Category: up

  • 6 दिन की बच्ची की मां ने की आत्महत्या:प्रयागराज में पति हिरासत में, एसीपी ने मौके का किया निरीक्षण

    प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र की ग्राम सभा अल्हवा में छह दिन की बच्ची की मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लिया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की शादी पिछले साल जून में हुई थी। वह मध्य प्रदेश के सोहागी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। 21 अगस्त को नैनी के एक अस्पताल में ऑपरेशन से उसने बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची के जन्म के बाद रक्षाबंधन पर छठी का कार्यक्रम भी निर्धारित था। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अलग रहने को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि महिला पति से अलग रहने की बात कह रही थी, जबकि पति अपनी विधवा मां को अकेला छोड़ने के पक्ष में नहीं था। इसी बात को लेकर रात में विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने कोरांव थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। शिकायत के आधार पर पति को हिरासत में लिया गया है। कोरांव इंस्पेक्टर ने मायके पक्ष की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की। मेजा एसीपी ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई और विवेचना की जाएगी। दहेज उत्पीड़न से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।
  • लखनऊ में सपा नेता को राखी गिफ्ट में मिली चीनी:महंगी चीनी का किया विरोध , पूजा बोली – महंगाई ने त्योहारों कि मिठास को कम किया

    लखनऊ में रक्षाबंधन के मौके पर समाजवादी पार्टी ने बढ़ती चीनी की कीमतों के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता प्रवक्ता पूजा शुक्ला ने रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधी और बदले में उपहार के तौर पर 5 किलो चीनी ली। ‘महंगी ने मिठास को कम किया’ पूजा शुक्ला ने इस मौके पर बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई ने मिडिल क्लास और गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। चीनी के लगातार बढ़ते दामों का असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। चीनी त्योहारों में मिठास लाती है, लेकिन अब महंगाई ने त्योहारों कि मिठास को कड़वाहट में बदल दिया है। ‘किचन का बजट बिगड़ा’ पूजा शुक्ला ने कहा कि चीनी हमारे जीवन का अहम हिस्सा है और त्योहारों में मिठास लाने का काम करती है. लेकिन जिस तरह से चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, उससे आम लोगों के किचन का बजट बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के दिन उनके भाई ने उन्हें 5 किलो चीनी भेंट की महंगी होती चीनी के खिलाफ ये उनका सांकेतिक विरोध था। रसोई के सभी सामान हुए महंगे सपा प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश और देशभर के भाइयों से अपील की कि सरकार को आईना दिखाने के लिए रक्षाबंधन पर अपनी बहनों को चीनी उपहार में दें। पूजा शुक्ला ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की नाकामी और गलत नीतियों की वजह से चीनी महंगी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पहले गैस सिलेंडर की मार से जूझ रहा था अब चीनी से परेशान है। इसके अलावा आटा, दाल, चावल और सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं।
  • बरेली में कैसे बेकाबू हो गई महिलाओं की भीड़? एक की मौत, कई घायल… मेयर को राखी बांधने आईं थीं

    Bareilly News: बरेली क्लब में मेयर उमेश गौतम की ओर से आयोजित सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम में गुरुवार को भारी भीड़ के चलते अफरा-तफरी मच गई. गर्मी और उमस के बीच धक्का-मुक्की में कई महिलाएं बेहोश और घायल हो गईं. एक महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान मधु सिंह के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार किया है.

    20 हजार से ज्यादा महिलाएं पहुंंचीं

    कैंट थाना क्षेत्र स्थित बरेली क्लब में बीजेपी मेयर डॉ. उमेश गौतम की ओर से सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं को आमंत्रित किया गया था. आयोजकों की ओर से करीब 20 हजार से अधिक महिलाओं के पहुंचने का दावा किया गया. सुबह करीब 10 बजे से ही महिलाओं का कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था. करीब 11 बजे तक मैदान में भारी भीड़ जमा हो गई. भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बढ़ती भीड़ के कारण कुछ देर बाद स्थिति बिगड़ने लगी.

    ये भी पढे़ं-

    धक्का-मुक्की में कई महिलाएं बेहोश

    कार्यक्रम में महिलाओं से राखी बंधवाने के लिए पहले से कूपन बांटे गए थे. बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों और बुजुर्ग परिजनों के साथ पहुंची थीं. भीड़ बढ़ने के बाद मैदान में जगह कम पड़ गई और महिलाएं बैरिकेडिंग पार कर मंच की ओर जाने लगीं. इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई. कई महिलाएं गिर गईं. कुछ गर्मी व भीड़ के दबाव के कारण बेहोश हो गईं. मौके पर मौजूद एंबुलेंस की मदद से बेहोश और घायल महिलाओं को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया गया.

    महिला की हालत बिगड़ी, अस्पताल में मौत

    कार्यक्रम के दौरान एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान मधु सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गर्मी और उमस के कारण मधु सिंह की हालत बिगड़ी थी. हालांकि, उनकी मौत की पूरी वजह पोस्टमार्टम या चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस कार्रवाई को लेकर परिजनों ने फिलहाल इनकार किया है.

    करीब पांच मिनट तक भीड़ में दब गई थी बच्ची

    कार्यक्रम में मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने भीड़ की स्थिति को लेकर अपनी आपबीती बताई. उनका कहना था कि भीड़ में एक बच्ची दब गई थी. करीब पांच मिनट तक दबे रहने के बाद उसे बाहर निकाला गया. इस दौरान बच्ची के हाथ-पैर में चोट आई. एक अन्य महिला ने बताया कि भीड़ के बीच धक्का-मुक्की इतनी ज्यादा थी कि लोग एक-दूसरे पर गिर रहे थे. उसका कहना था कि महिलाओं के साथ बच्चों को भी काफी परेशानी हुई और कई लोग घायल हो गए.

    जान बचाकर बाहर निकलना पड़ा

    भुता क्षेत्र से कार्यक्रम में पहुंची एक महिला ने बताया कि जब वह मंच की तरफ जाने की कोशिश कर रही थी तो भीड़ में किसी ने उनका हाथ खींच लिया. धक्का-मुक्की के दौरान उनकी चप्पल और पैरों में पहनी बिछिया तक निकलकर गिर गई. महिला के मुताबिक, भीड़ का दबाव इतना ज्यादा था कि उन्हें किसी तरह अपनी जान बचाकर कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलना पड़ा.

    वहीं, बच्चे को गोद में लेकर पहुंची एक महिला ने बताया कि पीछे से भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया. वह अपने बच्चे को सीने से लगाए खड़ी थी. दबाव बढ़ने पर बच्चा हाथ से नीचे गिरते-गिरते बचा. उनकी सास को भी भीड़ ने धक्का दे दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं.

    मंच पर बढ़ी भीड़, बेटे को गेट पर भेजा

    हालात बिगड़ते देख मेयर डॉ. उमेश गौतम ने भीड़ को अलग-अलग जगह बांटने की कोशिश की. बताया गया कि उन्होंने अपने बेटे पार्थ गौतम को मुख्य गेट की ओर भेजा, ताकि वहां भी महिलाओं से राखी बंधवाई जा सके. इसके बावजूद मंच के आसपास भीड़ का दबाव कम नहीं हुआ. कई महिलाएं मंच की तरफ बढ़ने लगीं. इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में आयोजकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

    बच्चे भीड़ में बिछड़े, लगातार हुआ अनाउंसमेंट

    भारी भीड़ के बीच कुछ बच्चों के अपने परिजनों से बिछड़ने की बात भी सामने आई. कार्यक्रम स्थल पर लाउडस्पीकर के जरिए लगातार बच्चों और उनके परिजनों के बारे में अनाउंसमेंट कराया गया. मैदान में कई जगह टूटी चूड़ियां, चप्पल और अन्य सामान भी बिखरा नजर आया. इससे कार्यक्रम के दौरान बने हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है.

    उपहार बांटने के दौरान भी बढ़ा दबाव

    कार्यक्रम में महिलाओं को उपहार भी बांटे जा रहे थे. उपहार लेने के दौरान भी भीड़ का दबाव और बढ़ गया. महिलाओं में उपहार लेने की होड़ के बीच कई जगह धक्का-मुक्की हुई. कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उनके मोबाइल फोन, पर्स में रखी नकदी और गले की चेन चोरी हो गई. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गई है.

    कार्यक्रम की व्यवस्था पर उठे सवाल

    कार्यक्रम में शामिल नीलिमा समेत कई महिलाओं ने आयोजन की व्यवस्था पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि जब इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को बुलाया गया था तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए थे. महिलाओं ने गर्मी और उमस के बीच पानी, सुरक्षित रास्ते और भीड़ नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई. उनका कहना था कि त्योहार के कार्यक्रम में परिवार और बच्चों के साथ पहुंचना मुश्किल हो गया.

    घटना के बाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल घायल महिलाओं को किस-किस अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, कार्यक्रम में अव्यवस्था और एक महिला की मौत के मामले में मेयर डॉ. उमेश गौतम की ओर से भी बयान नहीं आया है.

  • सामर्थ्य, स्वाभिमान और सशक्तीकरण…योगी सरकार की ‘मातृशक्ति सम्मान यात्रा’ के मायने

    भारतीय चिंतन ने हमेशा नारी को शक्ति के रूप में देखा है, कमजोरी के तौर पर नहीं. स्वामी विवेकानंद का प्रसिद्ध कथन है कि जिस राष्ट्र में नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं. समाज की प्रगति का मार्गदर्शक सिद्धांत भी यही है और राष्ट्र की समृद्धि भी तभी संभव है, जब उसकी आधी आबादी को स्वावलंबन की दिशा देने के साथ ही सम्मान भी दिया जाए. उत्तर प्रदेश के सामाजिक उत्थान के मूल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच भी यही है कि मातृशक्ति को सशक्त बनाया जाए और लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना इसी की एक कड़ी है.

    लखनऊ में बुधवार को जब मुख्यमंत्री योगी ने इस योजना का का शुभारंभ किया तो यह एक तरह से अपने न्यायप्रिय शासन, करुणा और अपने संकल्प के लिए जानी जाने वाली देवी अहिल्याबाई होलकर को नमन था. योगी सरकार ने 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की माताओं-बहनों को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देकर देवी अहिल्याबाई को समाज की वरिष्ठ और बुजुर्ग महिलाओं के सम्मान का प्रतीक बना दिया है.

    मातृशक्ति सम्मान की यात्रा के और भी पड़ाव

    योगी सरकार की मातृशक्ति सम्मान की यात्रा के और भी पड़ाव हैं. रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व के अवसर पर, 27 से 29 अगस्त तक, माताएं-बहनें अपने सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी. योगी सरकार महिलाओं को रक्षाबंधन पर यह सुविधा पहले से देती रही है तो इसके पीछे इस पर्व के प्रति उसका सम्मान भाव है. रक्षाबंधन का धागा भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक है. सरकार ने उसी धागे में सुरक्षा और सुविधा को पिरो दिया है.

    कल्पना कीजिए उस वृद्धा का चेहरा, जो वर्षों से किसी पर्व पर अपने भाई के घर इसलिए नहीं जा पाती थी क्योंकि किराया एक बोझ था. अब वही यात्रा उसके लिए स्वाभिमान के साथ संभव है. यह नीति केवल बस के टिकट की छूट नहीं देती, यह बुजुर्ग महिलाओं को यह अहसास कराती है कि राज्य उनकी गरिमा का भागीदार है.

    महिलाओं के साथ सेल्फी

    मातृशक्ति योजना के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब महिलाओं को स्मार्ट कार्ड, बैग, साड़ी और मिठाई भेंट की, तो यह दृश्य आत्मीय था. यह वह भारतीय संस्कार है, जहां देने वाला झुककर देता है और पाने वाला सम्मानित होकर लेता है. विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर, खुद बस में चढ़कर महिलाओं के साथ सेल्फी लेते मुख्यमंत्री की छवि इस बात का प्रमाण है कि यह योजना फाइलों में नहीं, जमीन पर जीवंत है. नेतृत्व जब जनता के बीच जाकर उसकी खुशी में शामिल होता है, तभी शासन और समाज के बीच की दूरी सचमुच मिटती है.

    50 हजार बेटियों को दी जाएगी स्कूटी

    इसी क्रम में सीएम योगी की यह घोषणा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें उन्होंने कहा कि स्नातक में पढ़ने वाली 50 हजार बेटियों को अक्टूबर-नवंबर में स्कूटी दी जाएगी. यह योजना केवल एक वाहन देने की बात नहीं है, यह बेटियों की स्वतंत्र गतिशीलता, उनकी शिक्षा तक निर्बाध पहुंच और उनके आत्मविश्वास की कहानी है. जो बेटी कभी दूर के कॉलेज जाने से इसलिए हिचकती थी क्योंकि रास्ता सुरक्षित नहीं लगता था या साधन उपलब्ध नहीं था, अब वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपने सपनों की दिशा में निकल सकेगी. शिक्षा से आत्मनिर्भरता तक की यह दूरी, यह योजना पाटने का प्रयास करती है.

    सम्मान की सच्ची कसौटी यह है कि हम नारी को कितना अवसर, कितनी सुरक्षा और कितनी स्वतंत्रता प्रदान करते हैं. बिना सामर्थ्य के सम्मान खोखला रह जाता है. जब स्त्री आर्थिक रूप से सक्षम होती है, उसका सम्मान स्वाभाविक रूप से सुदृढ़ होता है, क्योंकि निर्भरता सम्मान को कमजोर करती है और स्वावलंबन उसे मजबूत करता है.

    महिलाओं में चेतना जागृत करने का प्रयास

    योगी सरकार ने सत्ता में आने के बाद से ही महिलाओं में यह चेतना जागृत करने का प्रयास किया है कि वे सक्षम हैं. इसी का परिणाम है कि महिलाएं अब चूल्हे से चेक तक, चेक से कारोबार तक और कारोबार से टेक्नोलॉजी तक में भागीदारी निभा रही हैं. यह यात्रा उस दिन से शुरू होती है जब एक महिला पहली बार बैंक खाता खुलवाती है, आगे बढ़ती है जब वह स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपना छोटा व्यवसाय शुरू करती है और समाज के सामने आदर्श बनती है.

    डिजिटल भुगतान करती, ऑनलाइन मार्केटिंग सीखती और तकनीक की भाषा बोलती महिला इस यात्रा का हिस्सा है. उत्तर प्रदेश, जहां लगभग साढ़े 12 करोड़ की जनसंख्या आधी आबादी यानी महिलाओं की है, का स्वरूप अब बदला हुआ है और इसे स्पष्ट देखा जा सकता है.

    सुविधा, सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नेतृत्व की यात्रा

    सुविधा, सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नेतृत्व की यह यात्रा हमारे मनीषियों के दर्शन को आत्मसात करती है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद यह कहता है कि परिवार और समाज की समग्र उन्नति तभी संभव है जब उसकी हर इकाई, विशेषकर नारी, सशक्त और आत्मनिर्भर हो. हमें स्मरण रखना होगा कि सशक्तीकरण केवल आर्थिक सहायता से नहीं आता, वह गरिमा और अवसर के सम्मिलन से जन्म लेता है.

    स्वरोजगार की योजनाओं से खुला समृद्धि का द्वार

    जब एक वृद्ध महिला बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने परिवार से मिलने जा सकती है, जब एक युवा बेटी अपने कॉलेज तक खुद की सवारी पर पहुंच सकती है, तब यह केवल सुविधा नहीं, स्वाभिमान की पुनर्स्थापना है. भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति, लक्ष्मी और सरस्वती का प्रतिरूप माना गया है, मतलब शक्ति, समृद्धि और ज्ञान की त्रिवेणी. यह योजनाएं उसी त्रिवेणी को यथार्थ के धरातल पर उतारने का प्रयास हैं. बस यात्रा से बुजुर्ग महिला को शक्ति मिलती है, स्कूटी से बेटी को ज्ञान तक पहुंचने का साधन मिलता है, और स्वरोजगार की योजनाओं से समृद्धि का द्वार खुलता है.

    सुधा मोदी, समाजसेविका और उद्यमी

  • Aaj Ka Mausam: रक्षाबंधन पर दिल्ली में बारिश…. UP-बिहार से लेकर बंगाल तक बरसेंगे बादल, जानें हिमाचल-उत्तराखंड का हाल

    Aaj Ka Mausam: देशभर में इन दिनों मॉनसून के प्रभाव से मूसलाधार बारिश हो रही है. कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वात्तर और दक्षिण के राज्यों में बादल जमकर बरस रहे हैं. पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश का दौर जारी है. इसी बीच मौसम विभाग ने रक्षाबंधन पर भी राज्यों में बारिश की संभावना जताई है. कुछ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट भी है.

    देश की राजधानी दिल्ली रक्षाबंधन के दिन भीगेगी. दिल्ली में आज आसमान में आमतौर पर बादलों का डेरा जमा रह सकता है और मध्यम बरसात देखने को मिल सकती है. आज राज्य का अधिकतम 35 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह रह सकता है. कल यानी 29 अगस्त से मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है. 29 अगस्त से 02 सितंबर तक दिल्ली में बारिश नहीं होगी.

    पूर्वी यूपी में पड़ सकती हैं बौछारें

    उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी तेज बारिश का सिलसिला जारी है, लेकिन रक्षाबंधन के दिन लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है. विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम है. हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. पश्चिमी यूपी की तुलना में पूर्वांचल में बारिश की गतिविधियां ज्यादा दिख सकती हैं.

    बिहार-झाऱखंड में आंधी-बारिश

    बिहार में रक्षाबंधन के दिन मौसम के तेवर सख्त रहने वाले हैं. आज राज्य के 20 जिलों में बारिश का ऑरेंज और बाकी 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य में तेज हवाएं चलने की भी उम्मीद है. मौसम विभाग ने त्योहार के दिन आज झारखंड के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है.

    इन राज्यों में भी अलर्ट

    राजस्थान के झुंझुनू, टोंक, बारां, बूंदी, दौसा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, अलवर, झालावाड़, जैसलमेर, करौली, उदयपुर, सवाई माधोपुर, बारां और जयपुर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है. पंजाब के कई जिलों में आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. हरियाणा के नौ जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

    पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम?

    उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल,उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, ऋषिकेश और रुद्र प्रयाग में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, सोलन और मंडी में भारी बारिश हो सकती है. जम्मू कश्मीर के कई जिलों में आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

  • Ankit Baliyan Murder Case: कबड्डी का खिलाड़ी कैसे बना सिंगर? ऐसे चमका था अंकित बालियान का सितारा, 20 से ज्यादा गाने थे पाइपलाइन में

    Haryanvi Singer Ankit Baliyan: उत्तर प्रदेश के शामली के बंतीखेड़ा गांव से निकलकर हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बनाने वाले की 26 अगस्त की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. कभी कबड्डी के मैदान पर अपना भविष्य तलाशने वाले अंकित ने चोट के बाद खेल छोड़कर फिटनेस और फिर संगीत की दुनिया में कदम रखा था. कुछ ही वर्षों में वह सिंगर के साथ एक्टर, गीतकार, कंपोजर और म्यूजिक प्रोड्यूसर के तौर पर पहचान बनाने लगे थे. परिवार के मुताबिक, उनके 20 से ज्यादा नए गानों पर काम चल रहा था और वह बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी में थे.

    अंकित ने अपने करियर की शुरुआत संगीत से नहीं, बल्कि कबड्डी से की थी. करीब 2013-14 तक वह प्रदेश स्तर पर कबड्डी खेलते रहे. दिल्ली, भोपाल समेत कई शहरों में आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने हिस्सा लिया. इसी दौरान पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर के बाद उनका खेल करियर रुक गया. इसके बाद उन्होंने जिम और फिटनेस पर ध्यान देना शुरू किया. इसी दौरान संगीत के प्रति उनका रुझान बढ़ा और करीब 2022 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम शुरू किया.

    सिंगिंग से प्रोडक्शन तक बनाई पहचान

    अंकित ने जल्द ही अपनी अलग पहचान बना ली. वह गायन के साथ एक्टिंग, गीत लेखन, कंपोजिंग और म्यूजिक प्रोडक्शन में भी सक्रिय रहे. मासूम शर्मा समेत कई चर्चित कलाकारों के साथ उन्होंने प्रोजेक्ट किए. एक खटोला जेल के भीतर, भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान, 112 NE, जाट जाटनी, मोदी बरगा रुतबा, गोली के बारूद, सिस्टम और अगला जनम जाट जैसे गानों से उन्हें पहचान मिली. उनके कई गानों को YouTube पर लाखों और करोड़ों व्यूज मिले.

    बॉलीवुड और राजनीति में जाने की थी तैयारी

    अंकित के परिवार के अनुसार वह आने वाले समय में बॉलीवुड में भी काम करने की तैयारी कर रहे थे. कुछ कलाकारों के साथ बातचीत चलने की बात सामने आई थी. इसके अलावा वह राजनीति में भी कदम रखने की योजना बना रहे थे और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी में थे. हत्या के वक्त भी उनके 20 से अधिक नए गानों पर काम चल रहा था.

    जिम से निकलते ही बरसाई गोलियां

    26 अगस्त की शाम अंकित शामली के आर्यपुरी इलाके में स्थित जिम से बाहर निकले थे. इसी दौरान हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हत्या के बाद मामले में अलग-अलग दावों ने जांच को और पेचीदा कर दिया है. एक कथित सोशल मीडिया वीडियो में भूपेंद्र ढींगरा नाम के शख्स ने खुद जिम में हुए विवाद का दावा करते हुए हत्या करवाने की बात कही. इससे पहले गोगी गैंग से जुड़े भोलू शाहपुरिया की ओर से भी हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया था. इन दावों की पुलिस जांच कर रही है.

    तीन जिलों की पुलिस और STF जांच में जुटी

    हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर पुलिस की कई टीमें दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दबिश दे रही हैं. मामले के खुलासे के लिए उत्तर प्रदेश STF को भी जांच में लगाया गया है. पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या अन्य किसी वजह समेत सभी संभावित एंगल की जांच कर रही है.

    पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

    अंकित का अंतिम संस्कार देर शाम उनके पैतृक गांव में गमगीन माहौल में किया गया. पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, सपा विधायक पंकज मलिक समेत कई जनप्रतिनिधि अंतिम संस्कार में पहुंचे. परिजन आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करे, अन्यथा वे खुद कार्रवाई करने को मजबूर होंगे. पुलिस ने फिलहाल जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर फोकस किया है.

  • Ankit Baliyan Murder case: 4 शूटर, 12 राउंड फायरिंग… CCTV में कैद अंकित बालियान के कातिल, 30 सेकंड में गोलियां बरसाकर पैदल भागे

    Ankit Baliyan CCTV Footage: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर की हत्या से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया है. फुटेज में हमलावर अंकित की गाड़ी को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. गोलीबारी के बाद आरोपी हथियार हवा में लहराते हुए पैदल ही मौके से निकल जाते हैं. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गई. जिम के अंदर मौजूद लोग बाहर आए, लेकिन हमलावरों के सामने किसी ने तत्काल अंकित के पास जाने की हिम्मत नहीं की.

    CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि अंकित पर हमला बेहद कम समय में किया गया. हमलावरों ने जिम के बाहर उनकी गाड़ी को घेरकर गोलियां चलाईं और इसके बाद हथियार लेकर पैदल ही वहां से निकल गए. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. जिम के अंदर मौजूद लोग भी गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आए. हालांकि, सामने हथियार लिए हमलावरों को देखकर लोग दूरी बनाए रहे. हमलावरों के मौके से निकल जाने के बाद ही लोग अंकित की तरफ बढ़े.

    जमीन पर खून से लथपथ मिले अंकित

    हमलावरों के जाने के बाद स्थानीय लोग अंकित के पास पहुंचे. CCTV में वह जमीन पर खून से लथपथ नजर आते हैं. लोगों ने उन्हें संभालने और मदद पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया.

    पुलिस की शुरुआती जांच में चार शूटरों के शामिल होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शूटर हरियाणा की तरफ से आए थे या किसी दूसरे रास्ते से शामली पहुंचे थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए.

    हत्याकांड की जांच में CCTV फुटेज को अहम कड़ी माना जा रहा है. पुलिस अलग-अलग स्थानों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के आने और भागने का पूरा रूट पता लगाया जा सके. इसके साथ ही तकनीकी इनपुट और संदिग्धों की लोकेशन को भी जांच से जोड़ा जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा में संदिग्धों की लोकेशन मिलने के बाद STF और शामली पुलिस की SWAT टीम भी सक्रिय है. टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं.

    सोशल मीडिया के दावों की भी जांच

    अंकित की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और पोस्ट वायरल हो रहे हैं. इनमें अलग-अलग लोगों की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने के दावे किए जा रहे हैं. गोगी गैंग की ओर से भी जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है. हालांकि पुलिस इन सभी दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है.

    जांच एजेंसियां सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो और पोस्ट का आपस में कनेक्शन तलाश रही हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कौन सा दावा वास्तविक है और कौन पुलिस को गुमराह करने के लिए किया गया है.

    फिलहाल CCTV फुटेज, तकनीकी जांच और सोशल मीडिया पर सामने आए दावों के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की दिशा में आगे बढ़ रही है. अब जांच का अहम सवाल यही है कि CCTV में दिखाई दे रहे चार हमलावरों तक पुलिस कब तक पहुंचती है.

  • UP से नेपाल बॉर्डर तक पहुंचना होगा आसान, चलेंगी 2 एक्सप्रेस और 2 पैसेंजर ट्रेनें, जानें रूट और टाइमिंग

    Bahraich Nepal Train Service: इस महीने की 31 तारीख को उत्तर प्रदेश के बहराइट से नेपाल बॉर्डर तक ट्रेन चलेगी. इसी के साथ नेपाल के लिए ट्रेनों का इंतजार समाप्त हो जाएगा. 31 अगस्त को सांसद डॉक्टर आनंद गोंड बरराइच से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रावाना करेंगे. वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव विस्तारित इस रेल कनेक्टीविटी का शुभारंभ वर्चुअली करेंगे. शुरुआत में इस रूट पर चार ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है.

    इन चार ट्रनों में दो एक्सप्रेस और दो पैसेंजर ट्रेनें हैं. ट्रेनों की ये सुविधा इस जिले के रहवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि नेपाल में रहने वाले लोगों के लिए भी लाभदायक सिद्ध होगी. सांसद आनंद गोंड ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बहराइच के लोगोंं को ये सौगात दी है. उनकी इस सौगात से बहराइच की रेल कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिला है.

    सांसद आनंद गोंड ने क्या बताया?

    सांसद ने बताया कि बहराइच-नेपालगंज रोड रेल खंड आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है. नवनिर्मित रेलवे स्टेशन नेपालगंज रोड, बाबागंज, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच से 31 अगस्त से ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएंगी. ब्रॉडगेज के बाद चार प्रमुख ट्रेनें प्रस्वावित और स्वीकृत की गई हैं.

    क्या रहेगी ट्रेनों की टाइमिंग?

    14214 डाउन नेपालगंज रोड-वारणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह चार बजे नेपालगंज रोड से रवाना होगी. ये ट्रेन दोपहर में 01 बजकर 35 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी. वापसी में 14213 अप वाराणसी से दोपहर दो बजे चलेगी और रात के 11 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी. इसी तरह 15131 और 15132 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस और गोंडा से नेपालगंज रोड के लिए दो मेमू/ पैसेंजर ट्रेनें संचालित की जाएंगी.

    गाड़ी संख्या 7510975110 और 7511175112 सुबह पांच बजे और दोपहर 12.30 बजे से संचालित होगी. सांसद आनंद गोंड ने कहा कि इससे बहराइच से वाराणसी, गोंडा की सीधी कनेक्टीविटी होगी. साथ ही जिले के विकास को और अधिक गति मिलेगी.

  • जालौन के इस गांव में रक्षाबंधन पर मातम: कुएं में डूब रहा था छोटा भाई, बचाने कूदा बड़ा भाई; दोनों की मौत

    जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के करियावली गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में बने करीब 60 फीट गहरे कुएं में डूबने से दो भाइयों की मौत हो गई. दोनों भाई कुएं में लगी मोटर निकालने के लिए उतरे थे. पहले छोटा भाई गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए बड़ा भाई भी कुएं में उतर गया, लेकिन दोनों पानी में समा गए. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया.

    करियावली गांव निवासी फूल सिंह कुशवाहा (65) और उनके छोटे भाई राम लखन कुशवाहा (55) का गांव के किनारे खेत है. खेत में सिंचाई के लिए करीब 60 फीट गहरा कुआं बना हुआ है. कुएं में पानी खींचने के लिए मोटर लगी थी.

    पिछले दिनों हुई बारिश के कारण कुएं में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था. पानी बढ़ने से मोटर डूबने लगी थी. शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे दोनों भाई मोटर निकालने के लिए कुएं के पास पहुंचे.

    रस्सी के सहारे कुएं में उतरा था छोटा भाई

    जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के दिन राम लखन कुशवाहा मोटर निकालने के लिए रस्सी के सहारे कुएं में उतरे. वह मोटर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक गहरे पानी में डूबने लगे.

    छोटे भाई को मुश्किल में देखकर फूल सिंह उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए. हालांकि, कुएं में पानी अधिक गहरा होने के कारण वह भी खुद को संभाल नहीं सके. देखते ही देखते दोनों भाई पानी में डूब गए.

    ग्रामीणों की भीड़ जुटी, पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची

    हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते कुएं के पास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने दोनों भाइयों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.

    सूचना मिलने पर कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. बचाव दल ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में उतरकर दोनों भाइयों की तलाश शुरू की.

    काफी प्रयास के बाद दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकाला जा सका. हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

    पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव

    पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में घटना दुर्घटनावश हुई है. मौके पर किसी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है.

    एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है. रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच गहरा लगाव था और खेत से जुड़े काम वे अक्सर साथ मिलकर करते थे.

  • हरदोई में मकान के अंदर मिला हैंड ग्रेनेड…लोगों में फैली दहशत; गांव पहुंची पुलिस

    Hardoi Hand Grenade Found: उत्तर प्रदेश के हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर पॉलीथिन में लिपटा संदिग्ध हैंड ग्रेनेड मिला. इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. हैंड ग्रेनेड गांव के रहने वाले सतीश के घर के अंदर मिला. विस्फोटक को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.

    हैरानी की बात यह रही कि कुछ लोग खतरे से अनजान होकर हैंड ग्रेनेड को देखने और उसके आसपास जुटने लगे. जानकारी के अनुसार, रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने पॉलीथिन सतीश के घर के अंदर फेंकी थी, जिसे सामान्य सामान समझकर बाहर कर दिया गया था. सुबह पैकेट खुलने पर अंदर खतरनाक वस्तु देखकर परिवार के होश उड़ गए. फिर पुलिस को इसकी सूचना दी गई. इसके बाद डायल-112 पुलिस करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंची.

    सीओ प्रवीण कुमार यादव ने क्या बताया?

    इसके बाद इलाके को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू की गई. वहीं पुलिस ने ग्रामीणों को संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की हिदायत दी और मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को सूचना दी. सीओ प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि डायल-112 पुलिस को गांव में हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना मिली थी. इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर हैंड ग्रेनेड की जांच और उसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई में जुटा है.

    हैंड ग्रेनेड घर के अंदर कैसे पहुंचा और इसे किसने फेंका?

    प्रवीण कुमार यादव ने प्रवीण कुमार यादव ने कहा कि ये बड़ा सवाल है कि आखिर यह हैंड ग्रेनेड घर के अंदर कैसे पहुंचा और इसे किसने फेंका? पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. ग्रामीणों के आरोपों और पुरानी रंजिश के एंगल की भी जांच की जा रही है. फिलहाल फायर ब्रिगेड को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और उनकी टीम हरपालपुर कोतवाली पहुंच गई है, जहां हैंड ग्रेनेड को रखा गया है.