदर्शित करने के सुझाव भी दिए। हर वर्ग तक पहुंचेगा विकास का लाभ: बीडीए उपाध्यक्ष
    बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि यह परियोजना मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप शहर की पहचान, आस्था और संस्कृति को संवारने की दिशा में बड़ा कदम है। शहर का विकास इस तरह किया जा रहा है कि उसका सीधा फायदा हर नागरिक तक पहुंचे। चौराहे के कायाकल्प, भव्य प्रतिमा और गांधी उद्यान की फोकस वॉल से नाथ कॉरिडोर को नई भव्यता मिलेगी। उन्होंने समिति द्वारा दिए गए रचनात्मक सुझावों को भी विकास प्रक्रिया में शामिल करने का भरोसा दिया। दिशा-निर्देशन में तेजी से आगे बढ़ रहे विकास कार्य
    नाथ कॉरिडोर से जुड़े तमाम विकास कार्य कमिश्नर बरेली शंभू कुमार के संरक्षण एवं दिशा-निर्देशन में तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। शहर के सभी प्रमुख स्थलों को बेहतर ट्रैफिक, आधुनिक सुविधाओं, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए सर्वांगीण विकास का रोडमैप जमीन पर उतारा जा रहा है। बैठक में मौजूद समिति के सदस्यों ने पूरी कार्ययोजना पर अपनी सहमति जताते हुए प्रशासन की इस पहल को सराहा।
  • गोरखपुर में हर्षोल्लास से मना शिक्षक दिवस:स्कूल में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों का सम्मान किया

    गोरखपुर में गगहा क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान नयश इंटरनेशनल स्कूल में 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। छात्र-छात्राओं ने अपने प्रिय शिक्षकों के सम्मान में सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें स्वागत गीत, भाषण, कविता पाठ और नृत्य शामिल थे। बच्चों ने शिक्षकों के समाज में योगदान और उनके महत्व पर अपने विचार रखे। सभी शिक्षकों को बच्चों द्वारा सम्मानित किया गया और कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस सफल आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक श्री सत्यवीर सिंह का मार्गदर्शन सराहनीय रहा। विद्यालय के सभी शिक्षकगण श्री राजकुमार सर, सोनी तिवारी, खुशबू सिंह, नीतू, अर्चना, अंजली, मार्था, बचाओ, संदीप सर एवं अन्य समस्त शिक्षकगण का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा। सभी शिक्षकों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में प्रबंधक महोदय ने सभी बच्चों को आशीर्वाद दिया और शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं। पूरे विद्यालय परिसर में हर्ष और उल्लास का माहौल रहा.
  • अयोध्या से रवाना हुए गोविंद देवगिरी, रामलला की आरती से अन्नक्षेत्र तक का बताया नया मास्टरप्लान

    राम मंदिर के महासचिव गोविंद देव गिरी महाराज अयोध्या से रवाना हो गए हैं. इस दौरान उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अगली बैठक 2 दिसंबर को होगी. साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि राम मंदिर में रामलला के आरती पूजन में बदलाव किया गया है. अब से रामलला का आकर्षक श्रृंगार होगा, अंदर और बाहर दो समूह में अर्चक रामलला की आरती करेंगे. उन्होंने कहा कि कलात्मक आरती से रामलला को रिझाया जाएगा और अखंड श्री राम नाम का जाप शुरू होगा. इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि रोजाना पंच देवता यज्ञ किया जाएगा और साथ ही माता सीता के नाम पर अयोध्या में अन्न क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा.

    उन्होंने ट्रस्ट में शामिल हुए तीन नए सदस्यों को लेकर कहा कि दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के एडवोकेट मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव को न्यास मंडल में शामिल किया गया है. इसमें कोषाध्यक्ष का पद महेश भागचंदका को दिया गया है और महासचिव के रूप में सेवा करने का दायित्व न्यास के माध्यम से भगवान श्री राम ने मुझे सौंपा है. उन्होंने कहा कि यह दायित्व बहुत बड़ा है और मेरा विश्वास है कि उसे निर्वाह करने का बल भी भगवान स्वयं देंगे.

    राम मंदिर में हुए जन्माष्टमी समारोह को किया याद

    ट्रस्ट के महासचिव ने आगे कहा, ‘मुझे विश्वास है कि न्यास मंडल अब बहुत अच्छा काम करेगा. उसका शुभारंभ हम लोगों ने कल ही कर दिया है. कल आप लोगों ने देखा होगा, भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव था, जन्माष्टमी का उत्सव पहली बार झूले में भगवान को झुलाकर के मनाया गया और आरती का भी हम लोगों ने जो परिवर्तन किया है, वह भी लोगों को बहुत रास आ रहा है’.

    अगले हफ्ते से काम शुरू करेंगे CEO जितेंद्र मिश्रा

    उन्होंने ट्रस्ट के पहले सीईओ बने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को लेकर भी बताया कि उन्होंने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है, वो अपने घर की व्यवस्था करके तुरंत 4-5 दिन में यहां पर आएंगे और अगले हफ्ते से उनका काम सुचारू रूप से नियमित रूप से चलता रहेगा और इसके कारण और भी हमारा काम सरल होता रहेगा.

  • गोकुल में धूमधाम से मना नंदोत्सव,बांटी गई लाला की छीछी:शोभायात्रा निकाली गई, ‘नंद घर आनंद भयो’ के जयघोष गूंजे

    भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की नगरी गोकुल में शनिवार को सुबह दस बजे से नंदोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही पूरे गोकुल में ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘गोकुल में है रही जय-जयकार, नंद घर लाला जायौ है’ के जयघोष गूंजते रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी की शोभायात्रा पर फूल बरसाकर स्वागत किया और उत्सव का आनंद लिया। यह आयोजन निरंतर जारी है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे नंदभवन स्थित नंद किला मंदिर में सेवायत पुजारी मथुरा दास ने ठाकुरजी की आरती की। इसके बाद मंदिर परिसर से ठाकुरजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नंद बाबा और मां यशोदा के रूप में सजे कलाकार डोले के साथ शामिल हुए। खुदाबक्श की शहनाई की मधुर धुनें वातावरण को भक्तिमय बना रही थीं। शोभायात्रा नंदभवन से निकलकर बीच चौक, रतन चौक, गोकुल नाथजी मंदिर, राजा ठाकुर मंदिर और दाई वाला कुआं होते हुए नंद चौक पहुंची। रास्ते भर गोकुलवासियों और श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी पर फूल बरसाकर स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा रास चबूतरा पहुंची, जहां ठाकुरजी को विराजमान कर नंदोत्सव मनाया गया। नंदोत्सव में सेवायत पुजारी छनिया पंडित ने ठाकुरजी को झूला झुलाया। इसके बाद मंदिर के सेवायत पुजारियों ने परंपरा के अनुसार लाला की छीछी और उपहार बांटे। छीछी और उपहार पाने के लिए श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखा। जैसे ही पुजारियों ने उपहार लुटाए, श्रद्धालु उन्हें पाने के लिए उमड़ पड़े। हर कोई नंदोत्सव की मस्ती में डूबा नजर आया। उत्सव के दौरान ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों पर श्रद्धालु जमकर नाचे। वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो गया था। कार्यक्रम के खत्म होने पर फिर से ठाकुरजी की आरती की गई और उन्हें मंदिर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित, छनिया पुजारी, मैनेजर गिरधारी लाल भाटिया, लक्ष्मण शर्मा, मथुरा दास, विट्ठल पुजारी, पप्पू पुजारी, राममूर्ति पुजारी और राहुल चौहान सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
  • बुलडोजर न्याय नहीं… भेदभाव और नफरत की राजनीति का प्रतीक, सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण पर भड़के मौलाना अरशद मदनी

    जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट में स्थित एक प्राचीन मस्जिद को सुबह करीब 5 बजे गिराए जाने पर गहरा दुख और अफसोस जाहिर किया है. मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि इस घटना ने देश के सामने एक बार फिर एक बुनियादी सवाल खड़ा कर दिया है. क्या संविधान और कानून का पालन हर नागरिक और हर धर्म के लिए सचमुच एक समान है? अगर संविधान सभी को समानता, धार्मिक स्वतंत्रता और कानून के समान संरक्षण का अधिकार देता है, तो इसके असल अमल में दोहरा मापदंड क्यों दिखता है?

    मौलाना मदनी ने कहा कि सहारनपुर की घटना सिर्फ एक मस्जिद का मामला नहीं है, बल्कि यह संविधान की सर्वोच्चता, कानून के शासन, धार्मिक स्वतंत्रता, नागरिक समानता और राज्य की निष्पक्ष भूमिका से जुड़ा हुआ एक अत्यंत संवेदनशील मामला है. उन्होंने कहा कि 1991 में जो पूजा स्थल अधिनियम लाया गया था, वह अभी मौजूद है, प्रशासन की यह कार्रवाई न केवल उस अधिनियम का उल्लंघन है बल्कि जो नया वक्फ कानून लाया गया है.

    उसमें वक्फ बाई यूजर की धारा है, यह कार्य उसकी भी स्पष्ट अवहेलना है, और मस्जिद का वक्फ बोर्ड में पंजीकरण है, जिसका नंबर 451 है. महत्वपूर्ण बात यह है कि यह जमीन शुरू से ही याकूब खान और वहीद खान के नाम से है, इसके बावजूद कार्रवाई किस न्याय के अंतर्गत है?

    विशेष समुदाय को ही बनाया जा रहा निशाना

    उन्होंने यह भी कहा कि अगर अवैध कब्जा और अतिक्रमण ही कार्रवाई का एकमात्र मापदंड है तो फिर यही मापदंड हर धर्म, हर वर्ग के लिए समान होना चाहिए. लेकिन इस तरह के बहानों और कारणों से एक विशेष समुदाय को ही निशाना बनाया जा रहा है. मौलाना मदनी ने यह सवाल भी किया कि अगर देश के विभिन्न हिस्सों में सरकारी जमीनों, सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और दूसरी जगहों पर वर्षों और दशकों से धार्मिक निर्माण मौजूद हैं.

    तो क्या इन सभी निर्माणों के खिलाफ भी प्रशासन इसी जल्दबाजी, इसी सख्ती और इसी मापदंड से कार्रवाई कर रहा है? अगर ऐसा नहीं है तो फिर किसी एक धार्मिक स्थल के मामले में असाधारण सख्ती न्याय के सिद्धांत पर सवाल खड़ा करती है.

    मस्जिद कमेटी का पक्ष भी महत्वपूर्ण

    उन्होंने कहा कि किसी धार्मिक स्थल की मिल्कियत या जमीन से संबंधित कानूनी विवाद को अदालत में तय किया जा सकता है, लेकिन लंबे समय से जारी धार्मिक उपयोग, ऐतिहासिक दस्तावेजों और जमीनी तथ्यों को भी कानून के दायरे में पूरी गंभीरता से देखा जाना चाहिए. इस संबंध में मस्जिद कमेटी का पक्ष भी महत्वपूर्ण है.

    कमेटी ने अदालत में विभिन्न ऐतिहासिक दस्तावेज प्रस्तुत किए थे कि मस्जिद का अस्तित्व कलेक्ट्रेट की वर्तमान इमारत से पहले का है. कुछ रिपोर्टों के अनुसार कमेटी की ओर से 1911 से संबंधित दस्तावेज, नगरपालिका रिकॉर्ड और पुराने राजस्व अभिलेख भी अदालत के सामने रखे गए थे. लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया.

    उन्होंने आगे कहा कि ऐसी स्थिति में बुनियादी सवाल यह पैदा होता है कि अगर किसी स्थान पर एक सदी से अधिक समय तक बिना किसी रुकावट के नमाज अदा होती रही हो, पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोग उसे मस्जिद के रूप में इस्तेमाल करते रहे हों और उसके प्राचीन होने से संबंधित दस्तावेजी दावे भी मौजूद हों तो इस पूरी ऐतिहासिक वास्तविकता को महज एक प्रशासनिक विवाद के रूप में देखना कहां तक उचित है?

    देश किसी एक धर्म या किसी एक वर्ग का नहीं

    मौलाना मदनी ने कहा यह देश किसी एक धर्म या किसी एक वर्ग का नहीं है. भारत हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई और सभी धर्मों एवं आस्थाओं के लोगों का साझा वतन है. संविधान ने किसी को प्रथम श्रेणी और किसी को दूसरे दर्जे का नागरिक नहीं बनाया है. फिर प्रशासन के रवैये से ऐसा एहसास क्यों पैदा होता है कि धार्मिक पहचान न्याय के मापदंड को प्रभावित कर रही है?

    सिर्फ समान न्याय मांग

    उन्होंने कहा कि हम सरकार से कोई विशेष रियायत नहीं मांग रहे हैं, हम सिर्फ समान न्याय मांग रहे हैं. हमारा सवाल बिल्कुल सीधा है, जो कानून मस्जिद के लिए है, वही कानून हर धार्मिक स्थल के लिए क्यों नहीं है? जो मापदंड एक मुसलमान के लिए है, वही दूसरे नागरिक के लिए क्यों नहीं है? अगर संविधान और कानून सबके लिए हैं तो उसका संरक्षण और लागू करने में भी सबके लिए समान होना चाहिए.

  • लखनऊ में जन्माष्टमी उत्सव आयोजित:फूलों की होली संग भक्तों ने भजन संध्या में जमकर आनंद लिया

    लखनऊ के सरोजिनी नगर क्षेत्र में पराग रोड, विश्वनाथ एकेडमी के निकट स्थित राइजिंग डांस एकेडमी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार फूलों की होली खेलकर मनाया गया। इस अवसर पर भक्तों ने श्री कृष्ण भगवान और श्री राधा रानी का श्रृंगार किया और पूजा अर्चना की। भक्तजनों ने इस अवसर पर आयोजित भजन संध्या में हिस्सा लिया और जमकर झूमे। इस अवसर पर संस्था के प्रमुख अखिल ध्रु शुक्ला, निखिल द्रुपद शुक्ला, इशू मिश्रा, जया, विजया, शिखा सिंह एवं डॉक्टर प्रियंका सिंह उपस्थित रहे। राइजिंग डांस एकेडमी पिछले 7 वर्षों से युवाओं को नृत्य एवं योग के क्षेत्र में निपुण बना रहा है। संस्था से प्रशिक्षित छात्र कला के कई बड़े मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।
  • Aaj Ka Mausam: दिल्ली में आंधी-बारिश का अलर्ट, यूपी से मिजोरम तक जमकर बरसेंगे बादल, जानें हिमाचल-उत्तराखंड समेत अपने राज्य का हाल

    Aaj Ka Mausam: सितंबर में मॉनसून की रफ्तार ओवरड्राइव मोड में चली गई है. 5 सितंबर यानी टीचर्स डे के दिन देश के कई हिस्सों में मानसून की तूफानी रफ्तार लोगों की टेंशन बढ़ा सकती है. देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है.

    दिल्ली में बीते कल दोपहर के बाद कई इलाकों में बारिश हुई. आज दिल्ली मेंबिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और मध्यम बरसात होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है. इसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. दिल्ली में आज अधिककतम तापमान 35 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेस्लियस रह सकता है.

    यूपी से लेकर झारखंड तक बिगड़ा मौसम

    उत्तर प्रदेश में लगातार मानसून सक्रिय है. मानसूनी बारिश से गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं. 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं. आज प्रदेश के 10 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है. बिहार में आज लेकर आठ सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है. झारखंड के कई जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

    मध्य और पश्चिमी भारत में बारिश

    हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कई जगहों पर आज बारिश हो सकती है. राजसथान के दौसा, झालावाड़, कोटा, अजमेर, टोंक, हनुमानगढ़, चुरू, बीकानेर, बाड़मेर, करौली, जोधपुर और झुंझुनू में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट है. मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश-आंधी का दौर जारी रह सकता है. कोंकण और गोवा में 10 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया गया है. गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा तथा सौराष्ट्र-कच्छ में इस दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है.

    पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बरसात

    पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला बना रह सकता है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है. ओडिशा में 9-10 सितंबर को भारी हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 8 सितंबर, असम-मेघालय में 8 सितंबर और 10 सितंबर व नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश देखने को मिल सकती है. दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक में 10 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में 10 सितंबर तक छिटपुट बारिश की संभावना है.

    पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?

    उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्र प्रयाग और बागेश्वर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, किन्नौर और ऊना में बारिश-तूफान की संभावना जताई गई है. जम्मू कश्मीर के कई जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

  • लखनऊ मेट्रो ने पूरे किए 9 साल:15 करोड़ वें यात्री का किया गया सम्मानित, MD बोले- टीम वर्क से यात्रियों का भरोसा बढ़ा

    लखनऊ मेट्रो ने शनिवार को परिचालन के 9 साल पूरे कर लिए। इस मौके पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर 9वां मेट्रो दिवस मनाया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को MD’s Medal Awards से सम्मानित किया गया। वहीं मेट्रो के 15 करोड़ वें यात्री हिमांशी कश्यप का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में शीर्ष तीन GoSmart कार्ड उपयोगकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। चार श्रेणियों में कर्मचारियों को पदक UPMRC के उत्कृष्ट कर्मचारियों को प्रोजेक्ट, ऑपरेशन एवं रोलिंग स्टॉक, मेंटेनेंस और सपोर्टिंग स्टाफ श्रेणी में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक दिए गए। प्रोजेक्ट में अमित कुमार सैनी को स्वर्ण, आनंद कुमार झा को रजत और मेहफूज अंसारी को कांस्य पदक मिला। ऑपरेशन एवं रोलिंग स्टॉक में नयनी सिंह, कामिनी सिंह और सुमित कुमार को क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य से सम्मानित किया गया। इन्हें मिला सम्मान मेंटेनेंस में कृष्ण कांत पोखरियाल को स्वर्ण, रिजवान खान को रजत और रेनू चौरसिया को कांस्य पदक मिला। सपोर्टिंग स्टाफ में नवीन यादव को स्वर्ण, पूर्णा मजूमदार को रजत , निहाल पाठक और अश्वनी पांडेय को कांस्य पदक मिला। आगरा के ताजमहल मेट्रो स्टेशन को बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन अवॉर्ड दिया गया। 15 करोड़ वें यात्री- गो स्मार्ट यूजर्स का सम्मान मेट्रो की 15 करोड़ यात्रियों की उपलब्धि के मौके पर हिमांशी कश्यप को 15 करोड़ वें यात्री के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । सबसे ज्यादा GoSmart कार्ड इस्तेमाल करने वालों में अनामिका मिश्रा प्रथम, मोहम्मद मोइन-उल-हक द्वितीय और एल.पी. मौर्य तीसरे स्थान पर रहे। समारोह में लखनऊ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘पुष्पक से मेट्रो तक’ थीम पर नाटक प्रस्तुत किया। इसमें प्राचीन काल से आधुनिक मेट्रो तक परिवहन के विकास को दिखाया गया। 9 साल में राजस्व प्रदर्शन बेहतर UPMRC के MD सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो की सफलता कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रति यात्री किराया राजस्व में 30%, प्रति किलोमीटर आय में 29% और गैर-किराया राजस्व प्रति किलोमीटर में 95% अधिक प्रदर्शन दर्ज किया गया है। सिग्नलिंग विश्वसनीयता में 75% अधिक और एनर्जी एफिशियंसी में भी बेहतर प्रदर्शन हुआ है।
  • बरेली में 225 घरों-दुकानों पर गरजेगा बुलडोजर… इस इलाके में 160 फीट की सड़क चौड़ी करने की तैयारी, 15 दिन का अल्टीमेटम

    Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सड़कों पर फैलते अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी कर ली है. मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तीसरे चरण (Phase-3) के तहत ईंट पजाया से महर्षि कश्यप तिराहे तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाना है. इस परियोजना के रास्ते में बाधक बन रहे 225 मकानों, दुकानों और धार्मिक स्थलों के कब्जेदारों को नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं. नोटिस की समय सीमा पूरी होने और दस्तावेजों की जांच के बाद अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है.

    मौजूदा समय में ईंट पजाया मार्ग पर अतिक्रमण के कारण आम जनता और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. करीब 160 फीट चौड़ी इस सड़क का एक बड़ा हिस्सा अवैध कब्जों की वजह से दब गया है.

    सड़क के दोनों किनारों पर 8 फीट से लेकर 20 फीट तक पक्के निर्माण कर लिए गए हैं. इसके अलावा कई स्थानों पर दुकानें, कबाड़ का सामान और फर्नीचर सड़क की सीमा तक फैले रहते हैं, जिससे रोजाना भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.

    225 कब्जेदारों को 15 दिन की मोहलत, व्यापारियों में हड़कंप

    नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में साफ कहा गया है कि कब्जेदारों को 15 दिनों के भीतर जमीन या निर्माण से जुड़े वैध साक्ष्य और अभिलेख नगर निगम में प्रस्तुत करने होंगे. यदि किसी के पास निर्माण से संबंधित वैध आवंटन या स्वामित्व के दस्तावेज होंगे, तो उनकी तकनीकी जांच की जाएगी. दस्तावेज न पाए जाने की स्थिति में अतिक्रमण को अवैध मानकर ध्वस्त कर दिया जाएगा.

    इस नोटिस के बाद कबाड़ और फर्नीचर का कारोबार करने वाले व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया है. हालांकि, कुछ स्थानीय निवासियों का कहना है कि नोटिस पर 25 अगस्त की तारीख दर्ज है लेकिन उन्हें यह देरी से मिले हैं, जिससे दस्तावेज जुटाने के लिए कम समय मिल पा रहा है.

    31 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगी मॉडल रोड

    सीएम ग्रिड योजना के फेज-3 के तहत इस सड़क को करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मॉडल रोड बनाया जाएगा. सड़क चौड़ी होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा.

    फेज-1 स्थिति: मॉडल टाउन क्षेत्र की 5 सड़कों को करीब 57 करोड़ रुपये से संवारा जा रहा है (इसकी डेडलाइन सितंबर तक बढ़ाई गई है).

    फेज-2 स्थिति: कोहाड़ापीर-कुदेशिया फाटक और कोहाड़ापीर-प्रेमनगर धर्मकांटा मार्ग का करीब 45 करोड़ रुपये से विकास जारी है.

    अधिकारियों का रुख

    नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने स्पष्ट किया है कि सड़क चौड़ीकरण और जनहित के इस प्रोजेक्ट में बाधक बन रहे 225 निर्माणों को चिन्हित कर 15 दिन का समय दिया गया है. समय सीमा पूरी होने पर वैध अभिलेख न मिलने की स्थिति में नियमानुसार बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा.

  • शिक्षक दिवस पर अलीगढ़ के 200 शिक्षक सम्मानित:अतरौली के प्रधानाध्यापक अमर सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार, जनप्रतिनिधियों ने शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मान

    शिक्षक दिवस पर शनिवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले करीब 200 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिक्षकों के योगदान को सराहा।
    अतरौली के अमर सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार
    समारोह के दौरान गोरखपुर के योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से मुख्यमंत्री के राज्य अध्यापक पुरस्कार कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। इस वर्ष अलीगढ़ से विकासखंड अतरौली के कंपोजिट स्कूल बहरावद के प्रधानाध्यापक अमर सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एसआरजी संजीव शर्मा ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 61 जिलों के परिषदीय शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जा रहा है।
    ‘शिक्षक के सम्मान से समाज होता है सशक्त’
    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व राज्य मंत्री एवं विधायक सुरेंद्र दिलेर ने कहा कि प्रदेश के विद्यालयों में लगातार सुधार हुआ है। सरकार शिक्षकों को उनका पुराना सम्मान दिलाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के सम्मान से ही समाज सशक्त होता है।
    एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’ ने कहा कि शिक्षक जिन बच्चों को तैयार करते हैं, वही आगे देश के नागरिक बनते हैं। तकनीकी दौर में सिर्फ शिक्षा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा देना भी जरूरी है।
    एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने अपने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार कर रही है और शिक्षकों के सम्मान को बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
    जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी और कहा कि वह हमेशा शिक्षकों के साथ खड़ी रहेंगी।
    ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
    समारोह में एमएलसी एवं एएमयू के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, एमएलसी मानवेंद्र सिंह,ऋषिपाल सिंह, दिवाकर गौड़, ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। शिक्षकों को सम्मानित करने वालों में मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार सिंह, एडी बेसिक डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय और बीएसए आलोक कुमार सिंह भी शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में बीएसए आलोक कुमार सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।