Category: up

  • प्रयागराज की बेटी शिप्रा गिरी इंडिया-ए टीम में चयनित:ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ चंडीगढ़ में खेलेंगी टी20 सीरीज

    प्रयागराज की आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज शिप्रा गिरी को इंडिया-ए महिला क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। वह चंडीगढ़ में 12, 15 और 17 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में खेलेंगी। अनुष्का शर्मा की कप्तानी वाली इस टीम में शिप्रा के साथ उमा छेत्री को भी विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है। हाल ही में आयोजित टारगेटेड कैंप में शिप्रा ने अपने परिश्रम और कौशल से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया था। इस उपलब्धि से उनके गृह जनपद प्रयागराज और खेल जगत में खुशी का माहौल है। भारतीय सीनियर टीम की दहलीज पर खड़ी शिप्रा गिरी ने इंडिया-ए में अपनी जगह पक्की कर अपनी प्रतिभा साबित की है। वह इससे पहले महिला प्रीमियर लीग (WPL) में ‘यूपी वॉरियर्स’ के लिए भी खेल चुकी हैं। पिछले वर्ष वह अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और हाल ही में संपन्न सीनियर महिला टीम की उप-कप्तान रह चुकी हैं। पिछले सात वर्षों से शिप्रा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के लिए एनसीए, जेडसीए, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। मूल रूप से प्रयागराज के खुल्दाबाद की निवासी शिप्रा एक साधारण और अनुशासित परिवार से आती हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और मां गृहणी हैं। उनके परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। शिप्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत और साल 2015 से स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट अकादमी में अपने कोच अजय यादव से मिले मार्गदर्शन को दिया है। विकेट के पीछे उनकी फुर्ती और बल्लेबाजी में आक्रामकता उन्हें एक खास खिलाड़ी बनाती है। शिप्रा के चयन पर अकादमी के संरक्षक महेंद्र कुमार सिंह, अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, डीआईओएस संतोष कुमार राय, लेफ्टिनेंट कर्नल अमृता सिंह, राम सक्सेना, रंजन श्रीवास्तव, अशोक सिंह, खेल सचिव ब्रजेश श्रीवास्तव सहित अन्य खिलाड़ियों और गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
  • मुरादाबाद में पुल टूटा, पूरा परिवार बहा:महिला की मौत, बेटा लापता; रक्षाबंधन पर पति व 3 बच्चों के साथ मायके से आ रही थी

    मुरादाबाद में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे गांगन नदी पर बना लकड़ी का अस्थाई पुल अचानक टूट गया। इससे बाइक सवार दंपती और उनके तीन बच्चे वाहन समेत नदी में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने पिता और दो बच्चों को बचा लिया, जबकि महिला और उसका एक बच्चा तेज बहाव में बह गए। करीब दो घंटे के रेस्क्यू के बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया। तीसरा बच्चा अभी लापता है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… तीन लकड़ियां टूटीं और नदी में जा गिरी बाइक हादसा शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मझोला थाना क्षेत्र के मलकद्दा स्थित चट्टा पुल पर हुआ। छजलैट के महमूदपुर निवासी मजदूर अनिल रक्षाबंधन पर पत्नी किरन और बच्चों के साथ कुंदरकी के नानपुर गांव स्थित ससुराल गए थे। राखी बंधवाने के बाद परिवार बाइक से लौट रहा था। जैसे ही बाइक लकड़ी के पुल पर पहुंची, अचानक पुल की तीन लकड़ियां टूट गईं। बाइक अनियंत्रित हुई और पूरा परिवार गांगन नदी में जा गिरा। पिता और दो बच्चों को लोगों ने बचाया हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव के लिए दौड़े। स्थानीय गोताखोरों की मदद से अनिल और उनके दो बच्चों केशव व काफिया को नदी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं किरन और उनका तीसरा बच्चा प्रियांशु तेज बहाव में बह गए। दो घंटे बाद मिला महिला का शव सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मलकद्दा गांव से स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर मां-बेटे की तलाश शुरू कराई गई। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी हुई। गोताखोरों ने टॉर्च की रोशनी में करीब दो घंटे तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद किरन को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रियांशु की तलाश अभी जारी है। एसडीआरएफ को भी बुलाया गया हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया है। नदी में तेज बहाव और अंधेरे के बीच मासूम की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है। अस्थाई लकड़ी के पुल की सुरक्षा और उसकी जर्जर हालत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। SSP बोले- सर्च अभियान जारी मुरादाबाद के SSP सतपाल अंतिल ने बताया कि महिला के पति और 2 बच्चों को बचा लिया गया है। महिला और उसका एक बच्चा नदी में बह गए थे। सर्च ऑपरेशन के बाद महिला को ढूंढ लिया गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की तलाश में अभियान जारी है।
  • दहेज में प्लाट और 10 लाख रुपए मांगे:पारा में विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला

    पारा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल के छह सदस्यों पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सरोजनीनगर के अनौरा गांव निवासी साधना वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका विवाह 22 जून 2021 को पारा क्षेत्र के आदर्श विहार निवासी विवेक कुमार वर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी में करीब 25 लाख रुपए खर्च हुए थे साधना के अनुसार, शादी से पहले बरीक्षा और तिलक समारोह में मायके पक्ष ने करीब तीन लाख रुपए नकद, सोने की अंगूठियां व चेन सहित अन्य सामान दिया था। शादी में लगभग 25 लाख रुपए खर्च किए गए थे। इसके बावजूद, पति विवेक कुमार वर्मा, ससुर अहिबरन लाल वर्मा, सास सरोजनी देवी, ननद पूजा वर्मा, मामा रामबहादुर और मामी संजय देवी उर्फ संजू उन्हें कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। बेटे के जन्म के बाद प्रताड़ना बढ़ी पीड़िता ने बताया कि 13 फरवरी 2023 को उनके बेटे सादविक वर्मा का जन्म हुआ। आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद ससुराल वालों की प्रताड़ना और बढ़ गई। पति परिवार के सदस्यों के कहने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। आरोप है कि पति ने परिवार से अलग रहने के लिए मायके से एक प्लॉट और सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग की। साधना के अनुसार, 30 मार्च 2026 की शाम करीब छह बजे पति और ससुराल के अन्य लोगों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और केवल पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। ससुराल वालों ने कथित तौर पर कहा कि मांग पूरी होने पर ही उन्हें वापस रखा जाएगा। बेटे को भी मायके के बाहर छोड़ा अगले दिन पति अपने नाबालिग बेटे को उनके मायके के बाहर छोड़कर चला गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ दिनों बाद सास, ससुर और ननद ने फोन कर धमकी दी कि मायके से मिले सोने-चांदी के जेवर वापस नहीं करेंगे और उन्हें बेच देंगे। साथ ही बच्चे को भी अपने साथ ले जाने की धमकी दी गई। प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
  • प्रधान को गालियां दीं, जान से मारने की धमकी:पारा में महिला पर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

    लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान श्रीराम यादव ने एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रधान का आरोप है कि महिला ने उन्हें ऑडियो संदेश के जरिए अश्लील गालियां दीं, झूठे लांछन लगाए और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पारा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रधान श्रीराम यादव हंसखेड़ा में क्लीनिक चलाते हैं और सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हैं। उनकी तहरीर के अनुसार, यह घटना 26 अगस्त की है। उस दिन वह अपनी क्लीनिक पर थे, तभी हंसखेड़ा की पुरानी काशीराम कॉलोनी निवासी मानसी यादव पत्नी विनोद यादव ने एक ऑडियो संदेश रिकॉर्ड कर उन्हें और अन्य लोगों को भेजा। आरोप है कि इस ऑडियो में महिला ने प्रधान को सीधे संबोधित करते हुए आपत्तिजनक और अश्लील गालियां दीं। ऑडियो में झूठे आरोप लगाए गए प्रधान ने यह भी आरोप लगाया है कि ऑडियो संदेश में उनके वैवाहिक और व्यक्तिगत जीवन को लेकर झूठे और आपत्तिजनक आरोप लगाए गए हैं। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास किया गया। महिला पर उन्हें गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। श्रीराम यादव ने पुलिस को बताया कि संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे वे डिजिटल साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विवाद के पीछे उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और समाज में उनकी छवि खराब करने का उद्देश्य है। तहरीर मिलने के बाद हंसखेड़ा चौकी प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद थाना प्रभारी सुरेश सिंह के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि ऑडियो की जांच और आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
  • प्रयागराज डीएम ने बाल गृह और महिला-शरणालय में मनाया रक्षाबंधन:बच्चों के साथ काटा केक, बांटी खुशियों संग मिठाइयां

    रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी प्रयागराज श्री मनीष कुमार वर्मा ने राजकीय बाल गृह बालिका, राजकीय बाल गृह शिशु एवं राजकीय महिला शरणालय पहुंचकर बच्चों और महिलाओं के साथ रक्षाबंधन का त्योहार उत्साहपूर्वक मनाया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों और महिलाओं से आत्मीयता से मुलाकात की और उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन भी मनाया। जिलाधिकारी ने बच्चों को फल और मिठाइयां वितरित कीं तथा उनके साथ समय बिताया। जिलाधिकारी ने सभी बच्चों और महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। उनके इस आत्मीय व्यवहार से बाल गृह के बच्चे और महिलाएं भी काफी उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन के त्योहार का माहौल और भी खास हो गया, जब जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ मिलकर केक काटा और उनके बीच खुशियां बांटीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बच्चों की खुशियों में सहभागिता की।
  • लखनऊ जैन मंदिर में विशेष धार्मिक उत्सव:251 दंपतियों ने रक्षाबंधन पर आहार दान किया

    लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित जैन मंदिर के श्रद्धालुओं की ओर से रक्षाबंधन के मौके पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया । चातुर्मास के लिए विराजमान आचार्य सुबल सागर महाराज और उनके संघ कों 251 दंपतियों ने एक साथ आहार दान कर आहार चर्या की परंपरा को निभाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं शामिल हुए। जैन समाज के महामंत्री अभिषेक जैन ने बताया कि जैन परंपरा में रक्षाबंधन पर्व का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। मान्यता है कि इसी दिन महामुनि विष्णु कुमार ने उपसर्ग दूर कर आचार्य अकंपन देव सहित 700 दिगंबर मुनियों के प्राणों की रक्षा की थी। आत्मरक्षा और वात्सल्य भाव का प्रतीक है रक्षाबंधन आचार्य सुबल सागर महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि रक्षाबंधन केवल सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि आत्मरक्षा और वात्सल्य भाव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि महामुनि विष्णु कुमार ने 700 दिगंबर मुनियों के उपसर्ग को दूर कर जैन शासन की प्रभावना की रक्षा की थी। आहार दान करने से जीव को महापुण्य मिलता है आचार्य ने कहा कि असली रक्षाबंधन तब सार्थक है, जब हम अपने संयम, संस्कृति और धर्म की रक्षा करें। उन्होंने यह भी कहा कि आहार दान करने से जीव को महापुण्य की प्राप्ति होती है, जिससे जीवन में त्याग, भक्ति और समर्पण का भाव जागृत होता है। संयमित दान और वात्सल्य भाव ही आत्मा के सच्चे कल्याण का मार्ग है।
  • शाहजहांपुर में बीच-बचाव करने गए व्यक्ति की मौत:लाठी लगने से घायल हुआ, मारपीट का वीडियो सामने आया

    शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के सबलापुर गांव में शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करने गए एक व्यक्ति की मारपीट में मौत हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने पप्पू पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती पप्पू ने रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। विवाद सुलझाने पहुंचे थे पप्पू, आरोपियों ने कर दिया हमला पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब छह बजे गांव के मुनेंदर और कमल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। पड़ोसी पप्पू दोनों के बीच बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान मुनेंदर और कमल ने पप्पू पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर पप्पू के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
    सीएचसी से मेडिकल कॉलेज किया गया था रेफर गंभीर रूप से घायल पप्पू को परिजन पहले सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई। 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा, हिरासत में लेकर पूछताछ पप्पू के बेटे सरजू की तहरीर पर पुलिस ने मुनेंदर, कमल, रीना, सेवान, सोनू, रोशनी और कुमरी देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था।
  • लखनऊ इस्कॉन मंदिर में बलराम पूर्णिमा महोत्सव:भक्तों ने अभिषेक, आरती और कीर्तन कर मनाया पर्व

    लखनऊ के इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को बलराम पूर्णिमा का उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर हरे कृष्ण महामंत्र के जयघोष और भजनों से गूंज उठा। भक्तों ने भगवान बलराम का अभिषेक, विशेष आरती और कीर्तन कर महोत्सव मनाया। इस दौरान मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने भगवान बलराम को आदि गुरु बताते हुए उनकी कृपा से कृष्ण भक्ति प्राप्त होने का महत्व बताया। अपरिमेय श्याम प्रभु ने कहा कि श्रीकृष्ण भगवान हैं और बाकी सभी उनकी सेवा करते हैं। भगवान की सेवा के लिए बलराम जी का सहारा जरूरी है। बलराम जी आदि गुरु और सभी गुरुओं के गुरु माने जाते हैं। वे शांत, दास्य, सख्य, वात्सल्य और माधुर्य भाव से भगवान श्रीकृष्ण की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य अपने हृदय में भगवान का आविर्भाव चाहता है तो उसे काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद और मत्सर जैसे छह अनर्थों को दूर करना होगा। यह गुरु की शरणागति से संभव है। बलराम कृपा से मिलती है कृष्ण भक्ति अपरिमेय श्याम प्रभु ने बताया कि बलराम जी अनंत ब्रह्मांडों का भार संभालते हुए भगवान की सेवा करते हैं। वे गुरु तत्व के स्वरूप हैं। उनकी कृपा के बिना भगवान की भक्ति और कृष्ण प्रेम प्राप्त करना संभव नहीं है। महोत्सव की शुरुआत मंदिर अध्यक्ष ने भगवान बलराम के अभिषेक से की। इसके बाद विशेष आरती, कीर्तन और नृत्य हुआ। भक्तों ने बलराम पूर्णिमा की कथा और महात्म्य का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने एकादशी प्रसाद ग्रहण किया।
  • मुरादाबाद जेल में भावुक कर देने वाला रक्षाबंधन:भाई की कलाई पर राखी बांधने दूर-दराज से पहुंचीं बहनें, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को मुरादाबाद जिला जेल के बाहर एक बेहद भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। सलाखों के पीछे बंद अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए सुबह से ही बहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जेल के बाहर सुबह से ही महिलाओं की कतारें लग गईं। कई बहनें सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर अपने भाइयों से मिलने पहुंची थीं। जेल प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, हर सामान की सघन चेकिंग की गई। त्योहार को देखते हुए जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए विशेष प्रबंध किए थे। आंखों में आंसू और हाथों में पूजा की थाली सोमवार सुबह से ही मुरादाबाद जिला कारागार के बाहर उत्सव और सजल आंखों का मिला-जुला माहौल देखने को मिला। जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बहनें सुबह से ही कतारों में खड़ी हो गईं। हाथों में पूजा की थाली, मिठाई और रेशम के धागे लिए बहनें अपने भाई की लंबी उम्र की कामना के साथ जेल पहुंची थीं। कई बहनें बेहद दूर-दराज के इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों से सफर तय कर यहां पहुंची थीं। जेल प्रशासन के विशेष इंतजाम, अतिरिक्त बल तैनात रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर जेल प्रशासन की ओर से भी मुलाकात को सुगम बनाने के लिए खास तैयारियां की गई थीं। जेल के मुख्य द्वार (जेल गेट) पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षाकर्मियों ने बहनों द्वारा लाए गए सामान, जैसे राखी, रोली, अक्षत और मिठाइयों की बारीकी से जांच की। सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही महिलाओं को जेल परिसर में प्रवेश दिया गया। सलाखों के पीछे बंधा स्नेह का धागा जेल के भीतर जब बहनें अपने भाइयों से मिलीं, तो माहौल बेहद भावुक हो गया। भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर बहनों ने उनके जल्द रिहा होने और अच्छे भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी अपनी बहनों को सुरक्षा और सदैव साथ निभाने का वचन दिया। जेल प्रशासन के अनुसार, त्योहार की संवेदनशीलता को देखते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि हर बहन अपने भाई से मिल सके और कोई भी निराश होकर न लौटे।
  • झांसी पुलिस ने 403 करोड़ का साइबर फ्रॉड पकड़ा:छह गिरफ्तार, ठगी के रुपयों से खरीदते थे USDT क्रिप्टो करंसी

    झांसी के प्रेमनगर थाने की पुलिस देशभर में साइबर ठगी करने वाले गिरोहों की रकम को बैंक खातों में मंगाकर क्रिप्टो करेंसी में बदलने वाले बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 500 यूएसडीटी, सात मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई है। गिरोह का मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं। पहले 2 तस्वीर देखिए… पुलिस की जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की रकम को खपाने के लिए 56 बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन खातों में करीब 403 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल मिली है। इनमें अकेले झांसी के 35 बैंक खाते शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी इन खातों का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी (साइबर) अरीबा नोमान के मुताबिक समन्वय पोर्टल पर दर्ज 325 साइबर फ्रॉड की शिकायतों की जांच के दौरान पुलिस को इन बैंक खातों के बारे में जानकारी मिली। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों की रकम इन खातों में भेजी जा रही थी। खातों से हुए लेनदेन की पड़ताल में करीब 403 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल सामने आई। ऐसे खपाते थे ठगी की रकम प्रेमनगर थाने की साइबर शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक शिवकांत शुक्ल की टीम ने जांच के दौरान ईसाईटोला निवासी दीपक वर्मा उर्फ सत्यम, अदनान हुसैन, आदिल हुसैन, कृष्णानगर कॉलोनी खेरा निवासी जान पाल, सुम्मेर नगर निवासी अभिषेक चौधरी और लहर गिर्द निवासी अर्चित श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देशभर में सक्रिय साइबर ठगों से संपर्क कर उनकी ठगी की रकम अपने नियंत्रण वाले बैंक खातों में मंगाते थे। इसके बाद रकम को कई खातों और माध्यमों से घुमाया जाता था। फिर इसी पैसे से यूएसडीटी यानी क्रिप्टो करेंसी खरीदी जाती थी। रकम को नंबर एक में बदलने के बाद अपना कमीशन काटकर बाकी रकम साइबर ठगों तक पहुंचाई जाती थी। अरमान गिरोह का मास्टरमाइंड पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क का मास्टरमाइंड गढ़िया फाटक निवासी अरमान बताया गया है। उसके साथ अर्श और मोहम्मद फैज भी गिरोह में शामिल हैं। पुलिस इन तीनों की तलाश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क झांसी से बाहर कई राज्यों तक फैला हो सकता है और इसके तार देशभर में सक्रिय साइबर ठगों से जुड़े हैं। सत्यम को यूएसडीटी में रकम बदलते पकड़ा साइबर शाखा प्रभारी शिवकांत शुक्ल को गिरोह की गतिविधियों की भनक लगने के बाद पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों और लेनदेन की निगरानी शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने सत्यम को साइबर ठगी की रकम को यूएसडीटी में बदलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में ही आरोपियों ने एक खाते में करीब 9.75 लाख रुपये की रकम बदली थी। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई और छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के पूरे नेटवर्क, देशभर में जुड़े साइबर ठगों, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और रकम को अलग-अलग माध्यमों से इधर-उधर करने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है। क्या है यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी? यूएसडीटी एक तरह की क्रिप्टो करेंसी है, जिसे टेदर नाम की कंपनी जारी करती है। इसे अमेरिकी डॉलर से जोड़कर रखा जाता है। सामान्य तौर पर 1 यूएसडीटी की कीमत करीब 1 अमेरिकी डॉलर के बराबर रखने का प्रयास किया जाता है।
    साइबर ठगी के मामलों में जालसाज इसका इस्तेमाल इसलिए करते हैं क्योंकि डिजिटल तरीके से यूएसडीटी को एक वॉलेट से दूसरे वॉलेट में ट्रांसफर किया जा सकता है। इस गिरोह में भी पुलिस के मुताबिक ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में घुमाने के बाद उससे यूएसडीटी खरीदा जाता था। इसके बाद इसे आगे साइबर ठगों तक पहुंचाया जाता था।