Category: up

  • Moradabad News: रक्षाबंधन पर राखी बंधवाकर लौट रहा परिवार नदी में गिरा, महिला की मौत… 3 का रेस्क्यू

    Moradabad News: मुरादाबाद में रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक हादसा हुआ. ससुराल से राखी बंधवाकर लौट रहा एक परिवार गांगन नदी में हादसे का शिकार हो गया. अस्थाई पुल से उतरते समय बाइक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में जा गिरी. हादसे में पति और दो बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि महिला और उसका 2 साल का बेटा तेज बहाव में बह गए. करीब तीन घंटे की तलाश के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मासूम बच्चे की तलाश अभी जारी है.

    अस्थाई पुल से उतरते ही बिगड़ा बाइक का संतुलन

    पाकबड़ा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी अनिल जाटव अपनी पत्नी किरण और तीन बच्चों प्रियांशु, काफिया और केशव के साथ रक्षाबंधन पर कुंदरकी के नानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे. राखी बंधवाने के बाद पूरा परिवार बाइक से घर लौट रहा था. शाम करीब 6 बजे परिवार गांगनपुर से मलगद्दा जाने वाले रास्ते पर पहुंचा. मझोला इलाके में गांगन नदी पर बने अस्थाई पुल को पार करने के बाद ढलान पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते बाइक नदी के गहरे पानी में जा गिरी.

    ये भी पढे़ं-

    चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव

    बाइक नदी में गिरते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से अनिल जाटव और उनके दो बच्चों प्रियांशु व काफिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, अनिल की पत्नी किरण और उनका 2 साल का बेटा केशव तेज बहाव में बह गए. इसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई.

    3 घंटे बाद नदी से मिली महिला

    हादसे की सूचना मिलते ही मंझोला पुलिस और खदाना चौकी की टीम मौके पर पहुंची. करीब 20 से 25 स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर महिला और बच्चे की तलाश शुरू की. लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने किरण को नदी से बाहर निकाल लिया. उनकी हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

    2 साल के केशव की तलाश जारी

    किरण के मिलने के बाद अब पूरा फोकस 2 साल के मासूम केशव को तलाशने पर है. तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद राहत एवं बचाव टीम ने तलाशी अभियान जारी रखा है. हादसे की सूचना के बाद 23 बटालियन PAC का बाढ़ राहत दल भी मौके पर पहुंचा. PAC की 9 सदस्यीय टीम ने नदी में नाव उतारकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. PAC टीम के प्रभारी मोहित सांगवान के मुताबिक, स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर नदी के अलग-अलग हिस्सों में बच्चे की तलाश की जा रही है.

    रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं

    रक्षाबंधन पर परिवार के साथ खुशियां मनाकर लौट रहे अनिल के परिवार के लिए यह हादसा बड़ी त्रासदी बन गया. एक तरफ पत्नी की मौत का दुख है तो दूसरी ओर 2 साल के मासूम बेटे के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है. फिलहाल पुलिस और राहत दल की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं.

  • मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा ढहा, जोरदार धमाके से दहशत:प्रयागराज में पीछे चल रहा था निर्माण, नींव के लिए खोदा गया था गड्‌ढा

    प्रयागराज के जार्जटाउन में स्वामीनारायण मंदिर परिसर में शुक्रवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर पीछे खोदे गए विशाल गड्ढे में जा गिरा। हिस्सा गिरने के दौरान तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। बताया जा रहा है कि स्वामीनारायण मंदिर के पीछे निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के लिए वहां काफी गहरा और बड़ा गड्ढा खोदा गया था। इसी दौरान मंदिर के पिछले हिस्से की जमीन खिसकने लगी और देखते ही देखते तीन मंजिला हिस्सा ढहकर उसी गड्ढे में समा गया।
    हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों और दुकानों से लोग बाहर निकल आए। इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
    मंदिर के ठीक पीछे विशाल गड्ढा खोदे जाने और उसके किनारे मौजूद पुराने भवन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माण के लिए की गई खुदाई के कारण मिट्टी खिसकने से मंदिर के हिस्से पर दबाव पड़ा और वह ढह गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
    घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी जानकारी दी गई। जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
    जनहानि की स्थिति जांच के बाद होगी स्पष्ट
    हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी स्थिति फिलहाल आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। जार्जटाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। जिस वक्त हादसा हुआ, वहां कोई नहीं था। गड्ढा कई साल पहले खोदा गया था। आशंका है कि बारिश में मिट्‌टी के कटान से ही मंदिर का यह हिस्सा ढह गया।
  • लेटे हनुमान जी को बांधी गई श्री-राम नाम की राखी:प्रयागराज के संगम के मंदिरों में रही रक्षाबंधन की धूम, भव्य श्रृंगार और आरती हुई

    रक्षाबंधन के पावन पर्व पर संगम स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर में भगवान श्री बड़े हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को भी रक्षाबंधन की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह और शाम की आरती विशेष रूप से रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए भव्य तरीके से संपन्न हुई। इस अवसर पर श्री बड़े हनुमान जी के हाथों में श्रीराम नाम लिखी विशेष राखी बांधी गई। मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के बीच बड़े धूमधाम से रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। भव्य श्रृंगार, विशेष सजावट और आरती के दौरान मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय नजर आया और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस विशेष आयोजन का आनंद लिया। देखें VIDEO……..
  • ‘ससुराल के लिए एक डिब्बा ही मिठाई लिए’… रास्ते में पत्नी ने टोंका, गुस्से में पति ने अपनी बाइक में लगा दी आग- Video

    Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पति-पत्नी के बीच छोटी सी बात को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने गुस्से में अपनी बाइक को ही आग के हवाले कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि परिवार रक्षाबंधन पर ससुराल जा रहा था. रास्ते में मिठाई और कोल्ड ड्रिंक खरीदने को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई. इसके बाद पति ने सड़क किनारे बाइक रोककर उसमें आग लगा दी. बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई.

    मिठाई खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद

    मामला नांगल सोती क्षेत्र के दहीरपुर गांव का है. जटपुरा निवासी बबलू सैनी रक्षाबंधन के मौके पर पत्नी और बच्चों के साथ कोट सराय स्थित अपनी ससुराल जा रहा था. रास्ते में पत्नी ने अपने मायके वालों के लिए दो डिब्बे मिठाई और कोल्ड ड्रिंक की बड़ी बोतल खरीदने के लिए कहा. बताया जा रहा है कि बबलू ने दो की जगह केवल एक डिब्बा मिठाई खरीदा. इसी बात को लेकर पत्नी ने नाराजगी जताई और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

    –

    गुस्से में सड़क किनारे रोक दी बाइक

    पत्नी से विवाद के बाद बबलू काफी गुस्से में आ गया. दहीरपुर गांव में पंचायत घर के पास उसने सड़क किनारे अपनी अपाचे मोटरसाइकिल रोक दी. इसके बाद गुस्से में उसने बाइक में आग लगा दी. कुछ ही देर में बाइक से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते मोटरसाइकिल धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह राख हो गई.

    बच्चों और पत्नी के सामने बाइक हुई खाक

    जिस समय बबलू ने बाइक में आग लगाई, उस दौरान उसकी पत्नी और बच्चे भी उसके साथ मौजूद थे. अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चे काफी सहम गए. आग लगने के बाद बबलू बाइक को वहीं छोड़कर पैदल ही आगे चल दिया. उसके पीछे पत्नी और बच्चे भी पैदल चलने लगे. घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने जलती हुई बाइक का वीडियो बना लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

    सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

    बाइक में आग लगाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में आ गई. वीडियो में सड़क किनारे बाइक जलती हुई दिखाई दे रही है. आसपास मौजूद लोग घटना को देखते नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई या बाइक में आग लगाने के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. शुरुआती तौर पर घटना को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.

  • कुशीनगर में 7 पुलिसकर्मियों के तबादले:बालू तस्करी मामले में चर्चा में आए चौकी प्रभारी भी हटाए गए

    कुशीनगर एसपी केशव कुमार ने शुक्रवार देर शाम पुलिस विभाग में फेरबदल किया। उन्होंने 7 पुलिसकर्मियों का तबादला किया है। इनमें बहादुरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शशांक राय भी शामिल हैं। उन्हें चौकी प्रभारी के पद से हटाकर थाना तुर्कपट्टी भेजा गया है। बालू तस्करी रोकने के दौरान हुए थे घायल शशांक राय हाल ही में बालू तस्करी रोकने के मामले में चर्चा में आए थे। चेकिंग के दौरान बालू लदे ट्रक को रोकने की कोशिश की गई थी। इस दौरान ट्रक चालक ने एक पुलिसकर्मी को कुचल दिया था। हादसे में शशांक राय भी घायल हुए थे। उन्होंने ही मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। तबादले की वजह जनहित और प्रशासनिक हित घटना के बाद अब शशांक राय का बहादुरपुर चौकी से तबादला किया गया है। हालांकि, पुलिस के तबादला आदेश में बालू तस्करी के मामले को वजह नहीं बताया गया है। आदेश में तबादले की वजह जनहित और प्रशासनिक हित बताई गई है। इन पुलिसकर्मियों का भी तबादला हेड कांस्टेबल विष्णुदत्त यादव और अभय शंकर पांडेय को थाना तमकुहीराज से पुलिस लाइन भेजा गया है। कांस्टेबल शशिकांत चौधरी को अहिरौली बाजार से पुलिस लाइन भेजा गया है। कांस्टेबल यशवंत यादव को कोतवाली पडरौना से पुलिस लाइन और रविंशंकर तिवारी को पटहेरवा से पुलिस लाइन भेजा गया है। महिला कांस्टेबल अनु पांडेय को पटहेरवा से थाना खड्डा भेजा गया है। पुलिस विभाग ने सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
  • मेरठ में युवक को चाकू से गोदकर गोली मारकर हत्या:घर से बाजार जाते वक्त रास्ते में आए हमलावर, मौके पर ही तोड़ा दम

    मेरठ के सरुरपुर थानाक्षेत्र के डाहर गांव में शुक्रवार रात 9 बजे युवक की चाकू से गोदकर, गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेराह बीच सड़क अज्ञात हमलावर आए और युवक को चाकू से गोदकर उसका गला रेत दिया। इतने पर भी हमलावरों को शांति नहीं मिली तो उन्होंने युवक को गोलियां मारी। मौके पर ही युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। वहीं फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर आसपास के लोग पहुंचे और खून देखने के बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस के साथ ही युवक के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। एसपी देहात अभिजीत भी मौके पर पहुंचे हैं और घटना की जांच कर रहे हैं।
  • बारिश के कारण 29 अगस्त को सभी स्कूल बंद:छात्रों की छुट्टी, शिक्षक-कर्मचारी पहुंचेंगे स्कूल

    चित्रकूट में बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने 29 अगस्त को सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश शुक्रवार को बीएसए रंजन शुक्ला ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देश पर जारी किया। आदेश नगर क्षेत्र के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों पर लागू होगा। जलभराव से आवागमन में परेशानी बारिश के कारण नगर क्षेत्र के कई रास्तों और निचले इलाकों में पानी भर गया है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। शिक्षक और कर्मचारी स्कूल आएंगे 29 अगस्त को छात्रों की छुट्टी रहेगी। हालांकि, स्कूलों में तैनात शिक्षक और अन्य कर्मचारी अपने तय समय पर विद्यालय पहुंचेंगे। वे स्कूल में विभागीय और सरकारी काम पूरे करेंगे। बीएसए ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों और छात्रों तक अवकाश की जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। बारिश से बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर चित्रकूट में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इससे नदी और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर रख रहा है। जरूरत पड़ी तो आगे भी लिया जा सकता है फैसला अधिकारियों के अनुसार छात्रों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है। मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर आगे भी स्कूलों को लेकर फैसला लिया जा सकता है।
  • कानपुर पुलिस का अभियान बेअसर, चाइनीज मांझे का कहर:गंगापुल पर ट्रैवल्स संचालक का मांझे से गाल-गले में 8 टांके, मां भी घायल

    कानपुर में जाजमऊ थाना क्षेत्र के गंगापुल पर शुक्रवार शाम 7 बजे चाइनीज मांझे की चपेट में आने से ट्रैवल एजेंसी संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझा हेलमेट का शीशा खुला होने के कारण सीधे उसके गले और गाल में जा फंसा। हादसे में उसके आठ टांके लगे, जबकि बाइक पर बैठी उसकी मां भी मामूली रूप से घायल हो गईं। श्याम नगर के ए-ब्लॉक निवासी वरुण सिंह ट्रैवल एजेंसी संचालक हैं। रक्षाबंधन पर वह अपनी मां सरोज सिंह को लेकर उन्नाव के सोहरामऊ स्थित मामा कृष्णपाल सिंह के घर राखी बंधवाने गए थे। शाम को दोनों बाइक से कानपुर लौट रहे थे। जाजमऊ गंगापुल पर पहुंचते ही अचानक चाइनीज मांझा वरुण के गले और गाल में फंस गया। मांझे से कट लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में वरुण के गले और गाल से खून निकलने लगा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान घायल के आठ टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए। हादसे में वरुण की मां सरोज सिंह को भी मामूली चोटें आईं। हाल में हुई घटनाएं जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
  • रक्षाबंधन पर दो दिवसीय ऐतिहासिक दंगल शुरू:200 पहलवान दांव आजमाने लखनऊ आए, विजेता को मिलेंगे नकद ₹51 हजार

    लखनऊ में रक्षाबंधन पर 139 साल पुराना ऐतिहासिक दो दिवसीय दंगल शुक्रवार से शुरू हो गया। हर बार की तरह इस बार भी इसमें देशभर से 200 से ज्यादा पहलवान दांव आजमाने पहुंचे हैं। कैंट स्थित हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज के ग्राउंड में अखाड़ा बना हुआ है। रक्षाबंधन के दिन शाम 6:00 बजे शुरू हुई कुश्ती रात्रि 8:00 बजे तक चली। पहले दिन यूपी के अलग-अलग हिस्सों से पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी दी। अंतिम विजेता को को 51 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। अखिल भारतीय मस्ता पहलवान गुरुजी श्रीरामचंद्र स्मारक इसका आयोजन करा रहा है। यहां के दंगल में लड़ने वाले पहलवान नेशनल लेवल के गेम्स तक अपनी बाजुओं का दम दिखाने पहुंचे। आयोजकों का कहना है कि संसाधनों का अभाव है, अन्यथा आज भी यहां से टैलेंट निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें। कई राज्यों के पहलवान हुए शामिल दंगल प्रबंधक विकास चंद्र यादव ने बताया कि इस दंगल में 200 पहलवान जोर-आजमाइश कर रहे हैं। इसमें यूपी के विभिन्न जनपदों के साथ अलावा दिल्ली के गुरु हनुमान अखाड़ा और छत्रसाल स्टेडियम के कुश्ती प्रशिक्षु, हरियाणा के मनका अखाड़ा और पंजाब के दुष्यंत अखाड़े के पहलवानों दो-दो हाथ करने आए हैं। विकास यादव ने बताया कि हर वर्ष रक्षाबंधन पर्व पर इसका आयोजन होता है। तमाम पहलवानों को इस कुश्ती का शिद्दत से इंतजार रहता है। ‘मेडल आने से खिलाड़ियों को मिलता है हौसला’ दंगल में आए 71 वर्षीय सियाराम ने बताया कि 1984 से लगातार इसमें शामिल हो रहे हैं। 20 सालों तक लगातार इसी मैदान में उन्होंने दंगल लड़ा। कुश्ती का खेल आगे बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल आने के बाद खिलाड़ियों में और अधिक जोश बढ़ता है। यह हिंदुस्तान का पारंपरिक खेल है जिसे और बढ़ावा देने की जरूरत है। जब अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में मेडल आता है तो इससे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है और देश को एक नई पहचान मिलती है।
  • प्रेमी-प्रेमिका ने जहर खाकर सुसाइड की कोशिश की:युवक पर रेप का आरोप लगाया, दोनों जिला अस्पताल में भर्ती

    संभल में चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रेमी-प्रेमिका ने जहर खा लिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 16 साल की नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी पर रेप का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सामने आई। पुलिस का कहना है अभी शिकायत नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दोनों की हालत ठीक है। गुरुवार को घर से निकली थी लड़की परिजनों के अनुसार, लड़की गुरुवार दोपहर घर से बिना बताए प्रेमी से मिलने चली गई थी। शाम 6 बजे तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार रात करीब 10 बजे उसकी मां ने चंदौसी कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सुबह आने को कहा। इसके बाद परिवार और पुलिस रातभर लड़की की तलाश करते रहे। 6 महीने पहले शुरू हुआ था प्रेम-प्रसंग बताया गया लड़का और लड़की दोनों दलित समुदाय से हैं। दोनों अलग-अलग जातियों से हैं। इसी वजह से लड़के का परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था। करीब 6 महीने पहले दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच अफेयर हो गया। अस्पताल में लगाए दुष्कर्म के आरोप लड़की की मां के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक पुलिसकर्मी ने फोन कर उन्हें सरकारी अस्पताल बुलाया। वहां उनकी बेटी ने बताया- प्रेमी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। लड़की ने आरोप लगाया कि प्रेमी ने उसके साथ रेप किया और इसके बाद उसे जहर खिला दिया। खुद भी जहर खा लिया। पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया- अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। दोनों के बीच अफेयर की बात सामने आई है। दोनों ने जहर खाया है। दोनों की हालत सामान्य है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।