
Category: up
-
आज अखबार नहीं, लखनऊ की कल की 10 बड़ी खबरें:सिपाही ने बदमाश से लड़कर छुड़ाई चेन, रक्षामंत्री 3 दिन शहर में रहेंगे; हलवाई का शव लटका
लखनऊवालो, आज आपके घर अखबार नहीं आएगा, लेकिन आपके पास पहुंचने वाली खबरों की रफ्तार नहीं थमेगी। दैनिक भास्कर एप पर आपके लखनऊ की हर जरूरी खबर मिलेगी। यहां पढ़िए लखनऊ की कल की 10 बड़ी खबरें… दिनभर रक्षाबंधन की धूम रही। चौराहों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने राहगीर महिलाओं से राखी बंधवाई। भाई को राखी बांधने जा रही महिला के गले से बदमाश सोने की चेन छीनकर भाग गया। उसे ट्रैफिक सिपाही ने दौड़ाकर लड़कर छुड़ा लिया। इस दौरान बदमाश ने पत्थर से उसकी नाक तोड़ दी। उधर, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 3 दिवसीय लखनऊ दौरे पर शाम को एयरपोर्टर पर उतरे। वह आज फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन करेंगे… अब सभी खबरें विस्तार से पढ़ते हैं… 1. बदमाश पत्थर मारता रहा, सिपाही ने फिर भी नहीं छोड़ा : चेन लूटकर भागा था, महिला राखी बांधकर बोली- भैया आपने बचा लिया लखनऊ में रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जा रही महिला से बदमाश ने चेन लूट ली। वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही ने चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को पकड़ लिया। आरोपी ने सिपाही की नाक पर ईंट से दो बार वार किया। नाक से खून निकलने के बाद भी सिपाही ने उसे नहीं छोड़ा। घायल सिपाही ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना शुक्रवार दोपहर 12:13 बजे मड़ियांव इलाके की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला ने घायल सिपाही को राखी बांधी। उनसे कहा- आपने बड़े भाई का फर्ज निभाते हुए इस बहन को बचा लिया। (पूरी खबर पढ़िए) 2. समुद्र के अंदर मनाया रक्षाबंधन : सीएम योगी ने बच्चियों से बंधवाई राखी, सपा नेता ने गिफ्ट में ली 5 किलो चीनी लखनऊ में आज रक्षाबंधन का त्योहार अलग-अलग अंदाज में मनाया जा रहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर ब्रह्माकुमारी राधा ने उन्हें राखी बांधी। वहीं सीएम योगी ने अपने आवास पर बच्चियों के साथ रक्षाबंधन मनाया। जिला जेल में बहनें बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांध रही हैं। प्रशासन की तरफ से उनके लिए खास व्यवस्था की गई है। इस बीच लखनऊ की प्रिया मिश्रा ने समुद्र के अंदर स्कूबा डाइविंग के दौरान भाई को राखी बांधकर अनोखे अंदाज में पर्व मनाया। वहीं, बढ़ती चीनी की कीमतों के विरोध में सपा नेता पूजा शुक्ला ने भाई को राखी बांधकर गिफ्ट में 5 किलो चीनी ली। (पूरी खबर पढ़िए) 3. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ पहुंचे, 3 दिन रहेंगे : फ्रैगरेंस पार्क का करेंगे लोकार्पण, PM-SETU कार्यशाला में होंगे शामिल रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार शाम 5:30 बजे लखनऊ आ गए। एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। अब राजनाथ सिंह 30 अगस्त शहर में ही रहेंगे। कई कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। साथ ही कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राजनाथ सिंह ने लखनऊ पहुंचने के बाद सदर बाजार, न्यू गणेशगंज और महानगर क्षेत्र में शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। शाम करीब 6:20 बजे कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पहुंच गए। (पूरी खबर पढ़िए) 4. स्वाइन फ्लू के 2 नए मरीज मिले : रक्षाबंधन पर अस्पतालों की OPD में पसरा रहा सन्नाटा, KGMU की बंद रही लखनऊ के अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में शुक्रवार को रक्षाबंधन के कारण मरीजों की संख्या बेहद कम रही। SGPGI और लोहिया संस्थान की OPD में गिनती के मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जबकि KGMU की OPD रक्षाबंधन के अवकाश के चलते बंद रही। वहीं, सरकारी अस्पतालों में हॉफ डे यानी दोपहर 12 बजे तक ही OPD का संचालन हुआ। यहां भी बेहद सीमित मरीज ही इलाज के लिए पहुंचे। बलरामपुर अस्पताल में एक दिन पहले स्वाइन फ्लू संक्रमित की मौत के बाद उसके इलाज में रहे मेडिकल स्टॉफ को आइसोलेशन में रखने की सलाह दी गई है। शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 2 नए मरीज भर्ती किए गए। (पूरी खबर पढ़िए) 5. लखनऊ से गोवा-श्रीनगर की सीधी फ्लाइट फिर शुरू होगी : एयरलाइंस ने शुरू किया सर्वे, दिसंबर से पहले उड़ान की उम्मीद लखनऊ से गोवा और श्रीनगर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दोनों शहरों की बंद पड़ी सीधी उड़ानें दोबारा शुरू हो सकती हैं। एयरलाइंस ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। यात्रियों की मांग और संभावित बुकिंग समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है। रिपोर्ट अनुकूल रही तो दिसंबर से पहले दोनों रूट पर सीधी फ्लाइट शुरू हो सकती है। (पूरी खबर पढ़िए) 6. 200 बोरी सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चुराने वाले पकड़े गए : गोदाम से चुरा ले गए थे, GPS लोकेशन से 24 घंटे में गिरफ्तार लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके से 200 बोरी सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चुराने वाले तीन आरोपी घटना के 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को पकड़ लिए गए। आलमनगर में सीमेंट गोदाम के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ये तीनों चुरा ले गए थे। पुलिस ने GPS लोकेशन और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों को मलिहाबाद के ईसापुर नजरनगर से पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली, पूरा सीमेंट और वारदात में इस्तेमाल चोरी की बाइक मिली है। हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के महरी गांव निवासी विक्रम प्रताप सिंह ने 27 अगस्त को ठाकुरगंज थाने में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि रात में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली सुबह नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की। (पूरी खबर पढ़िए) 7. रक्षाबंधन पर दो दिवसीय ऐतिहासिक दंगल शुरू : 200 पहलवान दांव आजमाने लखनऊ आए, विजेता को मिलेंगे नकद ₹51 हजार लखनऊ में रक्षाबंधन पर 139 साल पुराना ऐतिहासिक दो दिवसीय दंगल शुक्रवार से शुरू हो गया। हर बार की तरह इस बार भी इसमें देशभर से 200 से ज्यादा पहलवान दांव आजमाने पहुंचे हैं। कैंट स्थित हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज के ग्राउंड में अखाड़ा बना हुआ है। रक्षाबंधन के दिन शाम 6:00 बजे शुरू हुई कुश्ती रात 8:00 बजे तक चली। पहले दिन यूपी के अलग-अलग हिस्सों से पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी दी। अंतिम विजेता को को 51 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। अखिल भारतीय मस्ता पहलवान गुरुजी श्रीरामचंद्र स्मारक इसका आयोजन करा रहा है। यहां के दंगल में लड़ने वाले पहलवान नेशनल लेवल के गेम्स तक अपनी बाजुओं का दम दिखाने पहुंचे। (पूरी खबर पढ़िए) 8. रक्षाबंधन पर हलवाई का शव पेड़ से लटका मिला : रात में काम करते हुए पेट में दर्द उठा, दवा लेने गया, लौटा नहीं; पत्नी बोली- हत्या हुई लखनऊ के माल इलाके में रक्षाबंधन पर हलवाई का शव पेड़ से लटका मिला। वह रात में दुकान में मिठाई बनाते हुए पेट में दर्द उठने की बात कहकर निकला। दवा लेने गया लेकिन लौटकर दुकान नहीं गया। रक्षाबंधन वाले दिन सुबह ही उसका शव पेड़ से लटका दिखा। पत्नी ने आशंका जताई है कि हलवाई की हत्या की गई। चकई गांव रमेश कुमार उर्फ डलई (46) बीकेटी में राजाराम की मिठाई की दुकान में काम करते थे। उनकी पत्नी हेमलता ने बताया कि रमेश गुरुवार रात घर नहीं लौटे थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने हम लोगों को बाग में शव लटका होने की सूचना दी। हो न हो, उनकी (रमेश की) हत्या की गई है। (पूरी खबर पढ़िए) 9. जिला जेल में 3491 बहनों ने राखी बांधी : 1689 बंदियों की कलाई सजी, सुरक्षा और जलपान के लिए पुख्ता इंतजाम रिश्तों की डोर जेल की ऊंची दीवारों से भी मजबूत होती है। रक्षाबंधन पर जिला कारागार लखनऊ में सुबह से ही बहनें पहुंचने लगीं। सुबह 7 बजे से विशेष मुलाकात शुरू हुई। 3491 महिलाओं ने 1689 बंदियों को राखी बांधी। इस दौरान 1021 बच्चे भी मुलाकात के लिए कारागार पहुंचे। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और जल्द रिहाई की कामना की। मुलाकात के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। कारागार प्रशासन की ओर से मुलाकातियों के लिए सुरक्षा और जलपान की व्यवस्थाएं की गई थीं। (पूरी खबर पढ़िए) 10. जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद महिला की मौत : अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया, पुलिस के समझाने पर माने मोहनलालगंज के संजीवनी अस्पताल में शुक्रवार को एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। हालांकि, पुलिस के समझाने पर मान भी गए। महिला ने नगराम के समेसी में एक प्राइवेट अस्पताल में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। उसके बाद हालत बिगड़ी तो उसे मोहनलालगंज रेफर किया गया था। नगराम के समेसी मजरा कंचनखेड़ा निवासी अरविंद की पत्नी दीपा (24) की प्रसव के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। दीपा को 25 अगस्त को प्रसव के लिए समेसी स्थित केयर नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। 26 अगस्त को ऑपरेशन के बाद उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे दीपा की हालत गंभीर होने पर उसे मोहनलालगंज स्थित संजीवनी अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़िए) -
गौहत्या की पुष्टि नहीं हुई, पुलिस ने CCTV खंगाले:शाहजहांपुर में में दिखे बाइक सवार की तलाश जारी, कुत्ते नोच रहे थे
शाहजहांपुर में गौवंश अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने गौहत्या की पुष्टि से इनकार किया है। पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें सामने आया कि एक बाइक सवार व्यक्ति अवशेषों को कूड़े के ढेर पर फेंक गया था। फुटेज में यह भी दिखा कि एक सफाईकर्मी ने अवशेषों को कुत्तों द्वारा नोचते हुए देखने के बावजूद अनदेखा कर दिया। पुलिस ने सफाईकर्मी से पूछताछ की है और सीसीटीवी में दिख रहे बाइक सवार की पहचान के प्रयास जारी हैं। यह घटना शुक्रवार सुबह चौक कोतवाली क्षेत्र के मतानी मोहल्ले में सामने आई, जब एक कूड़े के ढेर और उसके आसपास गौवंश के अवशेष मिले। कुत्तों द्वारा अवशेषों को नोचते हुए देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने गौहत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और कोतवाली गेट के सामने नारेबाजी भी की। पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया और तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब एक दर्जन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पाया गया कि एक बाइक सवार व्यक्ति ने अवशेषों को कूड़े के ढेर पर फेंका था। पुलिस की जांच में गौहत्या का आरोप गलत पाया गया है। पुलिस का मानना है कि जिस स्थान पर अवशेष मिले हैं, वहां कई डेयरी मौजूद हैं। बाइक सवार की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का मानना है कि बीमार होने के बाद मरे गौवंश को वहां पर फेंका गया और फिर कुत्तों ने उसको नोच दिया। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है।गौहत्या की बात गलत है। -
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हादसे में 3 की हुई मौत:दो शवों का पोस्टमार्टम, सुल्तानपुर में महिला का अंतिम संस्कार, भाई ने दी मुख्गनि
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में गुरुवार को तीन लोगों की मौत हो गई। जिसमें 16 यात्री घायल हुए, छह गंभीर यात्रियों को अयोध्या के दर्शन नगर स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। हादसा तब हुआ, जब एक खड़ी निजी बस में पीछे से एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। बस में लगभग 80 यात्री सवार थे। हादसे में बिहार के सुपौल निवासी श्यामलाल मंडल (28), मधेपुरा की किरन (60) और हरियाणा के गुरुग्राम निवासी विनोद मंडल (50) की जान चली गई। गुरुवार रात लगभग 10 बजे तीनों शव पोस्टमार्टम हॉउस लाए गए। शुक्रवार को दो शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इनमें एक युवक का शव सुबह और एक महिला का शव शाम को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका किरन देवी का अंतिम संस्कार सुल्तानपुर के घाट पर परिवार द्वारा किया गया। गुरूग्राम में करती थी सफाई मृतका किरन देवी गुरुग्राम में साफ-सफाई का काम करती थीं। उनके साथ घायल हुए छोटे बेटे भीम कुमार (25) भी गुरुग्राम में मजदूरी करते हैं। भीम की कमर की हड्डी टूट गई है और उन्हें सिर व पैरों में चोटें आई हैं। मां-बेटे रक्षाबंधन के अवसर पर अपने घर जा रहे थे। मृतका के पोते पप्पू कुमार ने बताया कि घायल भीम की शादी दो महीने पहले सोनी कुमारी से हुई थी।
बड़े बेटे का कट चुका है पैर किरन देवी के पति का निधन 20 वर्ष पूर्व हो चुका था। उनके बड़े बेटे अर्जुन कुमार का पैर 2008 में एक ट्रेन हादसे में कट गया था। किरन देवी अपनी एक विवाहित बेटी और एक बेटे को पीछे छोड़ गई हैं। वह बिहार के मधेपुरा जिले के कुमार खंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडी की निवासी थीं। भाई भी हुआ शामिल अंतिम संस्कार के दौरान मृतका के भतीजे हीरो मंडल ने मुखाग्नि दी। इस दौरान मृतका के भाई बोवा मंडल भी मौजूद थे। मृतक श्यामलाल मंडल के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह किया गया। वहीं, मृतक विनोद मंडल के शव का पोस्टमार्टम परिवार के सदस्यों के आने के बाद शनिवार को कराया जाएगा। बस हरियाणा के गुरुग्राम से मधुबनी, बिहार जाने के लिए निकली थी। सुबह करीब 05:20 बजे बल्दीराय के टेरी के पास चालक बदलने के लिए बस रोकी गई थी। दुर्घटना में बिहार के मुजफ्फरपुर के डुमरी मुसहरी की रेखा देवी (52), मधुबनी बिहार के कदमपुर, नगहैया के देव मुसाफिर (29), मधेपुरा कुमार खंड के राहता लक्ष्मीपुर के भीम कुमार (30), रामपुर, शंकरपुर के आकाश (19), मुजफ्फरपुर के उमरी मुसहरी के संजीत (18), खतियान कथैया के राजकुमार ठाकुर (32), मधुबनी, वसीपुर के सूरज मंडल (22), त्रिवेणीगंज के आशीष कुमार (20), पिपरा के सुशील (45), नीरज (17), कमलाघाट के नीतीश (18), समस्तीपुर, कल्याणपुर के वीरेंद्र कुमार चौधरी (18), मुजफ्फरपुर परसरा के रवि भूषण (35), प्रमोद कुमार (34), कुशीनगर के सिंध, रामकोला के दिनेश (26), पुत्र गोलू (09) घायल हुए। घायलों को अयोध्या स्थित पिठला अस्पताल भेजा गया। रेखा, देव, भीम, संजीत, सुशील व आशीष को अयोध्या के दर्शन नगर स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
-
यूपी में आज 47 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट:मुरादाबाद में 5 लोग नदी में बहे, झांसी में मगरमच्छ युवक को बेतवा में खींच ले गया
यूपी के 16 जिले बाढ़ की चपेट में है। आज शनिवार को मौसम विभाग ने 47 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी यूपी के ऊपर बादलों का एक सिस्टम बना है। सैटेलाइट में बादलों का तापमान -70 से -90°C तक है। गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं शुक्रवार को लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद और संभल समेत 66 शहरों में बारिश हुई। गाजियाबाद में अचानक धुंध छा गई। कई जगह विजिबिलिटी 50-60 मीटर तक सिमट गई। मुरादाबाद में गांगन नदी पर बना लकड़ी का अस्थाई पुल अचानक टूट गया। इससे बाइक सवार दंपती और उनके तीन बच्चे नदी में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने पिता और दो बच्चों को बचा लिया, जबकि महिला और उसका एक बच्चा तेज बहाव में बह गए। करीब दो घंटे के रेस्क्यू के बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया। तीसरा बच्चा अभी लापता है। झांसी की बेतवा नदी में सुबह नहाने गए 21 साल के लड़के पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। वह युवक को गहरे पानी में खींच ले गया। हमीरपुर में चार दिनों से लगातार बारिश के चलते चंद्रावल नदी उफान पर है। जलस्तर बढ़ने से गुर्दाहा-सिसोलर मुख्य मार्ग पानी में डूब गया, जिससे 12 से ज्यादा गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है। कानपुर में इतनी बारिश हुई कि घर का आंगन 25 फीट धंस गया। गड्ढे में लड़की गिर गई, 7 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया। लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। झांसी में 48 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से सुखनई नदी में अचानक बाढ़ आ गई। उफनाते नाले में वैन बह गई, जिसमें सवार 6 लोगों को लोगों ने बचाया। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर बने दबाव के क्षेत्र से अब तक प्रदेश में जमकर मानसूनी बारिश हुई। लेकिन, अब यह सिस्टम आगे बढ़ रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगेगा। 2-3 दिन यानी 31 अगस्त तक बारिश में कमी आएगी। इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। आज कहां-कहां बारिश हो सकती है?
यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए… -
तस्वीरों में देखिए मेरठ में रक्षाबंधन:सड़कों से जेल तक दिखी बहनों की भीड़ पुलिस ने संभाला मोर्चा, शहर में हर तरफ दिखा रक्षाबंधन का उत्साह
मेरठ में रक्षाबंधन के त्योहार पर सुबह से ही शहर में बहनों की आवाजाही बढ़ी रही। रोडवेज बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। बसों में जगह कम पड़ने पर पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था संभाली। भीड़ बढ़ने पर एसपी सिटी ने खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर भीड़ को नियंत्रित कराया। रक्षाबंधन की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी भी बहनों के स्नेह से अछूते नहीं रहे। एसपी सिटी और एसएसपी समेत पुलिसकर्मियों को बहनों ने राखी बांधी। दूसरी ओर जेल में भी बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने पहुंचीं। लंबे इंतजार के बावजूद भाई-बहन के इस रिश्ते की खुशी चेहरे पर दिखाई दी। बाबा औघड़नाथ मंदिर में भी रक्षाबंधन पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर परिसर में बाबा बर्फानी का विशेष स्वरूप बर्फ से तैयार किया गया, जिसे देखने और दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तस्वीरों में देखिए मेरठ में रक्षाबंधन की झलकियां- -
थाने पहुंचा युवक, कुछ घंटों बाद मौत:बदायूं में परिजन बोले- रातभर पीटा, पुलिस ने कहा- कार्डियक अरेस्ट से गई जान
बदायूं की दातागंज कोतवाली में पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत हो गई। शाहजहांपुर निवासी राजेश को रात में हुए विवाद के बाद पुलिस थाने लेकर आई थी। कुछ घंटे बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। परिवार का आरोप है कि राजेश को पुलिस घर से ठीक हालत में लेकर आई थी। इसके बाद थाने में उसके साथ मारपीट की गई। राजेश के भाई वीरेश का आरोप है कि पुलिस ने उनके भाई को पूरी रात पीटा और बाद में उसे मारकर टांग दिया। हालांकि, परिवार ने इस मामले में पुलिस के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर विस्तार से बात करने से परहेज किया। भाई बोला- पट्टी बांधकर थाने में बैठाया था राजेश के भाई वीरेश के मुताबिक, रात में किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी। इसके बाद राजेश को पुलिस अपने साथ थाने ले गई। परिवार का कहना है कि राजेश के शरीर पर पट्टी बांधी गई थी और उसे थाने में बैठाकर रखा गया था। सुबह उसकी हालत बिगड़ने की जानकारी मिली और बाद में उसकी मौत हो गई। राजेश की पत्नी शीतल ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पुलिस जब उनके पति को घर से लेकर आई थी, तब वह ठीक थे। ऐसे में सवाल यह है कि थाने में ऐसा क्या हुआ कि कुछ घंटे बाद उनकी जान चली गई। परिजनों के आरोपों ने पुलिस कस्टडी में हुई मौत को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वजह पोस्टमार्टम में सामने आई है। अस्पताल पहुंचते ही हालत बेहद गंभीर थी मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश को जब पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी। उसका शुगर लेवल 315 तक पहुंच चुका था, जबकि ऑक्सीजन लेवल सिर्फ 30 बचा था। उसकी पल्स भी लगातार गिर रही थी। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। कुछ ही देर बाद राजेश ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों का पैनल बनाया गया था। देर रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने कहा कि मौत बीमारी/चिकित्सकीय कारण से हुई है, जबकि परिवार के आरोपों के चलते पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल बने हुए हैं।
चार भाइयों में मझले थे राजेश, पीछे रह गए पत्नी और चार बच्चे राजेश अपने परिवार में चार भाइयों में मझले थे। उनके परिवार में पत्नी शीतल के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी की उम्र करीब 7 साल बताई जा रही है। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश और घर चलाने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। राजेश का परिवार मूल रूप से शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के खिरिया गांव का रहने वाला है। परिजनों के मुताबिक करीब 40 साल पहले राजेश के पिता शहजादे अपनी ससुराल में आकर यहीं बस गए थे। तभी से परिवार इसी इलाके में रह रहा है। इस मामले में एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजेश की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट आया है। उन्होंने कहा कि परिवार की तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट और मौत के मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजेश की मौत से पहले थाने में उसके साथ क्या हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट सामने आने के बावजूद परिवार के आरोपों की भी जांच जरूरी है, ताकि मौत की पूरी कड़ी साफ हो सके। -
कानपुर नगर निगम के अभियंत्रण विभाग में कमीशनबाजी:मुख्य अभियंता एसएफए जैदी भी रडार पर, अभियंता-बाबू जांच के घेरे में
कानपुर नगर निगम के अभियंत्रण विभाग में भ्रष्टाचार और कमीशनबाजी ने तूल पकड़ लिया है। विभाग के मुख्य अभियंता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी के खिलाफ पुलिस में शिकायत पहुंचने के बाद अभियंताओं से लेकर लिपिक तक की भूमिका जांच के दायरे में आ गई है। आरोप है कि ठेकेदारों के साथ मिलीभगत और कमीशन के खेल का असर शहर के विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी पड़ा है। शहर में जगह-जगह टूटी सड़कें और बढ़ते गड्ढे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। डेढ़ साल पहले लखनऊ से आए थे मुख्य अभियंता नगर निगम सूत्रों के अनुसार, सैय्यद फरीद अख्तर जैदी करीब डेढ़ साल पहले लखनऊ से तबादले पर कानपुर आए थे। आरोप है कि उनके साथ तीन करीबी ठेकेदार भी कानपुर आए और इसके बाद अभियंत्रण विभाग में उन्हें काम मिलने का रास्ता तैयार हुआ। सूत्रों का दावा है कि इन ठेकेदारों को छोटे से लेकर बड़े तक कई काम दिलाए गए। इसमें कमीशनबाजी के आरोप भी लगाए गए हैं। इनकी शिकायतें आला अधिकारियों के साथ शासन तक पहुंचीं। इसके बाद नगर आयुक्त ने शासन को पत्र लिखकर जांच प्रभावित न हो, इसके लिए मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारी की मांग की थी। पुलिस चार फर्मों की भी कर रही जांच पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्य अभियंता के करीबी लोग चार फर्में चला रहे हैं। इनमें मेहताब इंटरप्राइजेज लखनऊ, बजरंग ट्रेडर्स, सैय्यद ट्रेडर्स और एसएस इंटरप्राइजेज शामिल हैं। शिकायत में इन फर्मों के पीछे मुख्य अभियंता का प्रभाव होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस इन फर्मों से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है। जांच के चलते अभियंत्रण विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अधिकारी-कर्मचारी इस मामले में खुलकर बोलने से बच रहे हैं। अभियंता से बाबू तक जांच के दायरे में सूत्रों के मुताबिक, अभियंत्रण विभाग के कई अभियंताओं और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आरोप है कि कहीं रिश्तेदारों के नाम पर फर्में संचालित की जा रही हैं तो कहीं करीबी ठेकेदारों को काम दिलाने में मदद की गई। जांच आगे बढ़ने के साथ कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई पर उठे सवाल अभियंत्रण विभाग में कमीशनबाजी और भ्रष्टाचार के आरोप पहले भी सामने आते रहे हैं। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से विभाग में मनमानी बढ़ने के आरोप लगते रहे हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नगर निगम में वसूली और टैक्स को लेकर सवाल पूछने के बाद विभाग में खलबली मची थी। इसके बाद अलग-अलग मामलों में कार्रवाई के साथ जांच समितियां गठित की गईं। अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी? नगर निगम में अब तक हुई कार्रवाई को लेकर कर्मचारियों के बीच भी सवाल उठ रहे हैं। निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई तेजी से हुई है, लेकिन टेंडर प्रक्रिया की निगरानी और स्वीकृति में जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की जवाबदेही अभी तय नहीं हुई है। कर्मचारियों का सवाल है कि यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है तो इसकी आंच अधिकारियों तक कब पहुंचेगी। फिलहाल पुलिस की जांच के साथ अभियंत्रण विभाग के भीतर भी इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। -
सुबह बादल, दोपहर बाद आंधी-बारिश, उमस भी करेगी बेहाल:नमी अधिक होने से अधिक महसूस होगी गर्मी, जमकर निकलेगा पसीना
शहर में शनिवार को भी सुबह से लेकर दोपहर तक बारिश के आसार हैं। सुबह आसमान में बादल छाए रहेंगे, इसके अलावा हल्की से मध्यम बारिश के साथ छिटपुट गरज-चमक और आंधी आने की संभावना है। सुबह के समय भी रुक-रुककर बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। दोपहर बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। वास्तविक से अधिक गर्मी का होगा एहसास मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अत्यधिक नमी के कारण उमस बेहाल करेगी और वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस होगी। दोपहर बाद छिटपुट गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना 70 से 90 फीसदी तक है। शाम होते होते थमेगी बारिश शाम होते-होते बारिश की गतिविधियां धीमी पड़ सकती हैं और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। डॉ. पांडेय के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश के बावजूद उमस लोगों को परेशान कर सकती है। 57.9 मिमी बारिश से तापमान लुढ़का सीएसए की शुक्रवार की मौसम रिपोर्ट के अनुसार शहर में 57.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम होकर 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट के बावजूद हवा में नमी बढ़ने से शनिवार को उमस का असर बना रहने की संभावना है। -
नोएडा में रिटायर्ड अधीक्षक 7 दिन डिजिटल अरेस्ट:मनी लॉन्ड्रिंग का दिखाया डर , 30 लाख रुपए ट्रांसफर
साइबर अपराधियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त एक महिला अधिकारी को एक सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट करके 30 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने महिला को कश्मीर में होने वाली आतंकवादी घटनाओं के लिए मनी लांड्रिंग मामलों में शामिल होने का आरोप लगाया। गिरफ्तारी का भय दिखाकर ठगी की। साइबर थाना पुलिस ने गुरुवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगने अपने को बताया सीबीआई अधिकारी ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय में कार्यालय अधीक्षक के पद पर थीं। सेवानिवृत्त होने के बाद परिवार के साथ रहती हैं। 10 जुलाई को उनके पास अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया। उसने कहा कि मनी लांड्रिंग मामले में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से शिकायतकर्ता का आधार कार्ड मिला है। गिरफ्तार किए गए सभी युवक देशभर में होने वाली आतंकवादी घटनाओं के लिए मनी लांड्रिंग का काम करते हैं। गिरफ्तारी का दिखाया डर पूछताछ में शिकायतकर्ता का नाम भी बताया गया है। यह सुनकर पीड़िता भयभीत हो गईं। जालसाजों ने सीबीआई के कथित वरिष्ठ अधिकारियों से बात कराई। उसने पीड़िता पर आरोप लगाया कि वह रितेश मेहता के लिए मनी लांड्रिंग का काम करती हैं। अभी तक की जांच में उनका नाम सामने आया है। कभी भी सीबीआई की टीम उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। इसके बाद किया डिजिटल अरेस्ट गिरफ्तारी से बचने के लिए वह जालसाजों से मिन्नतें मांगने लगीं। आरोपियों ने पीड़िता के डरने का फायदा उठाते हुए जांच के नाम पर वीडियो कॉल करके डिजिटल अरेस्ट कर लिया। आरोपियों ने कहा कि वह किसी से भी संपर्क नहीं करेंगी। यदि उन्होंने किसी से संपर्क किया या किसी को बताया कि तो उन्हें कभी भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीमें उनके घर के आसपास ही हैं। इसलिए वह जैसा कहें, वैसा ही करना होगा। 30 लाख रुपए कर दिए ट्रांसफर यदि मामला यहीं रफा-दफा करना है तो उनकी बात माननी होगी। गिरफ्तारी के डर से पीड़िता ने जालसाजों द्वारा दिए निर्देश पर दिल्ली में जाकर अपने बैंक खाते से 30 लाख रुपये जालसाजों द्वारा बताए बैंक खाते में ट्रांसफर करा दिए। रुपये ट्रांसफर करने के बाद जब वह घर पहुंचीं तो परिवार के लोगों से मिलकर रोने लगीं। परिजन से बातचीत के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। -
अधिकारियों से पूछताछ के लिए SIT के 30 सवाल तैयार:कानपुर नगर निगम की 17 फाइलों में मिली गड़बड़ी, गोविंद शर्मा के घर छापेमारी
नगर निगम में छापेमारी के बाद SIT ने बुधवार को नगर निगम से 17 फाइलें जब्त की थीं। ऐसे में दो दिन SIT ने इन फाइलों को खंगाला और ई-टेंडरिंग और लॉटरी प्रक्रिया को समझा। जिसमें कई खामियां मिलने के बाद प्राथमिकता के आधार पर अधिकारियों से पूछताछ के लिए SIT ने 30 प्रश्न तैयार किए है। जांच के दायरे में आए अधिकारियों और कर्मचारियों से नोटिस देकर पूछताछ की जाएगी। आगरा स्थित घर पहुंची पुलिस वहीं नगर निगम में टेंडर रैकेट चलाने वाले गोविंद शर्मा पुलिस की पकड़ से काफी दूर है। तीन दिनों से उसका मोबाइल बंद है ऐसे में पुलिस को उसकी लोकेशन भी नहीं मिल रही है। शुक्रवार को फजलगंज पुलिस ने उसके आगरा स्थित घर पर छापा मारा, लेकिन पुलिस को बाहर से ही बैरंग वापस लौटना पड़ा। नगर निगम में टेंडर रैकेट चलाने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मंगलवार को स्वरूप नगर में पांच और फजलगंज में एक मुकदमा दर्ज किया है। स्वरूप नगर थाने में दर्ज मामलों की जांच एसआईटी कर रही है, जबकि फजलगंज थाने में दर्ज मामले में पुलिस ठेकेदार संदीप जैन और रज्जन बाजपेयी को जेल भेज चुकी है। टेंडर रैकेट के मास्टर माइंड गोविंद शर्मा पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि गोविंद के आगरा स्थित घर पर छापा मारा गया है। गोविंद के घर पर ताला मिला है। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। लोगों का कहना है कि गोविंद परिवार के साथ गया था, लेकिन तीन चार दिन से दिखाई नहीं दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजस्थान के आश्रम से गोविंद ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। तब से उसकी कोई लोकेशन नहीं मिली है। हालांकि सूत्र यह भी बता रहे हैं कि वह अपने अन्य किसी नजदीकी के मोबाइल से मददगारों के संपर्क में है। पुलिस का दावा है कि उसके मददगारों को भी पकड़ा जाएगा। पार्षद वेलफेयर समिति की जांच से मचा हड़कंप पुलिस के पास पार्षद वेलफेयर समिति की शिकायत पहुंची थी। जिसके बाद समिति में शामिल पार्षदों की जांच शुरू हो चुकी है। जांच शुरू होने के साथ ही समिति में शामिल पार्षदों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस को प्राथमिक जांच में कुछ नाम सामने आए हैं, जिनकी जानकारी जुटायी जा रही है।