Category: up

  • Etawah News: राखी पर भाई की कलाई सूनी रह गई… कार में मिला ADM के भाई का शव, सरकारी स्कूल में थे शिक्षक

    Etawah News: रक्षाबंधन के त्योहार पर जब परिवार खुशियां मना रहा था, उसी समय उत्तर प्रदेश के इटावा से एक दुखद खबर सामने आई. भरथना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सरकारी शिक्षक संजीव यादव का शव उनकी कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. संजीव यादव औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय चिमकुनी में शिक्षक थे. वह पिछले कुछ वर्षों से भरथना में किराये के कमरे में रह रहे थे. उनके बड़े भाई सुखवीर सिंह यादव महोबा जिले में एडीएम के पद पर तैनात हैं. भाई की मौत की सूचना मिलने के बाद वह इटावा पहुंचे.

    कार में मिला शिक्षक का शव

    शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे भरथना के स्टेशन रोड इलाके में संजीव यादव की कार खड़ी दिखाई दी. मकान मालिक ने जब कार के अंदर देखा तो शिक्षक का शव पड़ा हुआ था. इसके बाद उन्होंने तत्काल संजीव के परिजनों और पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही भरथना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार और घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए.

    ये भी पढे़ं-

    करीब 3 साल से भरथना में रह रहे थे

    संजीव यादव मूल रूप से औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम पेंतुआ के रहने वाले थे. परिजनों के मुताबिक, वह करीब चार साल से सरकारी शिक्षक के रूप में नौकरी कर रहे थे. संजीव पिछले करीब तीन वर्षों से भरथना के स्टेशन रोड इलाके में किराये के कमरे में रह रहे थे. वह रोजाना अपनी कार से स्कूल आते-जाते थे. बताया गया कि उनकी पत्नी संध्या और बेटी की पढ़ाई इटावा शहर में होती है. इसी वजह से दोनों इटावा शहर में रहते थे, जबकि संजीव भरथना में रहकर स्कूल की नौकरी करते थे.

    रक्षाबंधन के दिन मिली मौत की खबर

    रक्षाबंधन के दिन संजीव की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. पत्नी, बेटी, बहन, माता-पिता और दूसरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोग पोस्टमार्टम गृह पहुंचे और संजीव की मौत की वजह जानने के लिए रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. घटना के बाद गांव और परिवार में भी शोक का माहौल है.

    ये भी पढे़ं-

    एडीएम भाई पहुंचे इटावा

    संजीव के बड़े भाई सुखवीर सिंह यादव महोबा में एडीएम के पद पर तैनात हैं. भाई की मौत की जानकारी मिलते ही वह इटावा पहुंचे. उन्होंने पोस्टमार्टम गृह में डॉक्टरों से बातचीत की और पुलिस अधिकारियों से भी घटना की जानकारी ली. सुखवीर सिंह यादव ने मीडिया के सामने कोई बयान देने से इनकार किया. हालांकि, ऑफ कैमरा उन्होंने भाई की मौत पर गहरा दुख जताया. उन्होंने बताया कि संजीव उनके इकलौते छोटे भाई थे और दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी.

    2 दिन पुराना बताया जा रहा शव

    पुलिस की शुरुआती जांच में शव करीब दो दिन पुराना होने की आशंका जताई गई है. हालांकि संजीव की मौत कब और किस परिस्थिति में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आने की उम्मीद है.

    परिवार ने विवाद से किया इनकार

    परिवार के मुताबिक, संजीव का किसी से कोई विवाद नहीं था. वह शांत स्वभाव के थे और अपने काम से मतलब रखते थे. एडीएम भाई ने ऑफ कैमरा बताया कि कुछ दिन पहले भी उनकी संजीव से बातचीत हुई थी. उस दौरान संजीव ने उनसे मिलने आने की बात कही थी. परिवार ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. मौत की असली वजह सामने आने का इंतजार किया जा रहा है.

    हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

    भरथना पुलिस इस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है. कार और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है. पुलिस फिलहाल मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

  • उरई शहर में नाले के ऊपर से बहा पानी:एसडीएम ने पुल पर आवाजाही रोकने के दिए निर्देश

    जालौन में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते उरई शहर के निचले इलाकों में जलभराव और जल निकासी की समस्या बढ़ने लगी है। शुक्रवार को तिलक नगर मोहल्ले में बारिश के कारण नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के चलते नाले पर बने पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही सदर एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुल पर बैरीकेडिंग कर आवागमन रोकने के निर्देश
    एसडीएम ने तिलक नगर पहुंचकर नाले और पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नाले में पानी के तेज बहाव और पुल के ऊपर से गुजर रहे पानी की स्थिति देखी। मौके पर मौजूद अधिकारियों से जलस्तर और आसपास के हालात की जानकारी ली। पानी का बहाव तेज होने के कारण पुल से आवागमन दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसे देखते हुए एसडीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुल पर बैरीकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोकने, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को पुल पार करने से रोकने को कहा। निचले इलाकों में जल निकासी पर नजर रखने के निर्देश
    एसडीएम ने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को शहर के निचले इलाकों में जल निकासी व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारियों की निगरानी सुनिश्चित करने और जलभराव या तेज बहाव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा। बेतवा नदी के जलस्तर का भी लिया जायजा
    तिलक नगर के निरीक्षण के बाद एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी ने बेतवा नदी के जलस्तर का भी जायजा लिया। उन्होंने नदी के बढ़ते जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। लगातार बारिश को देखते हुए नदी के जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी होने पर संभावित प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते सुरक्षा और राहत संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसडीएम की अपील- तेज बहाव वाले पानी में जाने का जोखिम न लें
    प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम ने आमजन से अपील की कि बारिश के दौरान तेज बहाव वाले पानी में जाने या उसे पार करने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन की ओर से लगाए गए बैरियर और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
  • मथुरा की बेटियों ने सेना के जवानों को बांधी राखी:अखनूर और अटारी बॉर्डर पर गईं बेटियां, जवानों को लगाया तिलक खिलाया पेड़ा

    साध्वी ऋतम्भरा के आश्रम वात्सल्य ग्राम स्थित संविद गुरुकुलम सैनिक बालिका स्कूल की छात्राएं रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बॉर्डर पर गईं। जहां उन्होंने सेना के जवानों को राखी बांधी और उनको मथुरा का प्रसिद्ध पेड़ा खिलाया। इस पल के दौरान पूरा माहौल भाई बहन के इस अटूट प्रेम के पर्व में डूब गया। 200 बेटियां गईं थी सीमाओं पर राष्ट्र सुरक्षा सूत्र समर्पण यात्रा के अंतर्गत समविद् गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल से 200 बेटियों को 20 अध्यापिकाओं के साथ अटारी एवं अखनूर बार्डर ले जाया गया। बेटियों को दो दलों में विभाजित किया गया है। 100 वेटियां का एक दल अखनूर, जम्मू-कशमीर वार्डर श्रीमती पूनम एवं जेपी पाठक के नेतृत्व तथा दूसरा 100 बेटियों का दल सुमित जयसवाल के नेतृत्व में अनुभवी अध्यापिकाओं के साथ अटारी वार्डर, पंजाब गया। बेटियों ने जवानों को खिलाए पेड़े सीमाओं पर गईं बेटियों ने जवानों को पहले तिलक किया,फिर उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद जवानों को मथुरा का पेड़ा खिलाया। इस दौरान सीमा पर स्थित सैन्य क्षेत्र भाई बहन के इस अटूट प्रेम में डूब गया। जवानों ने बेटियों को आशीर्वाद दिया और उनको सदा खुश रहने की कामना की। राखी बांधने गई बेटियों ने कहा कि यह वीर सैनिक वर्ष भर हर मौसम में रहकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। रक्षा बंधन पर इनकी कलाई सुनी न रहे इसके लिए वह यहां आई है। यहां भी गई छात्राएं रक्षा बंधन पर्व पर वात्सल्य ग्राम की बेटियां राष्ट्रपति , प्रधानमंत्री के राखी बांधने दिल्ली भी गईं। 6 राष्ट्रपति भवन, 5 प्रधानमंत्री आवास, 50 रक्षा मन्त्रालय, वार मैमोरियल कुल 70 बेटियाँ दिल्ली गईं। वहीं 75 बेटियों का दल मथुरा कैण्ट के सैनिकों के राखियाँ बाँधेने पहुंचा। बार्डर पर गईं बेटियों का उत्साह देखते बनता था। वन्देमातरम, भारत माता के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो रहा था।
  • रक्षाबंधन पर बागपत जेल में बंदियों से खुली मुलाकात:800 से ज्यादा बहनों ने भाइयों को बांधी राखी, भाइयों से अपराध छोड़ने की अपील की

    रक्षाबंधन के अवसर पर बागपत जिला कारागार में बंदियों और उनकी बहनों के बीच खुली मुलाकात का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार के निर्देश पर हुए इस कार्यक्रम में 800 से अधिक महिलाएं जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं। सुबह 8 बजे शुरू हुई मुलाकात शाम तक चली। इस दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके बेहतर भविष्य की कामना की। बहनों ने भाइयों से अपराध छोड़ने की अपील की
    राखी बांधने के दौरान बहनों ने भाइयों से अपराध की दुनिया से दूर रहकर सामान्य जीवन जीने की अपील की। भाइयों ने भी उन्हें भरोसा दिलाया कि जेल से बाहर आने के बाद अपराध से दूरी बनाए रखेंगे और बेहतर जीवन जीने का प्रयास करेंगे। इस दौरान भाई-बहन के भावनात्मक मिलन का माहौल रहा।
    सीसीटीवी से हुई निगरानी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
    खुली मुलाकात को लेकर जिला कारागार में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की गई। महिलाओं को मुलाकात के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बहनों ने सरकार और सीएम का जताया आभार
    मुलाकात के लिए जेल पहुंची महिलाओं ने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। जिला कारागार के जेलर राजेश कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर आयोजित खुली मुलाकात शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।
  • 17 साल की नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक:जबरन संबंध बनाने का आरोप; ठाकुरगंज पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

    लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में 17 साल की नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। परिजनों की शिकायत पर 27 अगस्त को ठाकुरगंज थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को शुक्रवार को गुलाला घाट ढाल रोड के किनारे से गिरफ्तार किया। बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप, विरोध पर मारपीट
    पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को नाबालिग के परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि सीतापुर के बिसवां थाना क्षेत्र के सांडा गांव का रहने वाला जिशान उनकी 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
    परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। शिकायत मिलने के बाद ठाकुरगंज पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
    सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
    केस दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने दूसरे साक्ष्य भी जुटाए और आरोपी की लोकेशन पता करने के लिए मुखबिरों की मदद ली।
    जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के ठाकुरगंज क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने गुलाला घाट ढाल रोड के किनारे घेराबंदी कर जिशान को गिरफ्तार कर लिया।
    पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 21 साल है। वह मूल रूप से सीतापुर के बिसवां थाना क्षेत्र के सांडा गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह ठाकुरगंज के मोहनी पुरवा इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
  • ट्रेन में दोस्ती कर यात्रियों का सामान चुराता था:जीआरपी ने शातिर चोर को कानपुर सेंट्रल से दबोचा

    कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह आरोपी ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों से दोस्ती कर उनका विश्वास जीतता था और फिर मौका मिलते ही उनके मोबाइल, रुपये व अन्य सामान लेकर फरार हो जाता था। आरोपी को शुक्रवार शाम 5 बजे जेल भेज दिया गया। जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान आरोपी कई बार सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ था, जिसके बाद जीआरपी टीम उस पर नजर रख रही थी। शुक्रवार भोर 3:40 बजे टीम ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान सुधीर कुमार (32) निवासी नौनीकपुर, थाना अछल्दा, जिला औरैया के रूप में हुई। जीआरपी की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिना टिकट ट्रेनों में सफर करता था। वह यात्रियों से बातचीत कर पहले उनसे दोस्ती करता था और विश्वास जीतने के बाद मौका देखकर उनके सामान पर हाथ साफ कर देता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी यात्रियों के मोबाइल फोन, रुपये और अन्य सामान चोरी कर अपना जीवन-यापन करता था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दस्तावेज समेत अन्य सामान बरामद किया है। जीआरपी पुलिस अब आरोपी से जुड़े पुराने मामलों और उसके संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की जांच में आरोपी के खिलाफ छिनैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के 4 मुकदमे दर्ज होने का खुलासा हुआ है। जीआरपी द्वारा आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला गया, जिसमें कानपुर सेंट्रल जीआरपी थाने में उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे सामने आए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले किन-किन ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों को निशाना बनाया है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि उसके खिलाफ अन्य थानों या जीआरपी इकाइयों में कोई और मुकदमा दर्ज है या नहीं। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश भी कर रही है।
  • संभल में BSA अलका शर्मा पर DM का एक्शन, रोक दिया वेतन; जानें क्या है पूरा मामला

    Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अलका शर्मा के खिलाफ जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कड़ी कार्रवाई की है. सरकारी कार्यों में लापरवाही और निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट नहीं सौंपने के मामले में डीएम ने BSA के अगस्त महीने के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. डीएम की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.

    समय पर जांच रिपोर्ट नहीं देने का मामला

    मामला संभल के पंवासा क्षेत्र के सौधन मोहम्मदपुर से जुड़ा है. यहां विकास कार्यों को लेकर एक शिकायत सामने आई थी. शिकायत की जांच के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा को जांच अधिकारी बनाया गया था. आरोप है कि जांच पूरी करने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट जिलाधिकारी के सामने प्रस्तुत नहीं की गई. रिपोर्ट नहीं सौंपे जाने को लेकर प्रशासन ने इसे सरकारी कार्यों में लापरवाही माना.

    –

    डीएम ने वेतन रोकने के दिए निर्देश

    मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने BSA अलका शर्मा के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए. आदेश के तहत अगस्त महीने का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है. प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई को समय पर सरकारी कार्य पूरा नहीं करने से जोड़कर देखा जा रहा है. डीएम के इस कदम के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी चर्चा तेज हो गई है.

    पंवासा के सौधन मोहम्मदपुर की शिकायत

    पूरा मामला पंवासा क्षेत्र के सौधन मोहम्मदपुर गांव में विकास कार्यों को लेकर सामने आई शिकायत से जुड़ा है. शिकायत मिलने के बाद इसकी जांच की जिम्मेदारी BSA अलका शर्मा को दी गई थी. जांच रिपोर्ट निर्धारित समय में नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने इस पर नाराजगी जताई. इसके बाद डीएम ने वेतन रोकने का आदेश जारी किया.

    आगे क्या होगा?

    अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच रिपोर्ट कब तक जिलाधिकारी के सामने प्रस्तुत की जाती है. रिपोर्ट मिलने के बाद प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है. फिलहाल अगस्त माह के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है. प्रशासन की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भी इस मामले को लेकर हलचल बनी हुई है.

  • इस्कॉन कानपुर में मना बलराम प्राकट्योत्सव:सिंगापुर और थाईलैंड के दुर्लभ फूलों से सजा दरबार; चांदी के कलशों से हुआ महाअभिषेक, 108 व्यंजनों का महाभोग

    शहर के इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार, 28 अगस्त को भगवान श्री कृष्ण के बड़े भाई श्री बलराम का आविर्भाव दिवस ‘बलराम पूर्णिमा’ धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से हो रही तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजन किया। शास्त्रों के अनुसार श्री बलराम भगवान श्री कृष्ण के प्रथम विस्तार और आदि गुरु तत्व हैं, जो अनंतशेष के रूप में पूरे ब्रह्मांड को धारण करते हैं। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आयोजित इस भव्य उत्सव में पूरे मंदिर प्रांगण को दुल्हन की तरह सजाया गया था। IIT खड़गपुर से पढ़े महारास प्रभुजी ने सुनाई बलराम कथा उत्सव की शुरुआत सुबह मंगला आरती और दर्शन आरती से हुई, जिसके बाद प्रात:कालीन श्रीमद्भागवतम सत्र आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर इस्कॉन कोलकाता से पधारे श्रीमान महारास प्रभुजी (IIT खड़गपुर से शिक्षित) ने भगवान श्री बलराम के गोपनीय तत्व और उनके लीला-माहात्म्य पर सुंदर कथा प्रस्तुत की। कथा के उपरांत मृदंग और करताल की थाप पर हरे कृष्ण महामंत्र और वैष्णव गीतों का सुमधुर संकीर्तन शुरू हुआ, जिससे पूरा मंदिर प्रांगण आध्यात्मिक तरंगों से गूंज उठा। चांदी के कलशों से पंचगव्य अभिषेक, लगा 108 व्यंजनों का भोग सुबह 11 बजे से भगवान श्री बलराम के अनंतशेष स्वरूप का भव्य महाअभिषेक प्रारंभ हुआ। पुजारियों ने चांदी के कलशों से पंचगव्य सहित कई दुर्लभ सामग्रियों से भगवान का आकर्षक अभिषेक किया। दोपहर में श्री बलराम जी को 108 प्रकार के दिव्य महाभोग अर्पित किए गए। बलराम पूर्णिमा की विशेष महाआरती के बाद मंदिर परिसर में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। सिंगापुर और थाईलैंड के ऑर्किड फूलों से सजा झूला, झूलन यात्रा का समापन
    बलराम पूर्णिमा के साथ ही श्री राधा-कृष्ण की प्रसिद्ध झूलन यात्रा का भी समापन हुआ। इस बार झूला सजाने के लिए सिंगापुर और थाईलैंड से विशेष रूप से मंगाए गए विभिन्न रंगों के दुर्लभ ‘ऑर्किड’ फूलों का इस्तेमाल किया गया था। ऐसा मनमोहक दृश्य देखकर लग रहा था मानो ब्रज धाम खुद कानपुर में उतर आया हो। संकीर्तन के बीच भक्तों ने भगवान को झूला झुलाया।

    3 से 5 सितंबर तक मनेगा तीन दिवसीय भव्य जन्माष्टमी महोत्सव
    कार्यक्रम के अंत में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभुजी ने सभी पधारे भक्तों का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने शहरवासियों को जानकारी दी कि इस बार इस्कॉन कानपुर में 3, 4 और 5 सितंबर को तीन दिवसीय भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दिव्य कृष्ण कथा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाअभिषेक का आयोजन होगा।

  • गोरखपुर में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन:हर घर में दिखा भाई-बहन का प्यार, हमेशा साथ निभाने का लिया वचन

    गोरखपुर में रक्षाबंधन का त्योहार इस बार पूरे जोश और खुशी के साथ मनाया गया। सुबह होते ही घरों में पूजा की तैयारी शुरू हो गई। बहनों ने सजे हुए थाल के साथ भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की दुआ की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार दिए और हर हाल में उनकी रक्षा करने का वादा किया। रक्षाबंधन के दिन गोरखपुर के हर घर में खुशी का माहौल रहा। भाई-बहन ने साथ समय बिताया, हंसी-मजाक किया और इस दिन को खास बनाया। कई परिवारों में दूर रहने वाले सदस्य भी एक-दूसरे से मिलने पहुंचे, जिससे रिश्तों में और भी मिठास घुल गई। मंदिरों में गूंजे भक्ति के स्वर, भगवान को भी बांधी राखी रक्षाबंधन के मौके पर शहर के मंदिरों में भी खास रौनक देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने भगवान को राखी बांधकर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही और पूरा माहौल भक्ति और श्रद्धा से भर गया। त्योहार पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए। शहर में अतिरिक्त बसें चलाई गईं और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया गया, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा ने भी बहनों की यात्रा को आसान बना दिया। प्यार, भरोसा और आस्था का संदेश रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। यह त्योहार हमें एक-दूसरे के साथ खड़े रहने, प्यार बांटने और रिश्तों को मजबूत बनाने का संदेश देता है। गोरखपुर में यह पर्व एक बार फिर खुशियों, विश्वास और अपनापन लेकर आया। 10 तस्वीरें देखिए…
  • रौनाही टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग में 2 गिरफ्तार:3 आरोपी अभी फरार हैं, 4 बस्ती जिले के और एक सिद्धार्थनगर का

    अयोध्या जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों आदर्श सिंह और दीपेश तिवारी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 25-26 अगस्त की रात बिना नंबर की काली थार गाड़ी से पांच लोग लखनऊ की तरफ से बस्ती जा रहे थे। रौनाही टोल प्लाजा पहुंचने पर आरोपियों ने बैरियर तोड़ दिया। टोल कर्मचारियों ने जब गाड़ी को रोककर टोल टैक्स मांगा तो विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपियों में से एक व्यक्ति ने तमंचे से गोली चला दी। गोली टोल प्लाजा पर मौजूद सुफियान नाम के व्यक्ति को लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काली थार भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल चार आरोपी बस्ती जनपद और एक आरोपी सिद्धार्थनगर का रहने वाला है। फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।